गिरिडीह जिले में हृदय विदारक घटना घटी है. यहां एक साथ पति और पत्नी की मौत हो गई है. दोनों की मौत कुएं के गहरे पानी में डूबने से हुई है. घटना जिले के गांडेय थाना इलाके के गोविन्दपुर की है. मृतकों में राजेंद्र मुर्मू और उसकी पत्नी पार्वती देवी शामिल है. मिली जानकारी के अनुसार पार्वती देवी घर के कुएं में पानी भरने गई थी. अभी वह बाल्टी को कुएं में डाला और वापस बाल्टी को खींच रही थी. इसी दौरान उसका पांव फिसल गया. पांव फिसलते ही वह कुएं में जा गिरी. पत्नी को कुएं में गिरता देख पति राजेंद्र मुर्मू ने भी देरी छलांग लगा दी. चूंकि कुआं में पानी अधिक था और कुएं की गहराई भी अधिक है ऐसे में दोनों उसी में डूब गए.
घटना के बाद घर के अन्य सदस्यों ने शोर मचाया. जानकारी जब आस - पड़ोस के लोगों को लगी तो लोग दौड़ उठे. ग्रामीणों का जुटान हुआ. ग्रामीणों के प्रयास से दोनों को बाहर निकाला भी गया लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद परिजनों के साथ-साथ गांव के लोग मातम में हैं.
मृतकों के दो बच्चे
इधर बताया गया कि राजेंद्र और पार्वती के दो बच्चे हैं. एक का नाम 6 वर्षीय रसीका मुर्मू और चार वर्षीय अंशु मुर्मू है. घटना के बाद से दोनों के सिर से माता - पिता का साया उठ गया है. अब दोनों बच्चों की जिम्मेदारी दादा मखन लाल मुर्मू और दादी पर आन पड़ी है. मृतक राजेंद्र के पिता मखन लाल ने भी बताया कि उसके पुत्र और बहू की मौत कुएं में डूबने से हो गई.इधर घटना के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा किया. इसके बाद दोनों के शव को सदर अस्पताल भेजा गया. सदर अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतबाहन उरांव ने घटना की पुष्टि की है. बताया है कि राजेंद्र मुर्मू और उसकी पत्नी पार्वती देवी की मौत कुएं में डूबने से होने की बात सामने आयी है. दोनों के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है. आगे मामले की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ेंः गिरिडीह में रामनवमी की धूम, 700 से अधिक स्थानों पर निकला जुलूस, छतों पर ड्रोन और जमीन पर तैनात रही पुलिस














