राजपाल यादव को 111 लाख दे रहे राव इंद्रजीत सिंह कौन हैं , इस पर क्यों उठ रहे हैं सवाल

जेम म्यूजिक के प्रमोटर राव इंद्रजीत सिंह ने जेल में बंद अभिनेता राजपाल यादव को एक करोड़ 11 लाख रुपये की मदद की घोषणा की है. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर इस मदद को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. आइए जानते हैं कि राजपाल की मदद करने वाले राव इंद्रजीत सिंह कौन हैं और क्यों उठ रहे हैं सवाल.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
नई दिल्ली:

मशहूर अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस के एक मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं. यह मामला उधार के नौ करोड़ रुपये न लौटा पाने और चेक के बाउंस हो जाने का है. राजपाल ने यह कहते हुए आत्मसमर्पण कर दिया था कि न तो उनके पास चुकाने के लिए पैसे हैं और न ही उनका कोई दोस्त है. यह कहते हुए राजपाल काफी भावुक नजर आए थे. राजपाल के जेल जाते ही उनकी मदद के लिए आगे आने वालों की लाइन लग गई. इसमें फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के साथ-साथ आम लोग भी हैं, जो राजपाल को प्यार करते हैं. उनकी मदद करने वालों की सूची में एक नाम राव इंद्रजीत सिंह का है. उन्होंने एक करोड़ 11 लाख रुपये के मदद की पेशकश की है.राजपाल के मददगारों में उनके नाम ने लोगों को काफी चौंकाया. आइए बताते हैं कि राव इंद्रजीत सिंह कौन हैं और उनका नाम देखकर लोग क्यों चौंके. 

राव इंद्रजीत सिंह ने राजपाल यादव की तारीफ करते हुए उन्हें एक करोड़ 11 लाख रुपये की मदद देने की घोषणा की है. उनका कहना है कि यह मदद जैम ट्यून्स फैमिली की ओर से दी जाएगी. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,''सोशल मीडिया के माध्यम से हमें राजपाल यादव जी की पीड़ा और वेदना के बारे में जानकारी मिली. यह जानकर मन अत्यंत व्यथित हुआ. राजपाल यादव जी न केवल एक महान कलाकार हैं, बल्कि एक अच्छे और सच्चे इंसान भी हैं. ऐसे कठिन और दुखद समय में हम सभी का कर्तव्य बनता है कि हम मानवता के नाते उनके और उनके परिवार के साथ खड़े हों.'' उन्होंने लिखा कि उनकी लीगल टीम इस काम में लग गई है. 

कौन हैं राव इंद्रजीत सिंह

राव इंद्रजीत सिंह उस समय चर्चा में आए थे, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली और हरियाणा में उनके, एक कंपनी और उनके साथियों के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की थी. ये छापे दिल्ली, रोहतक और गुड़गांव में 10 जगहों पर की गई थी. दिल्ली के सर्वप्रिय बिहार स्थित उनके ठिकाने से ईडी ने पांच करोड़ 12 लाख रुपये की नगदी बरामद की थी. इसके अलावा वहां से आठ करोड़ 80 लाख रुपए  मूल्य के हीरे और सोने के गहनों से भरा एक सूटकेस और 35 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात बरामद किए थे. उनके एक ठिकाने से कई लग्जरी गाड़ियां भी मिली थीं. ईडी ने यह कार्रवाई धनशोधन रोकथाम अधिनियम, 2002 के तहत की थी. राव इंद्रजीत के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 15 से अधिक मामले दर्ज हैं. इन्हीं मुकदमों के आधार पर ईडी ने कार्रवाई शुरू की थी. इसके बाद राव इंद्रजीत सिंह का नाम चर्चा में आ गया था. 

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत के साथ राव इंद्रजीत सिंह.

