पंजाब कांग्रेस का संकट बरकरार: प्रभारी भूपेश बघेल की 92 नेताओं से 2 घंटे मुलाकात, फिर हाथ खड़े कर निकल गए

पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने चरणजीत सिंह चन्नी और समर्थक नेताओं के साथ बैठक के बाद कहा कि उन्होंने नेताओं को आश्वासन दिया है कि यदि कोई उम्मीदवार चुनाव जीतने की स्थिति में होगा, तो उसे निश्चित रूप से टिकट दिया जाएगा.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • पंजाब कांग्रेस में वडिंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के खिलाफ चरणजीत सिंह चन्नी गुट ने विरोध जताया है
  • असंतुष्ट नेताओं की मांग है कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को अध्यक्ष पद से हटाया जाए और नई लीडरशिप चुनी जाए
  • प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने असंतुष्ट नेताओं की बात सुनी और कहा कि इस मुद्दे पर फैसला कांग्रेस हाईकमान का होगा
चंडीगढ़:

पंजाब कांग्रेस का संकट थमता नहीं दिख रहा है. अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के खिलाफ चरणजीत सिंह चन्नी गुट ने मोर्चा खोल रखा है. असंतुष्ट नेताओं से बात करने के लिए प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल खुद चंडीगढ़ पहुंचे और शनिवार को 2 घंटे से ज्यादा बैठक चली. इस मीटिंग में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और डिप्टी सीएम रहे सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत 92 नेता पहुंचे थे. इन सभी नेताओं का पक्ष भूपेश बघेल ने सुना, लेकिन एक तरह से हाथ खड़े करके चले गए. असंतुष्ट नेताओं की मांग साफ थी कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाया जाए. उनकी लीडरशिप में चुनाव जीतना मुश्किल होगा.

वहीं भूपेश बघेल ने पूरी बात को ध्यान से तो सुना, लेकिन यह कहकर चले गए कि इस मसले पर फैसला हाईकमान ने लिया है. उन्होंने साफ कहा कि मैं कोई फैसला नहीं ले सकता और हाईकमान ही कुछ तय कर सकेगा. इधर चरणजीत सिंह चन्नी मीटिंग में जाने के दौरान तेवर में नजर आए. मीडिया से उन्होंने कहा कि हम तेल देखेंगे और तेल की धार देखेंगे. इस तरह उन्होंने अपना स्टैंड क्लियर कर लिया कि हम इंतजार करने को तैयार हैं, लेकिन अपनी मांगों पर डटे रहेंगे.

मीटिंग के बाद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि यह वार्ता काफी सही रही. हमारी बातों को गंभीरता से सुना गया. हम पंजाब में कांग्रेस की सरकार चाहते हैं. यहां कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है. हालात बदलने के लिए हमें एकता के साथ काम करने की जरूरत है, लेकिन हमारे नेताओं को कठिन फैसले लेने की जरूरत है. हमें ऐसे नेता नहीं चाहिए, जो कम्प्रोमाइज्ड हैं. वहीं भूपेश बघेल ने सभी की बात सुनी, लेकिन यह कहते हुए मीटिंग खत्म कर दी कि मेरी ताकत कोई फैसला लेने की नहीं है. आप लोगों के फैसले को मैं हाईकमान तक पहुंचा दूंगा.

बघेल की चन्नी खेमे के नेताओं से मुलाकात

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने जालंधर से सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के करीबी नेताओं के साथ बैठक के बाद कहा कि नेताओं ने उनके सामने कुछ मुद्दे रखे हैं, जिन्हें वह पार्टी आलाकमान तक पहुंचाएंगे. उन्होंने कहा कि पंजाब में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं और इस सिलसिले में कई संबंधित समितियों के साथ भी बैठकें की गईं हैं.

Advertisement

कांग्रेस ने एक जुलाई को घोषणा की थी कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग पार्टी की पंजाब इकाई के अध्यक्ष बने रहेंगे और जालंधर से सांसद चन्नी को चुनाव प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाए जाने से ‘नाराज' बताए जा रहे चरणजीत सिंह चन्नी ने अब तक बघेल से मुलाकात नहीं की थी. बघेल सोमवार को पंजाब पहुंचे थे और इसके बाद से उन्होंने राज्य के कई नेताओं एवं पदाधिकारियों के साथ बैठकें की हैं.

Advertisement
चन्नी खेमे के साथ बैठक के बारे में बघेल ने कहा, ‘‘हमने सभी साथियों से बातचीत की. उन्होंने अपनी बात रखी. पार्टी आलाकमान के फैसले पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है और सभी आलाकमान के साथ हैं. हमारे साथियों ने कुछ बातें रखी हैं और प्रभारी महासचिव के रूप में मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि सभी के हितों का ध्यान रखा जाएगा.''

बघेल ने कहा कि उन्होंने नेताओं को आश्वासन दिया है कि यदि कोई उम्मीदवार चुनाव जीतने की स्थिति में होगा, तो उसे निश्चित रूप से टिकट दिया जाएगा.

वडिंग शनिवार को बघेल के साथ हुई बैठक में शामिल नहीं हुए. उनकी गैर-मौजूदगी के बारे में पूछे जाने पर वडिंग ने कहा, ‘‘पार्टी के प्रभारी महासचिव सभी से मिलते हैं. यह जरूरी नहीं है कि सभी बैठकें प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में ही हों.'' यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस की प्रदेश इकाई में जल्द एकजुटता देखने को मिलेगी, वडिंग ने कहा, ‘‘यह बैठक इसी बारे में है.''

इसे भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में महाभारत : चन्नी के बागी तेवर के बाद क्या अपना फैसला पलटेंगे राहुल गांधी?

इसे भी पढ़ें: अमित शाह से मिले कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा, पंजाब चुनाव से पहले क्या BJP में होंगे शामिल?

Advertisement
Featured Video Of The Day
रेप से बचाना है तो जल्द कर दो निकाह... मौलाना साजिद रशीदी के विवादित बयान पर बवाल

Topics mentioned in this article
Punjab Congress
Bhupesh Baghel
Amarinder Singh Raja Warring
Charanjit Singh Channi