बंगाल पॉर्न रैकेट मामला: बेटा गिरफ्तार, बेटी हिरासत में, मुख्‍य आरोपी श्वेता खान की तलाश जारी

पिछले हफ्ते चौंकाने वाली घटना तब सामने आई जब उत्तर 24 परगना के पानीहाटी इलाके की 22 वर्षीय एक महिला मां-बेटे के चंगुल से भागने में सफल रही.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कोलकाता:

पश्चिम बंगाल पुलिस ने बुधवार को हावड़ा सेक्स और पोर्नोग्राफिक फिल्म रैकेट के मुख्य आरोपियों में से एक अरियान खान को दक्षिण कोलकाता के गोल्फ ग्रीन इलाके में एक ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया. एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी. पुलिस ने कहा कि अरियान के अलावा उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया गया है. अधिकारी ने बताया कि अरियान को पांच दिनों तक फरार रहने के बाद गिरफ्तार किया गया. उन्होंने कहा कि उसकी मां और मामले की मुख्य आरोपी श्वेता खान उर्फ ​​फुलटूसी अब भी फरार है.  

बेटे से जारी है पूछताछ 

हावड़ा के पुलिस कमिश्‍नर प्रवीण त्रिपाठी ने मीडिया को, 'हमने गोल्फ ग्रीन में एक आवास से अरियान को गिरफ्तार किया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. हम कुछ समय में अपनी जांच का विवरण आपके साथ साझा करेंगे.' इससे पहले हावड़ा सिटी पुलिस ने श्वेता की मां को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था. श्वेता की सबसे छोटी बेटी तीन साल की है जिसे पुलिस ने कोलकाता में एक अज्ञात व्यक्ति के घर से छुड़ाया है.

पिछले हफ्ते चौंकाने वाली घटना तब सामने आई जब उत्तर 24 परगना के पानीहाटी इलाके की 22 वर्षीय एक महिला मां-बेटे के चंगुल से भागने में सफल रही. बताया गया कि उन दोनों ने उस महिला को पिछले छह महीनों से हावड़ा के डोमजूर में अपने बांकरा-फकीरपारा फ्लैट में बंधक बनाकर रखा था. पोर्नोग्राफी शूट करने और बार डांसर के रूप में काम करने के लिए राजी न होने पर उसे बेरहमी से प्रताड़ित किया गया था. 

नौकरी के बहाने किया प्रताड़‍ित 

बताया जा रहा है कि अरियान ने उसे अपनी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में नौकरी देने के बहाने अपने डोमजूर निवास पर बुलाया था. इसकी पुलिस ने अब पुष्टि की है कि यह एक फर्जी संस्था है और मां-बेटे द्वारा चलाए जा रहे रैकेट का मुखौटा है.  पीड़िता का वर्तमान में सरकारी सागर दत्ता अस्पताल की क्रिटिकल केयर यूनिट में इलाज चल रहा है. उसके सिर, हाथ पैरों और भीतरी अंगों पर गंभीर चोटें हैं. 

वेश्‍यावृत्ति के लिए करते मजबूर 

मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए राष्‍ट्रीय महिला आयोग ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी को पत्र लिखकर अगले 48 घंटों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है. साथ ही राज्य के अधिकारियों को पीड़िता को मुफ्त चिकित्सा देखभाल और मनोवैज्ञानिक परामर्श प्रदान करने का निर्देश दिया है. बताया जाता है कि मंगलवार शाम से अपनी बेटी की हालत बिगड़ने की खबरों के बाद उसकी मां ने न्याय की मांग करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है. सूत्रों ने बताया कि श्वेता खान ने अपने बेटे अरियान खान के साथ मिलकर एक प्रोडक्शन हाउस , इसारा एंटरटेनमेंट – शुरू किया है.  आरोपी इलाके में ‘प्रभावशाली' थे और पड़ोसियों का आरोप है कि वे महिलाओं को वेश्यावृत्ति के लिए भी मजबूर करते थे. 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Rahul Gandhi के गद्दार वाले बयान पर देशभर में BJP करेगी प्रदर्शन | Ravneet Bittu |Parliament Session