- मुंबई में लगातार बारिश जारी है. अब IMD ने आज के लिए दिन में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है.
- बड़े-बड़े अपार्टमेंट के सामने कारें पानी में डूबी नजर आ रही है. सड़कों पर बच्चे तैरते नजर आ रहे हैं.
- आज दोपहर 3:22 बजे 4.19 मीटर ऊंची ज्वार-भाटा (high tide) आने की संभावना है.
Mumbai Heavy Rainfall: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई इन दिनों चलती-दौड़ती नहीं तैरती नजर आ रही है. मुंबई में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से जगह-जगह जलजमाव हो गया है. बड़े-बड़े अपार्टमेंट के सामने सड़कों पर लगी कारें पानी में डूबी नजर आ रही है. PVR और बड़े शॉपिंग मॉल के सामने सड़कों पर इतना पानी जमा हो गया है कि बच्चे उसमे तैरते नजर आ रहे हैं. जलजमाव के कारण अंधेरी सबवे कई दिनों से बंद है. कई जगहों पर निचले इलाकों में घर-दुकान तक में पानी घुस आया है. इससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती नजर आ रही है. इधर मौसम विज्ञान विभाग ने आज भी मुंबई सहित आस-पास के जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है. जिससे लोग और प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
मुंबई में आज बारिश का रेड अलर्ट
मुंबई में रात भर रुक-रुक कर बारिश होती रही. अब IMD ने आज के लिए दिन में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाया है. आज दोपहर 3:22 बजे 4.19 मीटर ऊंची ज्वार-भाटा (high tide) आने की संभावना है. मौसम के अनुमान को देखते हुए, नागरिकों को सतर्क रहने और बहुत ज़रूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी जाती है. उन्हें अधिकारियों द्वारा समय-समय पर जारी सभी सलाहों और निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए.
आज कहां-कहां बारिश होगी, IMD का इंडिया मैप रंग अलर्ट के साथ.
शनिवार सुबह 8:30 बजे आज सुबह 5:30 बजे मुंबई में किस इलाके में कितनी बारिश हुई, इसकी जानकारी सामने आई है.
- विक्रोली- 253.0
- राम मंदिर- 252.5
- सांताक्रूज़- 224.5
- बायकुला- 172.5
- विद्याविहार- 169.0
- कोलाबा- 165.5
- सायन- 157.5
- टाटा पावर चेंबूर- 136.0
आपात स्थिति के लिए अलग-अलग हेल्पलाइन नंबर जारी
किसी भी आपात स्थिति में, नागरिक तुरंत मदद के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क कर सकते हैं. मुंबई की मेयर रितु तावड़े सहित BMC का पूरा प्रशासनिक अमला भारी बारिश से उपजी स्थिति को कंट्रोल करने में लगा है. अलग-अलग इलाकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं.
- बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) हेल्पलाइन नंबर: 1916
- पालघर हेल्पलाइन नंबर: 02525 297474, +91 82379 78873
- ठाणे महानगरपालिका हेल्पलाइन नंबर: 022-25364779, 022-25301740, +91 93723 38827
- ठाणे आपदा प्रबंधन कक्ष: 1800-222-108 / 8657887101
- पनवेल महानगरपालिका हेल्पलाइन नंबर: 022-27458040 / 41 / 42
मुंबई सहित आस-पास के जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 4 से 6 जुलाई के बीच मुंबई-एमएमआर, कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में मूसलाधार बारिश का अनुमान है. साथ ही मुंबई शहर सहित रायगढ़, ठाणे, पालघर, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. इसके साथ ही, मध्य महाराष्ट्र के सतारा, पुणे और नासिक जिलों के घाट क्षेत्रों में भी इस दौरान मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें - मुंबई में आफत की बारिश! सड़कें बनीं तालाब, गाड़ियां फंसीं, अंधेरी सबवे समेत ये रास्ते बंद