- दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन के कारण उत्तर मध्य रेलवे के झांसी स्टेशन से कई ट्रेनों को रद्द किया गया है
- रद्द ट्रेनों से झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई और वो दिल्ली पहुंचने को लेकर जद्दोजहद करते दिखे
- यात्रियों को ट्रेन के दरवाजों से जगह नहीं मिलने पर इमरजेंसी खिड़की के रास्ते कोच में प्रवेश करना पड़ा
नई दिल्ली में हो रहे प्रोटेस्ट को लेकर रद्द हुई ट्रेनों के कारण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उत्तर मध्य रेलवे के झांसी स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच ट्रेन में सवार होने के लिए लोगों को जद्दोजहद करनी पड़ रही है. हालात ऐसे हो गए कि ट्रेन के दरवाजों से अंदर जगह नहीं मिलने पर यात्री इमरजेंसी खिड़की के रास्ते कोच में घुसने को मजबूर हो गए. भीड़ का आलम यह रहा कि बच्चे हों या महिलाएं, हर कोई किसी तरह ट्रेन के अंदर पहुंचने की कोशिश करता नजर आया.
झांसी रेलवे स्टेशन से होकर दिल्ली जाने वाली यूपी सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस, एमपी सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस, महाकौशल एक्सप्रेस, रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को 9 और 10 तारीख को रद्द किया गया है. ट्रेनें रद्द होने के कारण झांसी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ अधिक हो गई. जिसके कारण कोच के अंदर गेट से जाना यात्रियों के लिए मुसीबत बना रहा. जिस कारण कई यात्रियों को इमरजेंसी खिड़की से अंदर घुसते हुए भी देखा गया. महिलाओं और बच्चों के साथ सामान भी खिड़की से अंदर भेजे गए.
यात्रियों का कहना था कि वह दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन ट्रेन रद्द हो गई, जिस कारण दूसरी ट्रेनों में भीड़ अधिक हो गई. लोग कोच में नहीं घुस पा रहे हैं. आलम ये है कि कई यात्रियों ने भीड़ अधिक होने की वजह से ट्रेनें छोड़ दी और दूसरी ट्रेन आने का इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि वो महिला और बच्चों के साथ हैं.
वहीं कुली जगमोहन ने बताया कि दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन के कारण यूपी संपर्क क्रांति और एमपी सम्पर्क क्रांति समेत कई ट्रेनें कैंसिल हो गईं. जिस कारण अब दिल्ली जाने वाले यात्रियों को जो भी ट्रेन मिल रही है वो उसी से निकलने का प्रयास कर रहे हैं. आलम ये है कि गेट पर भीड़ इतनी अधिक है कि बच्चे और महिलाओं व सामान को खिड़की से कोच के अंदर भेजना पड़ रहा है.
नॉर्दर्न रेलवे का कहना है कि अभी तक, आने वाली ट्रेनों के रेक उपलब्ध न होने के कारण, दिल्ली आने वाली लगभग 40 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें और दिल्ली से जाने वाली लगभग 35 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. अब तक कुल मिलाकर लगभग 75 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं.
इसे भी पढ़ें: ट्रेन रद्द होने पर कितना मिलता है रिफंड? जानें ऑनलाइन और काउंटर टिकट पर कटने वाले चार्ज के पूरे नियम
इसे भी पढ़ें: बिहार से दिल्ली आने वाली 4 ट्रेन 10 अक्टूबर को कैंसिल, लिस्ट में प्रीमियम ट्रेन शामिल
(झांसी से विनोद कुमार की रिपोर्ट...)