- मुंबई क्राइम ब्रांच ने रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद किया है.
- बरामद हथियार को कलीना फॉरेंसिक साइंस लैब भेजा गया है, जहां इसका बैलिस्टिक टेस्ट किया जाएगा.
- अब तक इस मामले में मुख्य शूटर समेत 12 आरोपियों को पुणे, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है.
मुंबई क्राइम ब्रांच ने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की घटना में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर वह हथियार बरामद कर लिया है, जिससे वारदात के वक्त 5 गोलियां चलाई गई थीं. खबरों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की एक टीम मुख्य आरोपी को लेकर हरियाणा गई थी, जहां उसने इस बंदूक को छिपा कर रखा था.
फिलहाल, बरामद हथियार को कलीना फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) भेज दिया गया है. सूत्रों का कहना है कि वहां इसका बैलिस्टिक टेस्ट किया जाएगा ताकि वैज्ञानिक रूप से यह पुष्ट किया जा सके कि इसी हथियार का इस्तेमाल फायरिंग में हुआ था. पुलिस इस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि ठोस सबूतों के साथ केस को मजबूती से पेश किया जा सके.
इस मामले में अब तक मुख्य शूटर समेत 12 आरोपियों को पुणे, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, पिस्टल और फंडिंग का इंतजाम प्रवीण लोनकर के इशारे पर हुआ. अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि जेल के अंदर रहते हुए उसने यह ऑपरेशन कैसे संचालित किया.
12 टीमें कर रही हैं जांच
क्राइम ब्रांच की करीब 12 टीमें इस केस पर काम कर रही हैं. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जैसे ही प्रवीण लोनकर की कस्टडी मिलेगी, साजिश के बाकी पहलुओं और गैंग की आगे की योजनाओं पर और खुलासा हो सकता है.
ये भी पढ़ें : रोहित शेट्टी गोलीकांड EXCLUSIVE: हथियारों के साथ रील बनाने वाले यूपी के युवकों को बरगला कर ट्रेन किया गया












