- दिल्ली से झांसी जा रही ताज एक्सप्रेस पर शुक्रवार सुबह किसी ने लोहे का मोटा पाइप फेंककर हमला किया
- पलवल-होडल के बीच हुई घटना में ट्रेन की इमरजेंसी विंडो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, 2 यात्रियों को चोट आई
- जीआरपी ने केस दर्ज कर लिया है. रेलवे ने कहा कि हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
ट्रेनों पर हमले की ताजा घटने में शुक्रवार को दिल्ली से झांसी के बीच चलने वाली ताज एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया. दिल्ली-मथुरा रूट पर किसी ने चलती ट्रेन के ऊपर लोहे का मोटा पाइप फेंककर मारा. इस घटना में ट्रेन की इमरजेंसी विंडो क्षतिग्रस्त हो गई और दो यात्री घायल हो गए. जीआरपी ने केस दर्ज कर लिया है और हमलावर की तलाश की जा रही है.
पलवल-होडल के बीच हुई वारदात
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 1 मई की सुबह करीब 8:15 बजे हुई. जीआरपी आगरा के एसपी ने बताया कि यह घटना बल्लभगढ़ जीआरपी क्षेत्र में पलवल और होडल के बीच हुई. चलती ताज एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12280) पर किसी ने लोहे का पाइप फेंककर मारा. यात्रियों की तहरीर पर GRP मथुरा जंक्शन में मुकदमा दर्ज किया गया है.
इमरजेंसी विंडो चकनाचूर, 2 यात्री जख्मी
रेलवे के मुताबिक, लोहे का ये पाइप ताज एक्सप्रेस के डी6 कोच में इमरजेंसी विंडो पर लगा. हमले में ट्रेन की विंडो का शीशा चकनाचूर हो गया और कोच में सवार दो यात्री घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हुआ और ट्रेन के मथुरा स्टेशन पहुंचते ही रेलवे के डॉक्टरों ने दोनों घायल यात्रियों को फर्स्ट एड दिया. प्राथमिक उपचार के बाद दोनों यात्रियों ने आगे की यात्रा की.
मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी, जांच की
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ, कमर्शियल इंस्पेक्टर, पीडब्लूआई स्टेशन मास्टर की टीम ने रूट का दौरा किया, जहां ये वारदात हुई थी. रेलवे स्टाफ ने पटरी के आसपास गहन छानबीन करके ये पता लगाने की कोशिश की कि आखिर घटना को किसने अंजाम दिया था.
केस दर्ज, हमलावर की तलाश जारी
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई. रेलवे स्टाफ ने रूट पर जाकर विजिट किया लेकिन यह पता नहीं चल सका कि घटना को किन लोगों ने अंजाम दिया.
उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है. मामले की आगे जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने घटना को अंजाम दिया है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की पहली प्राथमिकता है.













