In-Depth: पाखंड, पावर और पाप की महागाथा... नासिक के ढोंगी बाबा अशोक खरात की पूरी कुंडली

Capitan Ashok Kharat Crime History: अशोक खरात के खिलाफ बलात्कार, धोखाधड़ी, जबरन वसूली, काला जादू जैसे कई आरोपों वाले 10 से ज़्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं. हर दिन नई शिकायतों का अंबार पुलिस की फाइलें भर रहा है. 6 महिलाओं ने खुद सामने आकर अपनी आपबीती बताई और शिकायत दर्ज कराई है.

विज्ञापन
Read Time: 12 mins
Nashik Fake Godman Ashok Kharat: अशोक खरात की पूरी कुंडली.
नासिक:

Ashok Kharat Rape Case: माथे पर तिलक और जुबान से दैवीय जाल बुनने वाली शक्ति! श्रद्धा की चादर ओढ़कर असल में सिर्फ अधर्म का काम! यह कोई पर्दे का काल्पनिक खलनायक नहीं, बल्कि साक्षात कलयुग का एक अवतार सा दिखता है! यह कहानी है “कैप्टन” की पहचान से मशहूर नासिक के ढोंगी बाबा की, जिसने अध्यात्म को धंधा और विश्वास को हथियार बना लिया! लोगों का अटूट विश्वास ही उसका असली व्यापार बन चुका था. नाम—अशोक खरात. लेकिन इसे सभी “कैप्टन” के नाम से जानते हैं. क्योंकि इसके इशारों पर न सिर्फ भक्त बल्कि कुछ बड़े रसूखदार और सरकारी कुर्सी वाले भी परेड करते थे.

इसके कथित पाखंड का क्लाइमैक्स तब शुरू हुआ जब नासिक की गलियों से एकाएक शिकायतों की आंधी सी चल पड़ी! 'कैप्टन' का जहाज डूबने लगा! अशोक खरात कोई साधारण ठग नहीं था. उसने खुद को एक ऐसे मसीहा के रूप में पेश किया जो आपकी हर समस्या का समाधान चमत्कार से कर सकता है.

कैप्टन की पाप की नांव कब और कैसे डोली? (Ashok Kharat Case How Came Out)

“कैप्टन” की पाप की नांव तब डोली जब नासिक पुलिस के पास एक महिला ने हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई, महिला ने आरोप लगाया कि अशोक खरात ने सिद्ध पूजा और योनि शुद्धिकरण के नाम पर उसका यौन शोषण किया. उसने बताया कि खरात खुद को एक आध्यात्मिक गुरु या सिद्ध पुरुष बताकर महिलाओं को जाल में फंसाता था.

जांच के दौरान यह बात सामने आई कि खरात धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था. इन्हीं वीडियो के जरिए वह उन्हें ब्लैकमेल करता था ताकि कोई मुंह न खोल सके.

Advertisement

अब तक 6 महिलाओं ने रेप की शिकायत दर्ज कराई

एक महिला की शिकायत ने हिम्मत की वो बयार चलाई की, नासिक पुलिस के सामने बाबा के ख़िलाफ़ शिकायतों की ढेर लग गई, 6 महिलाओं ने सीधे तौर पर बलात्कार और यौन शोषण की शिकायत दर्ज कराई है. दर्जनों महिलाओं ने आरोप लगाया है कि शुद्धिकरण के नाम पर खरात उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था. विरोध करने पर उन्हें श्राप देने या उनके परिवार को खत्म करने की धमकी देता था.

खरात के पूर्व कर्मी की शिकायत- गर्भवती पत्नी को भी नहीं बख्शा

बलात्कार, धोखाधड़ी, जबरन वसूली, काला जादू जैसे कई आरोपों वाले 10 से ज़्यादा मामले दर्ज हो चुके हैं, और हर दिन नई शिकायतों का अंबार पुलिस की फाइलें भर रहा है, 7 मामले सीधे तौर पर बलात्कार और यौन उत्पीड़न से संबंधित हैं. इनमें से 6 महिलाओं ने खुद सामने आकर अपनी आपबीती बताई और शिकायत दर्ज कराई है. 1 मामला खरात के ही एक पूर्व कर्मचारी ने दर्ज कराया है, जिसने आरोप लगाया कि खरात ने उसकी गर्भवती पत्नी को भी नहीं बख्शा. 

