- प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे, जिनका आज लखनऊ में निधन हो गया.
- प्रतीक यादव ने राजनीति से दूरी बनाए रखी और बिजनेस व फिटनेस इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी.
- प्रतीक यादव ने लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लेनेट’ जिम चलाया और पशु कल्याण से जुड़े रहे
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का आज सुबह लखनऊ में निधन हो गया. वो अखिलेश के सौतेले भाई थे. दोनों भाइयों के रिश्ते हमेशा ‘दूरी और सम्मान' के बीच झूलते नजर आए. प्रतीक यादव और अखिलेश यादव का रिश्ता हमेशा से थोड़ा अलग रहा. एक तरफ अखिलेश यादव सक्रिय राजनीति में रहे और समाजवादी पार्टी की कमान संभाली, वहीं प्रतीक यादव ने राजनीति से दूरी बनाकर बिजनेस और फिटनेस इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई.
यही कारण रहा कि दोनों भाइयों के रास्ते अलग-अलग दिखे, लेकिन रिश्तों में कभी खुलकर कड़वाहट सामने नहीं आई. सार्वजनिक मंचों पर दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोई बयानबाजी नहीं की. हालांकि, पारिवारिक मौकों पर दोनों साथ नजर आते रहे, खासतौर पर मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार के दौरान. उस वक्त प्रतीक यादव ने भी स्वीकार किया था कि बड़े भाई अखिलेश परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
अपर्णा यादव भाजपा में हुईं शामिल
प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव के बीजेपी में शामिल होने के बाद दोनों भाइयों के रिश्तों में राजनीतिक दूरी और साफ नजर आने लगी. जहां अखिलेश यादव बीजेपी के खिलाफ प्रमुख विपक्षी चेहरा हैं, वहीं अपर्णा यादव का बीजेपी से जुड़ना परिवार के भीतर वैचारिक विभाजन का संकेत माना गया.
यह भी पढ़ें- जिम लवर, महंगी गाड़ियों का शौक... अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की मौत, जानें परिवार में कौन-कौन?
रिश्ते में दिखी नजदीकी भी
अखिलेश के पैर छूते प्रतीक यादव.
Photo Credit: फाइल फोटो
जनवरी 2026 में एक पारिवारिक समारोह के दौरान प्रतीक यादव द्वारा अखिलेश यादव के पैर छूने की तस्वीर सामने आई थी, जिसने यह संकेत दिया कि निजी संबंधों में सम्मान कायम था. इसके अलावा, दोनों भाइयों के बीच कभी किसी तरह की सार्वजनिक लड़ाई या विवाद सामने नहीं आया, जिससे यह साफ होता है कि दूरी के बावजूद रिश्तों में संतुलन बना रहा.
निजी जिंदगी भी रही सुर्खियों में
हाल के महीनों में प्रतीक यादव अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे. जनवरी 2026 में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपर्णा यादव से तलाक की बात कही थी और कुछ गंभीर आरोप भी लगाए थे. हालांकि, बाद में उन्होंने रिश्ते सामान्य होने के संकेत दिए और परिवार के साथ नजर आए.
कौन थे प्रतीक यादव?
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना यादव के बेटे थे. वे राजनीति से दूर रहकर रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस से जुड़े. लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लेनेट' नाम से जिम चलाते थे. पशु कल्याण के लिए ‘जीव आश्रय' संगठन से जुड़े रहे.
- पत्नी: अपर्णा यादव (बीजेपी नेता)
- बेटी: प्रथमा













