छोटे बच्चे की देखभाल को लेकर माता-पिता के मन में कई सवाल होते हैं. इन्हीं सवालों में से एक है कि बच्चे के सिर को चपटा होने से कैसे बचाया जा सकता है. दरअसल, जन्म के बाद शिशु के सिर की हड्डियां बहुत नरम होती हैं. ऐसे में अगर बच्चा लंबे समय तक एक ही तरफ सिर करके या पीठ के बल लेटा रहता है, तो कई बार उसके सिर का पिछला हिस्सा या एक तरफ का हिस्सा चपटा दिखने लगता है. इसी को लेकर पीडियाट्रिशियन सुमित्रा मीणा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है. अपनी इस पोस्ट में उन्होंने बताया है कि माता-पिता कैसे अपने बच्चे के सिर को चपटा होने से बचा सकते हैं. आइए जानते हैं एक्सपर्ट की राय-
इन 5 बातों पर दें ध्यान
नंबर 1- बच्चे को रोज कराएं टमी टाइमटमी टाइम का मतलब है बच्चे को जागते समय कुछ देर पेट के बल लिटाना. पीडियाट्रिशियन बताती हैं, इससे बच्चे की गर्दन, कंधे और हाथों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं. साथ ही, सिर के पिछले हिस्से पर लगातार दबाव नहीं पड़ता है. इसके लिए बच्चे को किसी साफ और समतल जगह पर पेट के बल लिटाएं. शुरुआत में कुछ मिनट से शुरू करें और धीरे-धीरे समय बढ़ाएं. इस दौरान बच्चे के पास रहें और उस पर नजर रखें. ध्यान रखें कि आपको बच्चे को पेट के बल सिर्फ जागते समय और अपनी निगरानी में ही लिटाना है.
नंबर 2- सोते समय सिर की पोजीशन बदलते रहेंअगर बच्चा हमेशा एक ही तरफ सिर करके सोता है, तो इसके सिर का एक हिस्सा चपटा हो सकता है. ऐसे में सोते समय थोड़ी-थोड़ी देर के लिए बच्चे के सिर की पोजीशन को चेंज करते रहें. आपको बच्चे को सोने के लिए हमेशा पीठ के बल ही लिटाना है, बस आप थोड़ी देर के लिए सावधानी से सिर की पोजीशन को चेंज कर सकते हैं.
नंबर 3- कार सीट या झूले में ज्यादा देर न लिटाएंबच्चे को लंबे समय तक कार सीट, झूले या बाउंसर में लिटाकर न रखें, इससे भी उसके सिर के पिछले हिस्से पर दबाव पड़ सकता है. सफर पूरा होने के बाद आप बच्चे को कार सीट से निकालकर गोद में उठा सकते हैं.
नंबर 4- बच्चे को ज्यादा से ज्यादा गोद में लें
बच्चे को गोद में लेने से उसके सिर के पिछले हिस्से पर दबाव कम होता है. ऐसे में आप जितना हो सके, बच्चे को अपनी गोद में रख सकते हैं. इससे बच्चा आराम भी महसूस करता है और माता-पिता के साथ उसका जुड़ाव भी बढ़ता है. बस बच्चे को गोद में लेते समय उसकी गर्दन और सिर को सहारा देना न भूलें.
नंबर 5- बच्चे को दोनों तरफ दिखाने की कोशिश करेंइन सब से अलग पीडियाट्रिशियन कहती हैं, अगर बच्चा हमेशा एक ही तरफ देखता है, तो उसे दूसरी तरफ देखने के लिए भी प्रेरित करें. इसके लिए जागते समय आप बच्चे की दूसरी तरह खिलौने रख सकते हैं या आप खुद दूसरी तरफ जाकर बच्चे से बात कर सकते हैं. इससे बच्चा अपनी गर्दन दोनों तरफ घुमाने की कोशिश करेगा. इससे उसकी गर्दन की मांसपेशियां मजबूत होंगी और सिर के एक ही हिस्से पर ज्यादा दबाव भी नहीं पड़ेगा.
इस तरह कुछ छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप बच्चे के सिर को चपटा होने से बचा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- बच्चे को बोतल से दूध कब तक पिलाना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें बच्चे की बोतल को कैसे छुड़ाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं