- दिल्ली एयरपोर्ट से स्विस एयर की फ्लाइट LX 147 का इंजन फेल होकर उसमें आग लग गई थी.
- Airbus A330 विमान में 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे, सभी को इमरजेंसी स्लाइड से निकाला गया.
- तकनीकी खराबी रात एक बजे हुई, जिसके बाद क्रू ने उड़ान रद्द कर विमान खाली कराने का फैसला किया.
दिल्ली एयरपोर्ट से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है. यहां स्विस एयर की एक फ्लाइट का इंजन फेल हो गया, इससे आग भी लग गई. इस हादसे में 6 यात्रियों के घायल होने की बात सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह SWISS एयर की दिल्ली से ज्यूरिख जा रही फ्लाइट LX 147 का इंजन फेल गया. इस हादसे के बाद विमान में सवार 6 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यह घटना तब हुई, जब विमान में सवार सभी लोगों को IGIA के रनवे पर इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल करके बाहर निकालना पड़ा.
इंजन फेल होने के बाद लगी आग
बताया जाता है कि Airbus A330 विमान रात करीब 1:08 बजे उड़ान भरने की तैयारी में था, तभी उसका पहला इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई. इस घटना पर SWISS एयर का बयान भी सामने आया है. जिसमें कहा गया, "हमें दिल्ली में फ्लाइट LX147 से जुड़ी एक घटना की जानकारी मिली है. इस घटना में शामिल विमान Airbus A330 है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर HB-JHK है. SWISS ने एक टास्क फ़ोर्स का गठन किया है. विमान में 228 यात्री और 4 शिशु सवार थे."
रात एक बजे विमान में हुई तकनीकी खराबी
बयान में आगे कहा कि उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद ही भारतीय समयनुसार रात 1:00 बजे के ठीक बाद विमान के एक इंजन में कुछ तकनीकी खराबी आ गई. क्रू ने उड़ान भरने का फैसला रद्द कर दिया और स्थिति का जायजा लेने के बाद एहतियात के तौर पर विमान को खाली कराने का फ़ैसला किया.
हादसे के बाद दिल्ली एयरपोर्ट ने ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है.
छह यात्रियों का चल रहा मेडिकल चेकअप
बयान में कहा गया कि 6 यात्रियों का इलाज चल रहा है, क्रू सुरक्षित है. सभी यात्रियों और क्रू को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. छह यात्रियों का अभी मेडिकल चेकअप चल रहा है. कुछ ऐसे यात्री जो स्लाइड का इस्तेमाल नहीं कर पाए, उनके लिए सीढ़ियों की व्यवस्था की गई थी. मालूम हो कि कुछ दिनों पहले ही दिल्ली एयरपोर्ट पर अकासा एयर और स्पाइसजेट के दो विमानों के विंग्स आपस में टकरा गए थे.
यह भी पढ़ें - दिल्ली एयरपोर्ट पर अकासा एयर और स्पाइसजेट के विमान के विंग्स आपस में टकराए