Advertisement

खरात के खिलाफ इतनी शिकायतें कि पुलिस को हेल्पलाइन नंबर करना पड़ा जारी

शिरडी की एक युवती ने हाल ही में FIR दर्ज कराई है, जिसमें उसने आरोप लगाया है कि करियर की सलाह लेने के बहाने खरात ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर 2024 के दौरान चार बार उसका यौन शोषण किया, शिकायतें ऐसी और इतनी की पुलिस को हेल्पलाइन जारी करनी पड़ी. मामले की गंभीरता और इसमें शामिल बड़ी हस्तियों जैसे कुछ सरकारी अधिकारियों के साथ संबंध की आशंका को देखते हुए, नासिक पुलिस ने एक विशेष जांच दल SIT का गठन किया.

  • SIT को अब तक 100 से अधिक फोन कॉल पर शिकायतें मिल चुकी हैं, जिनमें कई अन्य महिलाओं ने भी प्रताड़ना की जानकारी दी है. पुलिस इन शिकायतों का सत्यापन कर रही है, जिससे आने वाले समय में पीड़ितों और FIR की संख्या बढ़ सकती है.
  • जब पुलिस ने खरात के ठिकानों जैसे नासिक के कनाडा कॉर्नर स्थित ऑफिस और फार्महाउस पर छापेमारी की तो वहां से 100 से अधिक अश्लील वीडियो, एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद हुए.

अभी तक 170 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति का चिट्ठा आया सामने

जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, खरात की करीब 170 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति और जमीनी सौदों का कच्चा चिट्ठा भी बाहर आने लगा, जिसमें शिरडी और नासिक के कई वीआईपी इलाके शामिल थे.

जैसे-जैसे उसके काले कारनामे बाहर आने लगे इसके अतीत की सच्चाई भी बड़ी आसानी से छलक पड़ी जो अब तक पर्दे में रहीं. वह खुद को एक आध्यात्मिक गुरु, ज्योतिषी और ब्रह्मांड विज्ञान का विशेषज्ञ बताता था! उसने यह दावा कर रखा था कि उसने मर्चेंट नेवी में काम किया है और वहां वह कैप्टन के पद पर तैनात था. इसी "कैप्टन" की छवि का इस्तेमाल कर उसने रसूखदार लोगों और राजनेताओं के बीच अपनी पैठ बनाई. 

कई बड़े नेताओं के साथ अशोक खरात की तस्वीरें हुईं वायरल

इसलिए हर दिन खुलासों में उसकी तस्वीरें भी बड़े नेताओं के साथ वायरल होती रहती हैं! जांच में उसके तमाम दावे और उसकी जीवनशैली भी ढोंग ही दिखते हैं उसकी स्कूली शिक्षा नासिक के वावी गांव के एक स्कूल से हुई थी. हैरानी की बात यह है कि स्कूल के समय में उसे छात्र "कोंबडी चोर" यानी मुर्गी चोर के नाम से चिढ़ाते थे!

Advertisement
मर्चेंट नेवी का कैप्टन होने के लिए जिस उच्च स्तर की डिग्री और प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है, उसके प्रमाण अभी तक संदिग्ध हैं. पुलिस उसकी शैक्षणिक डिग्री और उसके "कैप्टन" होने के दावों की भी गहन जांच कर रही है.

मैट्रिक में गणित में फेल खरात खुद को बताया था अंकशास्त्री

अशोक खरात खुद को अंकशास्त्र यानी न्यूमेरोलॉजी का बहुत बड़ा विशेषज्ञ बताता था और बड़े-बड़े नेताओं और उद्योगपतियों को उनके नंबर बदलने की सलाह देता था लेकिन उसकी असलियत ऐसी है की 10वीं की बोर्ड परीक्षा 1983 में गणित विषय में हो फेल हो गया था! उसे गणित में 100 में से महज 28 नंबर मिले थे, उसका कुल रिजल्ट केवल 35.88% था, लोग तंज कस रहे हैं कि जो खुद गणित में फेल था, वह लोगों को अंकशास्त्र सिखा रहा था. 

जांच में यह भी पता चला है कि स्कूल के रिकॉर्ड में उसका असली नाम लक्ष्मण एकनाथ खरात था. बाद में उसने अपनी पहचान बदलकर अशोक खरात कर ली और खुद को हाई-प्रोफाइल दिखाने के लिए 'कैप्टन' की उपाधि लगा ली!

Advertisement

मर्चेंट नेवी में कैप्टन के दावे के भी नहीं मिले कोई सबूत

वह दावा करता था कि वह मर्चेंट नेवी में कैप्टन था, लेकिन पुलिस की जांच में इसके कोई सबूत नहीं मिले हैं. बताया जा रहा है कि वह शायद कुछ समय के लिए जहाजों पर एक सामान्य कर्मचारी यानी बिना लाइसेंस वाला क्रू सदस्य के रूप में गया था, लेकिन उसने खुद को “कैप्टन” बताकर लोगों को ठगना शुरू कर दिया.

उसका ठग व्यापार भी किसी सुपरमार्केट से कम नहीं था, जहाँ वह आस्था के नाम पर ऐसी चीजें बेचता था जिसे सुनकर किसी का भी सिर चकरा जाए.

खरात की ठगी का खतरनाक खेल जानिए

  • सांप का जहर और खाल: वह दावा करता था कि उसके पास दुर्लभ सांप हैं जो किस्मत बदल सकते हैं.
  • जादुई शहद और इमली: भक्तों को झांसा दिया जाता था कि यह शहद हिमालय की उन गुफाओं से आया है जहाँ देवता रहते हैं. एक-एक शीशी की कीमत हजारों-लाखों में वसूली जाती थी.
  • तंत्र-मंत्र का डर: वह लोगों को बताता था कि उन पर काला जादू हुआ है और इसे काटने के लिए वह भारी-भरकम दक्षिणा वसूलता था.

पुणे के बिजनेसमैन से करोड़ों की ठगी

सबसे ताजा FIR में पुणे के एक बिजनेसमैन ने खरात पर मौत का डर दिखाकर उससे करोड़ों की ठगी का आरोप लगाया! बताया की किस तरह अशोक खरात ने दिव्य शक्ति दिलाने और व्यापार में सफलता का झांसा देकर पीड़ित से करीब 5 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी की है. खरात ने बिल्डर को "सर्प देवता" के कोप और "ब्लैक मैजिक" से मौत का डर दिखाकर जबरन 21 देशों की यात्राएं करवाईं, जिसमें अमेरिका के 5 ट्रिप्स और म्यांमार जैसे देशों का पूरा खर्च पीड़ित से वहन कराया. इतना ही नहीं, बाबा ने डरा-धमकाकर अपने लिए 90 लाख की मर्सिडीज कार, आलीशान फार्महाउस का टर्किश फर्नीचर और अन्य सुख-सुविधाओं के नाम पर करोड़ों रुपये वसूले. 

पांच नरबलि देने का भी आरोप

सबसे डरावना एंगल नासिक कोर्ट में खुला जब सरकारी पक्ष ने संदेह जताया की रेप के आरोपी ढोंगी बाबा ने पाँच नरबलि भी दी है! नासिक कोर्ट में सरकारी वकील ने यह सनसनीखेज अंदेशा जताया है कि खरात ने 5 लोगों की नरबलि दी हो सकती है. यह शक तब गहराया जब पुलिस को छापेमारी के दौरान एक रिवॉल्वर के साथ 21 कारतूस मिले, जिनमें से 5 कारतूस इस्तेमाल किए जा चुके थे. पुलिस और SIT इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन 5 गोलियों का इस्तेमाल किसी की हत्या या नरबलि के अनुष्ठान के लिए किया गया था. 

जैसे जैसे भयानक आरोपों की झड़ी लग रही है वैसे वैसे उससे ताल्लुक़ रखने वाले भी संदेह के घेरे में हैं! आरपी है की महाराष्ट्र की विभिन्न सत्ताधारी सरकारों और बड़े राजनेताओं के साथ अपनी तस्वीरों और करीबी संबंधों का इस्तेमाल कर  सुरक्षा कवच के साथ अशोक खरात ने अपनी पाप की कुटिया को ठगी-वसूली के साम्राज्य का रूप दे दिया!

खरात को गुरु मानने वाली महिला आयोग अध्यक्ष रूपाली को देना पड़ा इस्तीफा

अशोक खरात के काले कारनामों के उजागर होने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा भूचाल आया, जिसमें सबसे बड़ा नाम राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर रहीं! खरात के लिए छतरी थामे, उनके चरण धोते, गुरु की तरह सम्मान देते उनकी कई तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद विपक्षी दलों ने उन पर तीखे हमले किए, जिसके दबाव में आकर रूपाली चाकणकर ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और NCP (अजित पवार गुट) की प्रदेशाध्यक्ष, इन दोनों ही पदों से इस्तीफा दे दिया. 

हालांकि उन्होंने सफाई में खरात को केवल अपना “गुरु” बताया, लेकिन विपक्ष का आरोप है कि उनके संरक्षण में ही खरात ने अपने साम्राज्य का विस्तार किया. 

कई बड़े मंत्रियों और नेताओं से भी खरात के लिंक

जांच की आंच अब महायुति के भी तीन बड़े मंत्रियों और सत्तापक्ष के कुछ अन्य दिग्गज नेताओं तक भी पहुंचती दिख रही है, जिनका नाम खरात की उस पेन ड्राइव में होने का दावा किया जा रहा है जो जांच एजेंसियों के हाथ लगी है. इस मामले में सरकार ने SIT जांच के आदेश दिए हैं और पुलिस अब खरात के राजनीतिक संपर्कों और आर्थिक लेनदेन के पुख्ता सबूत जुटा रही है, जिससे आने वाले दिनों में कई और रसूखदार चेहरों के बेनकाब होने की संभावना है

खौफ, रसूख और ढोंग के इस खेल में अशोक खरात ने सरकारी तंत्र को अपनी कठपुतली बना लिया था, जिसके पाप के साम्राज्य को सींचने में सूबे की सरकारों ने कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी. 

जहां बूंद-बूद पानी को तरसे किसान, वहां खरात के ट्रस्ट को मिला 39 लाख लीटर पानी

सिन्नर के मिरगांव में स्थित ईशानेश्वर महादेव मंदिर और उसके श्री शिवनिका संस्थान पर सत्ता की ऐसी मेहरबानी बरसी कि नियमों को ताक पर रखकर तत्कालीन महाविकास आघाडी MVA सरकार के कार्यकाल में साल 2020 में एक विवादित जीआर GR जारी किया गया, जिसके तहत दारणा बांध से इस निजी ट्रस्ट के लिए रोजाना 39 लाख लीटर पानी आरक्षित कर दिया गया—वह भी उस इलाके में जहाँ किसान बूंद-बूंद को तरसते हैं. 

सिर्फ पानी ही नहीं, महायुति सरकार के दौर में भी बाबा का रसूख कम नहीं हुआ और पर्यटन विभाग के जरिए इस संस्थान को बुनियादी ढांचे के नाम पर ₹1.05 करोड़ का सरकारी फंड भी थमा दिया गया. 

जमीनी खेल तो और भी निराला था, जहाँ दान के नाम पर 5 एकड़ बेशकीमती जमीन का चमत्कार दिखाया गया, महज 24 लाख में खरीदी गई जमीन को कुछ ही घंटों के भीतर 32 लाख की कीमत दिखाकर ट्रस्ट के नाम कर दिया गया ताकि टैक्स चोरी और काले धन को सफेद करने का खेल खेला जा सके.

