झारखंड में विगत कुछ दिनों से सरकारी कोष में घोटाले का मु्द्दा चर्चा में है. बोकारो और हजारीबाग में ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. अब झारखंड में रांची जिले से भी ऐसे ही एक घोटाले की जानकारी सामने आई है. वहां पशुपालन विभाग के एक अकाउंटेंट को सरकारी खजाने से 6 करोड़ रुपये की हेराफेरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. सरकारी खजाने में घोटालों के इन आरोपों को झारखंड सरकार ने गंभीर बताते हुए जांच तेज कर दी है.
रांची की कोतवाली पुलिस थाने के थानाधिकारी सनोज चौधरी ने बताया कि पुलिस ने बताया कि पशुपालन विभाग के आरोपी अकाउंटेंट के खिलाफ मंगलवार, 14 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया था. इसके अगले दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. थानाधिकारी सनोज चौधरी ने कहा, "लेखाकार रांची के कांके स्थित पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान से जुड़ा था और उस पर वेतन खातों में हेराफेरी करने का आरोप है."
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ने वेतन बिलों में हेराफेरी कर अपना वेतन ज़्यादा दिखाया. यह राशि वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2025-26 के बीच निकाली गई.
बोकारो और हजारीबाग में भी हुए घोटाले
हाल ही में बोकारो में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के में वेतन खाते से कथित तौर पर 6 करोड़ रुपये से अधिक की निकासी का मामला सामने आया था. इस मामले में पुलिस विभाग के एक अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर लिया गया है. राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने इस मामले के बाद राज्यव्यापी जांच के आदेश दिए थे.
इसके बाद हजारीबाग में भी एसपी कार्यालय के सरकारी खजाने में ऐसे ही घोटाले की जानकारी आई और वहां पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों के अनुसार यह कथित घोटाला अब बढ़कर 28 करोड़ रुपये का हो गया है.
सीएम हेमंत सोरेन ने बताया गंभीर
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरकारी खजाने से फर्जी वेतन निकासी के आरोपों को गंभीर बताते हुए कहा है कि इस बारे में विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. सोरेन ने बुधवार, 15 अप्रैल को कैबिनेट मीटिंग के बाद पत्रकारों से कहा, "यह बात सामने आई है कि कुछ निकासी गलत तरीके से की गई हैं और अनियमितताएं पाई गई हैं. सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है. कई लोगों की पहचान पहले ही कर ली गई है."
ये भी पढ़ें-: क्या है झारखंड ट्रेजरी घोटाला? BJP-JMM के बीच जुबानी जंग, झामुमो बोली- ये रघुवर सरकार की देन