ईडी के छापे से पहले उनका नाम रोहतक के किलोई गांव में फाइनेंसर मंजीत डीघल की दिसंबर 2024 में हुई हत्या में भी सामने आया था. इस हत्याकांड के बाद राव इंद्रजीत सिंह भागकर यूएई पहुंच गया था. इस हत्याकांड के अलावा उनका नाम गुरुग्राम में रोहित शौकीन नाम के एक व्यक्ति हत्या, हरियाणा पुलिस के एएसआई संदीप लाठर की आत्महत्या, यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर हुई गोलीबारी और हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के ऊपर हुए जनलेवा हमले में भी आया था. हरियाणा पुलिस के एएसआई ने अपने अंतिम वीडियो में आरोप लगाया था कि मंजीत डीघल हत्याकांड से इंद्रजीत का नाम हटवाने के लिए आईपीएस वाई पूरन कुमार ने 50 करोड़ की रिश्वत मांगी थी. संदीप की आत्महत्या से पहले पूरन कुमार ने आत्महत्या कर ली थी. 

ये भी पढ़ें: जिस गैंगस्टर राव इंद्रजीत को खोज रही हिंदुस्तान की पुलिस, उसने NDTV से कहा- मैं भारत जरूर लौटूंगा

Advertisement

गैंगेस्टर और म्यूजिक इंडस्ट्री

हरियाणा के रेवाड़ी इलाके का रहने वाले राव इंद्रजीत सिंह अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर बड़े और मशहूर लोगों के साथ अपनी फोटो शेयर करते रहते हैं. राव इंद्रजीत सिंह पर हरियाणा के रोहतक जिले के डीघल और उसके आसपास के गांवों में कैश फाइनेंस का काम करने वाले फाइनेंसरों को संरक्षण देने, वसूली के लिए धमकाने और विवादित लोन के मामलों में दखल देकर उनका सेटलमेंट कराकर मोटा कमीशन कराने जैसे कई आरोप लगते रहे हैं. हालांकि जनवरी में एनडीटीवी को दिए एक इंटरव्यू में राव इंद्रजीत सिंह ने इन सभी आरोपों से इनकार किया था. उन्होंने कहा था कि वो अपने म्यूजिक ब्रैंड से पैसे कमाते हैं. उनका कहना था कि वो दुबई में अपने परिवार के साथ रहते हैं और वैध कामकाज करते हैं. उनका कहना था कि आरोपों का सामना करने के लिए वो भारत जरूर लौटेंगे. 

राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 15 से अधिक मामले दर्ज हैं.

दरअसल इंद्रजीत जेम ट्यून्स नाम से म्यूजिक कंपनी चलाते हैं. वो यूट्यूब पर जेम पंजाबी,जेम हरियाणवी, जेम भोजपुरी और जेम भक्ति के नाम से चैनल चलाते हैं.इस चैनल के लिए गाना गाने वालों में हरियाणा-पंजाब के मशहूर गायकों के साथ-साथ भोजपुरी के सुपर स्टार खेसारी लाल यादव भी शामिल हैं. इन चैनलों के लाखों की संख्या सब्सक्राइबर हैं. जेम म्यूजिक के वीडियो को लोग लाखों लोग देखते हैं. राव इंद्रजीत सिंह का दावा है कि वो अपनी इस म्यूजिक कंपनी के जरिए ही पैसा कमाते हैं. लेकिन जानकारों का कहना है कि राव इंद्रजीत सिंह इस कंपनी के जरिए पैसे को स्याह-सफेद करने का काम करते हैं. उनकी इस छवि की वजह से ही लोग राजपाल की उनकी ओर से किए गए आर्थिक मदद पर सवाल उठा रहे हैं. 

Advertisement

ये भी पढ़ें: Rapid Rail: दिल्ली से मेरठ बुलेट रफ्तार! नमो भारत के उद्घाटन की घड़ी आई, जानें सराय काले खां से मोदीपुरम तक रूट, शेड्यूल

Featured Video Of The Day
Salman Khan के जीजा Ayush Sharma को आया धमकी भरा मेल | Ranveer Singh | Bollywood | Breaking
Topics mentioned in this article