"राहुल गांधी का बयान OBC समाज का अपमान": 'मोदी सरनेम' मामले पर BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को सूरत की अदालत ने गुरुवार को दो साल के कारावास की सजा सुनाई है. 'मोदी' सरनेम' पर की गई टिप्पणी को लेकर मानहानि के मामले में राहुल गांधी को ये सजा सुनाई गई है.

विज्ञापन
Read Time: 15 mins
कोर्ट से 2 साल की सजा मिलने के बाद राहुल गांधी की संसद सदस्‍यता जा सकती है.
नई दिल्ली:

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से 2019 में मोदी सरनेम को लेकर की गई टिप्पणी के मामले में गुरुवार को सूरत की अदालत ने उन्हें 2 साल की सजा सुनाई है. इस मामले पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कांग्रेस को घेरने की कोशिश की है और राहुल गांधी के बयान को ओबीसी समाज का अपमान बताया है. जेपी नड्डा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को तथ्यों से परे और मनगढ़ंत आरोप लगाने की आदत है. 2019 लोकसभा चुनाव के पहले राहुल ने राफ़ेल के नाम पर देश को भ्रमित करने की कोशिश की. जिसको लेकर माननीय सुप्रीम कोर्ट ने फटकार लगाई और राहुल गांधी को मनगढ़ंत आरोप के लिए बिना शर्त माफ़ी मांगनी पड़ी थी.

एक अन्य ट्वीट में जेपी नड्डा ने लिखा,  फिर चौकीदार चोर है का शोर मचाया, जिस पर मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों तक ने एतराज जताया. इस नारे पर जनता जनार्दन की अदालत ने 2019 चुनाव में राहुल गांधी को जमकर फटकार लगाई और कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी - बुरी हार का सामना करना पड़ा.

Advertisement

जेपी नड्डा ने लिखा कि राहुल गांधी का अहंकार बहुत बड़ा और समझ बहुत छोटी है. अपने राजनीतिक लाभ के लिए उन्होंने पूरे OBC समाज का अपमान किया. उन्हें चोर कहा. समाज और कोर्ट के द्वारा बार-बार समझाने और माफ़ी माँगने के विकल्प को भी उन्होंने नज़रअंदाज़ किया और लगातार OBC समाज की भावना को ठेस पहुंचाई.

Advertisement

जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, कल सूरत कोर्ट ने राहुल को OBC समाज के प्रति उनके आपत्तिजनक बयान के लिए सजा सुनाई है. परंतु राहुल व कांग्रेस पार्टी अभी भी अपने अहंकार के चलते लगातार अपने बयान पर अड़े व निरंतर OBC समाज की भावनाओं को आहत कर रहे हैं. पूरा OBC समाज प्रजातांत्रिक ढंग से राहुल से इस अपमान का बदला लेगा.

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Gold Silver Rate | Hormuz पर Trump का बड़ा ऐलान, सोना-चांदी फिरसे गिरा धड़ाम! | War News