रायपुर-रांची-धनबाद एक्सप्रेसवे खनिज संपन्न दो राज्यों को जोड़ने वाला रोड प्रोजेक्ट है. भारतमाला परियोजना के तहत ये इकोनॉमिक कॉरिडोर बनाया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ को झारखंड के बीच हाईस्पीड रूट देगा. इससे दोनों राज्यों के कोयला-स्टील समेत इंडस्ट्रियल बेल्ट क्षेत्र को रफ्तार मिलेगी. 707 किलोमीटर का रायपुर-रांची-धनबाद एक्सप्रेस 4 लेन और कहीं-कहीं 6 लेन का है. खासकर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बिलासपुर रूट को 6 लेन में बदला जा रहा है. बिलासपुर से धनबाद तक रूट ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे होगा.लगभग 15000 करोड़ रुपये की लागत से ये एक्सप्रेसवे बन रहा है.
रायपुर-रांची-धनबाद एक्सप्रेसवे का रूट मैप
अभी रायपुर से धनबाद की 750 किमी की दूरी 16-17 घंटे में तय हो पाती है. लेकिन रायपुर-रांची-धनबाद एक्सप्रेसवे रूट के बाद यह समय घटकर सिर्फ 9 घंटे रह जाएगा. रायपुर से रांची की दूरी 30 किमी तक घटेगी और 7 घंटे में सफर होगा.इसमें छत्तीसगढ़ के छह जिले रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, पत्थलगांव, कुनकुरी और जशपुर जुड़ेंगे. जबकि झारखंड के चार जिले गुमला, रांची, बोकारो और धनबाद कनेक्ट होंगे. ये हाईस्पीड एक्सप्रेसवे छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच 7 अलग-अलग सेक्शन में बांटकर बनाया जा रहा है.
रायपुर-रांची-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर एक नजर में
- छत्तीसगढ़ में 384 किमी
- झारखंड में 323 किमी
- रायपुर से धनबाद: 16 घंटे से घटकर 8–9 घंटे
- रायपुर से रांची: 14 घंटे की जगह 7 घंटे
- स्पीड लिमिट:100 किमी प्रति घंटा
- लाभ: छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल
रायपुर-रांची-धनबाद एक्सप्रेसवे 7 सेक्शन में बंटा
- रायपुर-बिलासपुर (127 किमी)- ये पहले से मौजूद एक्सप्रेसवे को 6 लेन में बदला जा रहा
- बिलासपुर-उरगा (70 किमी): पूरी तरह नया ग्रीनफील्ड 4 लेन एक्सप्रेसवे
- उरगा-पत्थलगांव (86 किमी): कोरबा जिले के उरगा से पत्थलगांव को जोड़ने वाला ग्रीनफील्ड रूट.छत्तीसगढ़ के अंदरूनी इलाके कनेक्ट होंगे
- पत्थलगांव-गुमला (झारखंड बॉर्डर): झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच ये छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से झारखंड बॉर्ड तक पहाड़ी-जंगलों वाला कॉरिडोर.
- गुमला-रांची (63 किमी): इस रूट का पालमा-गुमला सेक्शन खुल चुका है, जो के बीच व्यापार को सुगम बना रहा है।
- रांची-बोकारो (60 किमी): ओरमांझी-गोला-जैनामोड़ सेक्शन भी लगभग पूरा. रांची से बोकारो की यात्रा ढाई घंटे की जगह 1 घंटे 15 मिनट में
- बोकारो-धनबाद: इस एक्सप्रेसवे का आखिरी हिस्सा देश की कोयला राजधानी धनबाद तक कनेक्ट करेगा.
हरे-भरे जंगलों और पहाड़ों से गुजरेगा रास्ता
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की तरह रायपुर-रांची-धनबाद एक्सप्रेसवे कई घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से गुजरेगा. जंगली जानवरों की सुरक्षा के लिए खास अंडरपास बनाए गए हैं. जैसे रांची-बोकारो सेक्शन में ही 5 स्पेशल वन्यजीव रूट बने हैं. सिर्फ छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव-झारखंड बॉर्डर (NH-43) में ही लगभग 382 ऐसे पुल-फ्लाईओवर, अंडरपास और एलिवेटेड रोड शामिल हैं.सात अलग-अलग हिस्सों में बनने से से 707 किमी का इकोनॉमिक कॉरिडोर 2027 के मध्य तक पूरा हो जाएगा.
औद्योगिक इलाकों की रीढ़ बनेगा
रायपुर-रांची-धनबाद एक्सप्रेसवे छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और कोरबा को झारखंड के रांची, बोकारो और धनबाद जैसे स्टील, पावर और कोल प्लांट वाले औद्योगिक शहरों से इंटरकनेक्ट करेगा. इससे कोयला, सीमेंट और लौह अयस्क की ढुलाई काफी सस्ती और आसान हो जाएगी. छत्तीसगढ़ के जशपुर और झारखंड के गुमला जिले की सड़क मार्ग से कनेक्टिविटी मजबूत होगी. आदिवासी बहुल इलाकों में एजुकेशन-मेडिकल और इंडस्ट्रियल हब विकसित होंगे.
ये भी पढ़ें - बिलासपुर-मनाली-लेह रेलवे लाइन का प्लान तैयार, 270 किमी तक सुरंग से गुजरेगी ट्रेन; लेह में बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा स्टेशन
बंदरगाहों तक माल ढुलाई आसान
ये रायपुर-रांची-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर देश के पूर्वी इकोनॉमिक कॉरिडोर को जोड़ेगा. इससे ओडिशा के पारादीप पोर्ट से बिहार-नेपाल सीमा तक माल ढुलाई आसान हो जाएगी. मध्य भारत और पूर्वी भारत के बीच ट्रांसपोर्ट नेटवर्क और मजबूत होगा. ओडिशा और पश्चिम बंगाल की सीमाओं के हल्दिया बंदरगाह तक कनेक्टिविटी आसान बनेगा. इस कॉरिडोर से मालवाहक ट्रकों का समय और ईंधन दोनों बचेगा.
ये भी पढ़ें - रावघाट से रायपुर तक शुरू हुई सीधी पैसेंजर ट्रेन सेवा, ताड़ोकी, भानुप्रतापपुर, दल्ली राजहरा और दुर्ग समेत होंगे 6 स्टॉपेज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं