- भारत-US मार्च में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर हस्ताक्षर कर सकते हैं, जो व्यापार को बढ़ावा देगा
- इस समझौते के बाद अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर आयात शुल्क में कमी करेगा, जिससे भारतीय निर्यात को लाभ होगा
- भारत भी अमेरिका से आयातित कुछ वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करने की प्रक्रिया शुरू करेगा
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत और अमेरिका मार्च में बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय व्यापार समझौते के फर्स्ट फेज पर साइन कर सकते हैं. इसके बाद अमेरिका, भारतीय वस्तुओं पर आयात शुल्क कम कर देगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेड डील पर खुशी जाहिर करते हुए, भारत और अमेरिका के लिए इसे बड़ी खबर बताया है. बता दें कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील पर साइन होने के बाद भारत भी अमेरिका से आयातित कुछ वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करना शुरू करेगा.
थैंक्स राष्ट्रपति ट्रंप
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में भारत-अमेरिकी के बीच होने जा रही ट्रेड डील पर कहा, 'हम दोनों महान देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमत हो गए हैं. मैं राष्ट्रपति ट्रंप को हमारे देशों के बीच मजबूत संबंधों के प्रति उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देता हूं. यह ट्रेड डील हमारी साझेदारी की बढ़ती गहराई, विश्वास और गतिशीलता को दर्शाता है. यह भारत के मेहनती किसानों, उद्यमियों, लघु एवं मध्यम उद्यमों, स्टार्टअप नवप्रवर्तकों, मछुआरों और अन्य लोगों के लिए नए अवसर खोलकर 'मेक इन इंडिया' को मजबूत करता है. इससे महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर खुलेंगे.'
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, 'भारत और अमेरिका इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं और यह फ्रेमवर्क हमारे बीच निवेश और प्रौद्योगिकी साझेदारी को और अधिक मजबूत करेगा. यह फ्रेमवर्क फ्लेक्सिबल और भरोसेमंद सप्लाई चेन को भी मजबूत और वैश्विक विकास में योगदान देगा. भारत के विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते हुए, हम फ्यूचर ऑरिएंटेड, अपने लोगों को सशक्त बनाने वाली और साझा समृद्धि में योगदान देने वाली वैश्विक साझेदारियों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं.'
भारत में ये चीजें होंगी सस्ती
भारत-अमेरिका समझौते की प्रमुख शर्तों में भारत अमेरिका के सभी औद्योगिक सामानों और खाद्य एवं कृषि उत्पादों की एक विस्तृत श्रृंखला पर शुल्क समाप्त करेगा या कम करेगा. इनमें सूखे अनाज, पशु आहार के लिए लाल ज्वार, मेवे, ताजे और प्रसंस्कृत फल, सोयाबीन तेल, शराब और स्पिरिट तथा अन्य उत्पाद शामिल हैं. वहीं अमेरिका, भारत में उत्पादित वस्तुओं पर 18 प्रतिशत का शुल्क लगाएगा. इन वस्तुओं में वस्त्र और परिधान, चमड़ा और जूते, प्लास्टिक और रबड़, जैविक रसायन, घरेलू सजावट का सामान, हस्तशिल्प उत्पाद और कुछ मशीनरी शामिल हैं. बयान में कहा गया है कि अमेरिका और भारत इस रूपरेखा को तुरंत लागू करेंगे और अंतरिम समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में काम करेंगे, ताकि सहमत रूपरेखा के अनुरूप पारस्परिक रूप से लाभकारी द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरा किया जा सके.
ये भी पढ़ें :- रूसी तेल आयात पर लगा 25% टैरिफ हटा, भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील का नया फॉर्मूला तैयार, जानें सब कुछ
भारत से आने वाले सामान पर लगाया गया 25 प्रतिशत शुल्क हटा
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत से आने वाले सामान पर लगाया गया 25 प्रतिशत शुल्क हटा दिया है. उन्होंने कहा कि भारत ने रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका के साथ सुरक्षा व आर्थिक रिश्ते मजबूत करने का वादा किया है, इसलिए यह फैसला लिया गया. ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिससे अगस्त 2025 में लगाया गया अतिरिक्त शुल्क खत्म हो गया. यह शुल्क रूस-यूक्रेन युद्ध से जुड़ी राष्ट्रीय आपात स्थिति के तहत लगाया गया था. आदेश में ट्रंप ने कहा कि भारत ने राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और आर्थिक मामलों में अमेरिका के साथ पर्याप्त तालमेल बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं. इसी आधार पर शुल्क हटाने का निर्णय किया गया.
ये भी पढ़ें :- मलेशिया के साथ रिश्तों को नई रफ्तार देंगे PM मोदी जानें कैसे भविष्य की साझेदारी का रोडमैप होगा तैयार













