हर कोई चाहता है कि उनकी स्किन हमेशा साफ, निखरी हुई और ग्लोइंग नजर आए. इसके लिए लोग तमाम तरह के जतन करते हैं. कोई महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करता है, तो कोई कई तरह के घरेलू नुस्खे आजकर देखता है. इन्हीं नुस्खों में से एक है चावल के पानी का इस्तेमाल. राइस वाटर को स्किन के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है. इसी को लेकर मशहूर आयुर्वेदिक डॉक्टर सलीम जैदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में डॉक्टर जैदी ने चेहरे पर चावल का पानी लगाने के फायदे और सही तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
चेहरे पर चावल का पानी लगाने से क्या होता है?
डॉक्टर सलीम जैदी के मुताबिक, चावल के पानी में कुछ ऐसे कंपाउंड पाए जाते हैं, जो आपकी स्किन को कई फायदे पहुंचा सकते हैं. जैसे इसमें कोजिक एसिड, फेरुलिक एसिड और इनोसिटोल अच्छी मात्रा में होते हैं. ये कंपाउंड त्वचा को हाइड्रेट रखने, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने और डलनेस को कम करने में मदद कर सकते हैं. साथ ही इनसे पिगमेंटेशन और एजिंग के लक्षणों को कम करने में भी मदद मिल सकती है.
चेहरे पर चावल का पानी कैसे लगाएं?एक्सपर्ट कहते हैं, आप घर पर ही राइस वाटर टोनर तैयार कर सकते हैं. इसके लिए आधा कप चावल लेकर इन्हें दो कप पानी में भिगोकर रख दें. बीच-बीच में चावल को हल्का चलाते रहें. 30 से 40 मिनट बाद इस पानी को छान लें. बस इतना करते ही आपको राइस वाटर टोनर बनकर तैयार हो जाएगा.
इसे कॉटन पैड की मदद से साफ चेहरे पर लगाएं. एक्सपर्ट दिन में दो बार चेहरे पर चावल का ये पानी लगाने की सलाह देते हैं. ज्यादा बेहतर नतीजों के लिए आप फर्मेंटेड राइस वाटर का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए पानी में चावलों को भिगोकर 24 से 48 घंटों के लिए छोड़ सकते हैं. इसके बाद पानी को छानकर अलग कर लें.
डॉक्टर जैदी बताते हैं, इस तरह फर्मेंटेड करने से चावल के पानी में लैक्टिक एसिड की मात्रा भी बढ़ जाती है. लैक्टिक एसिड स्किन पर हल्के एक्सफोलिएंट की तरह काम करता है. ये डेड स्किन सेल्स को साफ करने में मदद करता है, जिससे चेहरा और ज्यादा साफ और चमकदार नजर आ सकता है.
डार्क स्पॉट्स के लिए बनाएं चावल के आटे का मास्कवहीं, अगर आपके चेहरे पर डार्क स्पॉट्स हैं, तो आप चावल के आटे से मास्क बनाकर लगा सकते हैं. इसके लिए चावल के आटे में थोड़ा शहद और कुछ बूंद नींबू का रस मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें. इसे 15 से 20 मिनट तक चेहरे पर लगाकर रखें और फिर साफ पानी से धो लें. हालांकि, अगर आपकी स्किन बहुत सेंसिटिव है, तो आप नींबू की जगह गुलाब जल का इस्तेमाल कर सकते हैं.
डॉक्टर जैदी कहते हैं कि इन नुस्खों को आजमाने से आपको कुछ ही दिनों में कमाल के नतीजे देखने को मिल सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं