विज्ञापन

JPSC परीक्षा धांधली में CID की अब तक की सबसे बड़ी स्ट्राइक; 4 जिलों के 20 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

JPSC Scam Investigation 2026: 14वीं JPSC परीक्षा को लेकर अभ्यर्थी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. आरोप है कि परीक्षा में बड़े स्तर पर धांधली हुई, अब इस मामले को लेकर जांच भी तेज हो चुकी है. सीआईडी की तरफ से ताबड़तोड़ छापेमारी हो रही है.

JPSC परीक्षा धांधली में CID की अब तक की सबसे बड़ी स्ट्राइक; 4 जिलों के 20 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
झारखंड में परीक्षा में धांधली को लेकर बवाल

14वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच अब तेज हो गई है. मामले की जांच कर रही CID ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची, बोकारो, पलामू और हजारीबाग में करीब 20 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई को अब तक की जांच का सबसे बड़ा ऑपरेशन माना जा रहा है. इस मामले को लेकर झारखंड में पिछले कई दिनों से हंगामा चल रहा है और कई अभ्यर्थी धरना प्रदर्शन पर बैठे हैं. इसी बीच छापेमारी का दौर भी लगातार जारी है. 

छापेमारी के दौरान जब्त किए गए सबूत

जानकारी के अनुसार, CID की कई टीमों ने सुबह से ही अलग-अलग जिलों में दबिश देकर परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े संदिग्ध लोगों, बिचौलियों, तकनीकी सहयोगियों और अन्य संबंधित व्यक्तियों के ठिकानों की तलाशी ली. छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं. इनकी फॉरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाया जाएगा कि परीक्षा प्रक्रिया में किस स्तर पर और किस तरह की कथित गड़बड़ी हुई.

सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी पिछले कई दिनों से जुटाए गए इनपुट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई कर रही है. CID का मानना है कि परीक्षा से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए डिजिटल साक्ष्य अहम भूमिका निभाएंगे. जांच के दायरे में परीक्षा संचालन, OMR मूल्यांकन, डेटा प्रोसेसिंग और परिणाम तैयार करने की पूरी प्रक्रिया शामिल है.

कई लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी

गौरतलब है कि इससे पहले भी CID JPSC कार्यालय, परीक्षा से जुड़ी एजेंसी और कई अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है. मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. वहीं, बड़ी संख्या में सफल अभ्यर्थियों से OMR शीट लेकर उसकी भी जांच की जा रही है, ताकि परिणाम में किसी तरह की हेराफेरी की पुष्टि हो सके.

इधर, 14वीं JPSC परीक्षा को रद्द करने और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. छात्र इस पूरे मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं. CID की ताजा कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि जांच अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच रही है. अगर छापेमारी में मिले डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्य जांच एजेंसी के दावों की पुष्टि करते हैं, तो आने वाले दिनों में कई और बड़े नाम जांच के दायरे में आ सकते हैं. 

ये भी पढ़ें - कर्नाटक पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में जमकर हंगामा, OMR शीट को लेकर फैली थी अफवाह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
JPSC Exam News, JPSC Exam Protest, JPSC CID Raid
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com