- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सबसे बड़ी नकदी अविनाश शुक्ला के पास से बरामद हुई है
- आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा और लवकुश मिश्रा प्रमुख हैं
- आरोपियों ने पूछताछ के दौरान मंदिर चढ़ावे की गिनती के दौरान चोरी और गबन की बात स्वीकार की है
राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले में जांच लगातार नए खुलासे कर रही है. अब इस मामले में सामने आए पुलिस दस्तावेज़ों से पहली बार यह साफ़ हुआ है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से सबसे बड़ी नकदी किसके पास से बरामद हुई. दस्तावेज़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा रकम अविनाश शुक्ला के पास से मिली है. इसके अलावा सात आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर यह स्वीकार किया कि मंदिर में चढ़ावे की गिनती के दौरान चोरी और गबन किया गया था. दस्तावेज़ों में यह भी दर्ज है कि पुलिस कार्रवाई से पहले मंदिर ट्रस्ट ने आरोपियों से कुछ रकम वापस भी ले ली थी.
इस मामले में अयोध्या पुलिस ने अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, करूणेश पांडेय, राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू, मनीष कुमार यादव समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया था. सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है.
पुलिस दस्तावेज़ों के अनुसार आरोपियों से बरामद नकदी
- अविनाश शुक्ला - ₹20,39,220 नकद | 1,121 अमेरिकी डॉलर | 2 सोने की चेन | 1 अंगूठी | चांदी जैसी धातु की वस्तु
- करूणेश पांडेय - ₹18,07,063
- अनुकल्प मिश्रा - ₹16,82,040
- लवकुश मिश्रा - ₹14,25,000
- रमाकांत मिश्रा - ₹7,32,170
- मनीष कुमार यादव - ₹2,00,000
- राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू - ₹1,00,000
आरोपियों ने पूछताछ में चोरी और गबन की बात स्वीकारी
दूसरे आरोपी अनुकल्प मिश्रा के बारे में भी पुलिस दस्तावेज़ों में दावा किया गया है कि उसने पूछताछ के दौरान चोरी और गबन की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर 16 लाख 82 हजार 40 रुपये बरामद किए गए. लवकुश मिश्रा के पास से 14 लाख 25 हजार रुपये बरामद हुए, जबकि रमाकांत मिश्रा के कब्जे से 7 लाख 32 हजार 170 रुपये मिले. करूणेश पांडेय के पास से 18 लाख 7 हजार 63 रुपये बरामद होने का उल्लेख दस्तावेज़ों में है. वहीं मनीष कुमार यादव के पास से 2 लाख रुपये और राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू के पास से 1 लाख रुपये बरामद किए गए.
बताया जा रहा है कि एसआईटी अपनी अंतिम रिपोर्ट 10 जुलाई के बाद सौंप सकती है. माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के आधार पर कुछ और लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है और पूरे कथित चढ़ावा चोरी मामले की पूरी तस्वीर सामने आएगी.
इसे भी पढ़ें: अयोध्या से सबरीमाला तक... भ्रष्टाचार के शिकार होते रहे हैं देश के VIP मंदिर, लंबी है फेहरिस्त
इसे भी पढ़ें: EXCLUSIVE: राम राज्य कोष लिखा 'संदूक', कंबलों में छिपाए नोट... NDTV पर चढ़ावा चोरी के 9 सबूत
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरों ने कुंभ में सबसे ज्यादा खजाना लूटा, सिफारिश पर 125 भर्ती, जीजा-साले की जोड़ी ने उड़ाई रकम