जम्मू-कश्मीर: बिजली गिरने से पुंछ में पावर ग्रिड स्टेशन में लगी भीषण आग, आसमान में दूर से दिखा धुएं का गुबार

पावर ग्रिड पर बिजली गिरने से भीषण आग लग गई. जिसके बाद आसमान में ऊंचा-ऊंचा धुएं के गुबार उठता दिखाई दिया. गनीमत की बात रही कि इस घटना में किसी के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बिजली गिरने से पुंछ में पावर ग्रिड स्टेशन क्षतिग्रस्त

जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में बीते कई दिनों से बादल गरजने के साथ बारिश का दौर जारी है. कुछ हिस्सों में बर्फबारी भी हो रही है. लगातार बारिश के चलते कहीं-कहीं लैंडस्लाइड की स्थिति आ गई. रियासी जिले में लगातार बारिश से हालात गंभीर हो गए. महौर के जमसालन-भगा क्षेत्र में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण मुख्य सड़क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है. वहीं, अब बारिश के बीच बिजली गिरने से पुंछ जिले में एक पावर ग्रिड स्टेशन भारी नुकसान पहुंचा है.

पुंछ के मंडी इलाके में हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, पावर ग्रिड स्टेशन पर बिजली गिरने की घटना पुंछ के मंडी इलाके के सेक्लू में हुई है. बिजली गिरने से ग्रिड स्टेशन पर भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटनास्थल से धुएं के ऊंचे गुबार उठते देखे गए. जो काफी दूर से ही दिखाई दे रहे थे. वहीं आग की लपटें ग्रिड स्टेशन परिसर के अंदर तेजी से फैल गईं. 

घटना के तुरंत बाद, पुलिस और अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की टीमें स्थिति को काबू करने के लिए मौके पर पहुंचीं. अग्निशमन टीमों ने काफी मशक्कत के बाद बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग को और फैलने से रोक लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना से पावर ग्रिड स्टेशन के बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है.

नुकसान का आकलन कर रहे अधिकारी

हालांकि, नुकसान की सही सीमा और वित्तीय हानि का आकलन संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है. गनीमत की बात रही कि इस घटना में किसी के जानमाल के नुकसान या चोट लगने की कोई खबर नहीं है. अधिकारियों ने घटनास्थल पर सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करते हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है. घटना की आगे की जांच जारी है. (सोहेल डार के इनपुट के साथ)

Advertisement

यह भी पढे़ं-

मौसम फिर से मारेगा पलटी, पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश, जानें IMD का अपडेट

Jammu- Kashmir: रियासी में लैंडस्लाइड से महौर-अरनास मार्ग ठप, मलबे में तब्दील हुईं सड़कें, सैकड़ों राहगीर फंसे

Featured Video Of The Day
Pradeep Gupta Exclusive: बंगाल चुनाव पर प्रदीप गुप्ता का चौंकाने वाला दावा! | Bengal Election 2026