राज्यसभा चुनाव 2026 : उच्च सदन में बढ़ेगी कांग्रेस की ताकत, कौन-कौन से नाम हैं रेस में, सबकुछ जान लीजिए

हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से सरप्राइज के तौर पर कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और सोशल मीडिया प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत को भी राज्यसभा की रेस में शामिल माना जा रहा है. महाराष्ट्र से कांग्रेस की सांसद रजनी पाटिल का कार्यकाल खत्म हो रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की बढ़ेगी ताकत
NDTV
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • अप्रैल में खाली हो रही 37 राज्यसभा सीटों के चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि पांच मार्च और मतदान 16 मार्च है
  • कांग्रेस के चार सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है और पार्टी को कम से कम पांच सीटें मिलने की संभावना है
  • तेलंगाना से कांग्रेस को दो सीटें मिलने की उम्मीद है जिसमें अभिषेक मनु सिंघवी को फिर से भेजा जा सकता है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

राज्यसभा की 37 सीटें जो अप्रैल के महीने में खाली हो रही हैं उनके चुनाव की तारीख़ों का एलान हो गया है. नामांकन की आख़िरी तारीख पाँच मार्च है और मतदान की तारीख 16 मार्च है. कांग्रेस के लिहाज से बात करें तो उसके 4 सांसदों का कार्यकाल पूरा हो रहा है. खाली हो रही 37 सीटों में से कांग्रेस को कम से कम 5 सीटें मिलती नजर आ रही हैं. कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी, केटीएस तुलसी, फूलो देवी नेताम और रजनी पाटिल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है. पूरी संभावना है कि वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी को तेलंगाना से एक बार फिर राज्यसभा भेजा जा सकता है.

तेलंगाना से कांग्रेस को एक और सीट मिल सकती है. एक सीट के लिए कोटा 40 का है. कांग्रेस के पास 76 विधायक हैं. यानी एक और सीट के लिए कांग्रेस को केवल चार अतिरिक्त विधायकों की जरूरत पड़ेगी जिसमें कोई मुश्किल नहीं आने वाली. सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को इस रेस में माना जा रहा है. जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में विपक्ष ने रेड्डी को उम्मीदवार बनाया था. यह भी संभव है कि तेलंगाना से कांग्रेस किसी अल्पसंख्यक नेता को राज्यसभा भेजे. 

छत्तीसगढ़ से खाली हो रही दोनों सीटें पिछली बार कांग्रेस के खाते में गई थी लेकिन इस बार पार्टी एक ही सीट जीत पाएगी. ऐसे में वरिष्ठ वकील केटीएस तुलसी का राज्यसभा आ पाना मुश्किल है. वो राज्य से बाहर के भी हैं और उनकी उम्र भी ज़्यादा हो चुकी है. देखने वाली बात होगी कि आदिवासी समाज से आने वाली फूलो देवी नेताम को दुबारा मौक़ा मिलता है या नहीं. नेताम का पत्ता कटा तो फिर पूर्व मुख्यमत्री भूपेश बघेल या पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव को राज्यसभा भेजा जा सकता है. आदिवासी समाज से ही किसी दूसरे नेता को भी मौका मिल सकता है.

वहीं, हिमाचल प्रदेश से आने वाली राज्यसभा की एक सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प है. कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या कांग्रेस वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को मौक़ा देगी या पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को राज्यसभा भेजेगी ? क्या बड़े नामों की जगह किसी स्थानीय नेता को मौक़ा मिलेगा या फिर पार्टी से बाहर से कोई उम्मीदवार भेजने का रिस्क उठाएगी? हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के 40 विधायक हैं और जीत का कोटा 35 है. 

इसके अलावा हरियाणा से कांग्रेस को एक सीट मिलेगी. माना जा रहा है हरियाणा से कांग्रेस की टिकट उसी को मिलेगी जिसे भूपेंद्र सिंह हुड्डा चाहेंगे. ऐसे में हुड्डा कैम्प से राज बब्बर और उदयभान को रेस में आगे बताया जा रहा है. राहुल गांधी के करीबी और कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रमुख अनिल जयहिंद को भी दावेदार माना जा रहा है. जानकर बताते हैं कि हरियाणा से कोई चौंकाने वाला नाम भी हो सकता है. 

Advertisement

हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से सरप्राइज के तौर पर कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा और सोशल मीडिया प्रभारी सुप्रिया श्रीनेत को भी राज्यसभा की रेस में शामिल माना जा रहा है. महाराष्ट्र से कांग्रेस की सांसद रजनी पाटिल का कार्यकाल खत्म हो रहा है. इसके साथ ही एनसीपी एसपी से शरद पवार, फौजिया खान और शिवसेना यूबीटी से प्रियंका चतुर्वेदी का कार्यकाल भी पूरा हो रहा है. महाराष्ट्र में समूचा विपक्ष मिलकर एक सीट हासिल कर सकता है. ऐसे में साफ़ नहीं है कि किसकी लॉटरी लगेगी! 

अप्रैल के बाद इसी साल जून में 24 और नवंबर में 11 राज्यसभा की सीटें खाली हो रही हैं. जून में कांग्रेस की 4 सीटें खाली होंगी और 5 सीटें आएंगी. इनमें कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सीट भी शामिल है. कुल मिलाकर इस साल राज्यसभा में कांग्रेस की ताकत दो सीटों से बढ़ने वाली है. फ़िलहाल राज्यसभा में कांग्रेस के 27 सांसद हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: समस्याओं के समाधान के लिए भारत की तरफ देख रही है दुनिया... राज्यसभा में बोले पीएम मोदी

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के जवाब के बिना ही लोकसभा में पारित हो सकता है धन्यवाद प्रस्ताव-सूत्र

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Iran Israel War: ईरान पर Nuclear Attack करेंगे Trump? | Bharat Ki Baat Batata Hoon
Topics mentioned in this article