Oracle Mass Layoff: दिग्गज आईटी कंपनी Oracle ने करीब 30 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है. इसमें भारत के करीब 12 हजार लोग शामिल हैं. कंपनी के इस बड़े कदम के बाद छंटनी में बाहर हुए कई कर्मचारी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं, जिनमें कोई अपनी लंबी नौकरी का जिक्र कर रहा है तो किसी के सामने संकट खड़ा हो चुका है कि वो अब क्या करें. बताया जा रहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के चलते इन हजारों लोगों को नौकरी से हाथ धोना पड़ा है. इसी बीच परप्लेक्सिटी (Perplexity) AI के CEO का एक बयान चर्चा में आया है, जिसमें उन्होंने बताया है कि नौकरी जाने के बाद क्या कर सकते हैं.
Perplexity के सीईओ ने दी ये सलाह
एआई स्टार्टअप 'परप्लेक्सिटी' के सीईओ अरविंद श्रीनिवास ने नौकरी गंवाने वाले लोगों को खुद का बिजनेस शुरू करने की सलाह दी है, जिसने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है. श्रीनिवास का कहना है कि एआई टूल्स की मदद से लोग नए स्किल सीख सकते हैं और खुद की कमाई का एक जरिया बना सकते हैं. उनका कहना है कि निकाले गए लोगों को इसे एक मौके की तरह देखना चाहिए.
नौकरी से खुश नहीं हैं कई लोग
एक पॉडकास्ट में बात करते हुए सीईओ अरविंद श्रीनिवास ने कहा कि कई लोग अपनी नौकरी से खुश नहीं होते हैं, ऐसे में नए एआई टूल्स उन्हें छोटे बिजनेस खड़े करने में मदद कर सकते हैं. ऐसे लोगों के लिए ये एक बड़े मौके की तरह है. एआई से नौकरियों के खतरे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही शुरुआत में कुछ समय के लिए लोगों को अपनी नौकरियों से हाथ धोना पड़े, लेकिन लोगों को एआई से पैदा होने वाली लंबे समय की संभावनाओं पर ध्यान देना चाहिए.
बयान के बाद मचा बवाल
ओरेकल में हुई भारी छंटनी के बीच आए परप्लेक्सिटी के सीईओ अरविंद श्रीनिवास के इस बयान पर बवाल मच गया है. लोगों का कहना है कि एक तरफ एआई नौकरियां खा रहा है और लोग नौकरी जाने से काफी परेशान हैं, वहीं दूसरी तरफ एआई कंपनी चलाने वाले श्रीनिवास उन्हें बिजनेस करने की सलाह दे रहे हैं. लोगों का कहना है कि किसी के लिए भी नौकरी जाने के बाद बिजनेस शुरू करना इतना आसान नहीं होता है.
कई लोगों ने किया समर्थन
सोशल मीडिया पर कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने परप्लेक्सिटी के सीईओ अरविंद श्रीनिवास के बयान का समर्थन किया है. उनका कहना है कि इस वक्त पॉजिटिव रहने की जरूरत है और वाकई स्किल सीखकर अच्छे भविष्य की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं. इन लोगों का कहना है कि परप्लेक्सिटी के सीईओ ने सही सलाह दी है, जिसका इस्तेमाल लोग प्रैक्टिकल होकर कर सकते हैं.
अरब देशों में भारतीय कामगार, किस सेक्टर में सबसे ज्यादा लोग, लाखों नौकरियों पर संकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं