लोकसभा स्पीकर को सौंप सकते हैं पत्र, उद्धव ठाकरे का साथ छोड़ अलग गुट रजिस्टर कराएंगे 6 सांसद

शिवसेना (उबाठा) के भीतर जारी सियासी खींचतान के बीच अब ठाकरे गुट के 6 बागी सांसद आने वाले दिनों में अपना अलग संसदीय गुट बना सकते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
शिवसेना (UBT) के भीतर जारी सियासी खींचतान

शिवसेना ठाकरे गुट के 6 बागी सांसद आने वाले दिनों में अपना अलग संसदीय गुट बना सकते हैं. सूत्रों के मुताबिक, परभणी के सांसद संजय जाधव को इस नए गुट का नेता बनाया जा सकता है. सांसद श्रीकांत शिंदे ने कुछ समय पहले ही इन सभी सांसदों से फोन पर फिर से बात की है. सांसदों ने श्रीकांत से कहा कि वे पिछले एक साल से उद्धव ठाकरे के प्रति अपनी नाराजगी ज़ाहिर कर रहे थे, लेकिन इस पर कोई सुनवाई नहीं हो रही थी.

इससे पहले शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के 9 लोकसभा सदस्यों में से 6 बृहस्पतिवार को संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं हुए जिससे पार्टी में विभाजन के संकेत स्पष्ट हो गए. शिवसेना (उबाठा) के सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजाभाऊ वाजे बैठक में शामिल हुए. पार्टी के एकमात्र राज्यसभा सदस्य संजय राउत भी बैठक में मौजूद थे. शेष 6 सांसदों की गैर मौजूदगी ने पार्टी के संसदीय दल में विभाजन की लगभग पुष्टि कर दी.

कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी

बैठक में शामिल नहीं होने वाले सांसद नागेश आष्टीकर, संजय देशमुख, संजय जाधव, संजय दीना पाटिल, ओमप्रकाश राजेनिंबालकर और भाऊसाहेब वाकचौरे हैं. बैठक के बाद सावंत ने संवाददाताओं से कहा कि इन 6 सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे. लोकसभा में शिवसेना (उबाठा) के नेता सावंत ने कहा, ‘‘उनसे पूछा जाएगा कि व्हिप जारी किए जाने के बावजूद वे बैठक में शामिल क्यों नहीं हुए. उन्हें जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया जाएगा. यदि वे जवाब नहीं देते हैं तो हम उनकी सदस्यता रद्द किए जाने की मांग को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखेंगे.''

उद्धव ठाकरे के 6 बागी सांसदों की सुरक्षा बढ़ाई गई

इधर, उद्धव ठाकरे के 6 बागी सांसदों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. गुरुवार को दिल्ली में आयोजित शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के सांसदों की बैठक में संजय दिना पाटिल, संजय देशमुख, नागेश पाटिल अष्टीकर, ओमराजे निंबालकर, भाऊसाहेब वाकचौरे, और संजय जाधव शामिल नहीं हुए. इन सभी के पार्टी से अलग गुट बनाने की चर्चा है. इस बीच महाराष्ट्र सरकार के इंटेलीजेंस कमिश्नर के आदेश पर इन सभी 6 सांसदों की सुरक्षा बढ़ाने का आदेश दिया गया है.

Advertisement

सूत्रों का दावा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिन 6 सांसदों के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां ,और गलियों का प्रयोग किया गया उससे संबंधित सांसदों की नाराजगी और बढ़ गई है. बताया जा रहा है कि यही नाराजगी बैठक से दूरी बनाए रखने की एक महत्वपूर्ण वजह भी मानी जा रही है. हालांकि, इस संबंध में संबंधित सांसदों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

ये भी पढ़ें : लोकसभा अध्यक्ष से मिले शिवसेना UBT के छह बागी सांसद, शिंदे की सेना के साथ करेंगे विलय

Advertisement
Featured Video Of The Day
'अपनी अंतिम सांस तक समाजवादी के साथ रहूंगा' फूट की खबर के बीच Sanatan Pandey का बयान
Topics mentioned in this article
Thackeray