मामूली मुर्गी चोर बना करोड़ों के ट्रस्ट का मालिक

पाखंड को मिले इस बेहिसाब सहयोग ने एक मामूली मुर्गी चोर को करोड़ों के ट्रस्ट का मालिक और दिव्य शक्ति वाला “कैप्टन” बना दिया, SIT अब इन्हीं सरकारी फाइलों और राजनीतिक सांठगांठ की कुंडली खंगाल रही है! 

गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस को रचनी पड़ी फिल्मी कहानी

खरात की गिरफ्तारी भी किसी साउथ इंडियन मसाला फिल्म से कम नहीं थी. नासिक पुलिस को डर था कि अगर वे सीधे छापा मारेंगे, तो खरात अपने समर्थकों की भीड़ जमा कर सकता है या भागने की कोशिश कर सकता है. इसलिए, पुलिस सादे कपड़ों में उसके बंगले पर पहुँची और शोर मचाया कि "आपके बंगले में चोर घुस गया है”! चोर की खबर सुनकर खरात खुद अपने कमरे से बाहर निकल आया. जैसे ही वह बाहर आया, क्राइम ब्रांच की टीम ने उसके घेरते हुए हिरासत में ले लिया 

गिरफ्तारी के साथ ही “कैप्टन” के पाखंड का क़िला ताश के पत्तों की तरह ढहता दिखा! एक वक़्त में रसूखदारों को सम्मोहित कर चुके इस ढोंगी बाबा के ख़िलाफ़ अब कई आवाज़ें बुलंद होने लगीं!

सीएम बोले- खरात का करीबी चाहे कितना भी बड़ा हो, बख्शा नहीं जाएगा

विपक्ष के बढ़ते दबाव और जनता के आक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने विधानसभा में कड़े शब्दों में कहा,  "अशोक खरात के साथ जिसका भी कनेक्शन निकलेगा, चाहे वह कितना ही बड़ा क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. दूर-दूर का रिश्ता रखने वालों पर भी गाज गिरेगी."

पूर्व अभिनेत्री और अब आध्यात्मिक क्षेत्र में सक्रिय ममता कुलकर्णी ने तो अपने बयान से उन पीड़ित महिलाओं को भी घेरा जो ऐसे बाबाओं के चक्कर में बड़ी आसानी से पड़ गईं! 

300 से 500 करोड़ रुपए का हो सकता है खरात का साम्राज्य

जांच एजेंसियों का अनुमान है कि अशोक खरात  का साम्राज्य 300 से 500 करोड़ रुपये का हो सकता है. नासिक, पुणे और मुंबई के आसपास उसकी बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं! 

खरात का रहस्य लोक अब पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है. SIT प्रमुख तेजस्वी सातपुते के नेतृत्व में जांच की आंच अब उन सफेदपोशों तक पहुँच रही है जो इस काले धंधे में पार्टनर थे. कॉल रिकॉर्ड्स CDR और बैंक खातों की जांच शुरू हो चुकी है.

यह सिर्फ एक अपराधी के पकड़े जाने की खबर नहीं है, बल्कि उन तमाम बाबाओं के लिए चेतावनी है जो धर्म की आड़ में अधर्म का शोरूम चला रहे हैं. पाखंड की कहानी तो अंजाम तक पहुँचने को है लेकिन इस विलेन के मददगारों का बेनकाब होना अभी बाकी है! 

यह भी पढ़ें - सांप का डर, 21 देशों की सैर, मर्सिडीज समेत करोड़ों की वसूली... अशोक खरात के गुनाहों की नई फेहरिस्त

यह भी पढे़ं - अशोक खरात पर पुणे के बिल्डर से करोड़ों की ठगी का आरोप, 21 देशों की कराई यात्रा... 90 लाख की मर्सिडीज भी दिलवाई

Featured Video Of The Day
Iran Israel War BREAKING: Tehran में जबरदस्त बमबारी! ईरानी ठिकानों पर इजराइल-अमेरिका के हमले | War