मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के यात्री मुंबई से अपने घर भी मिनटों में पहुंच जाएंगे. लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए मेट्रो के अलावा उनके पास पॉड टैक्सी और सड़क के ऊपर चलने वाली बिना ड्राइवर की ऑटोमेटेड बस का विकल्प भी मिलेगा. मुंबई का बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स (BKC) सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट हब बनेगा. बांद्रा और कुर्ला रेलवे स्टेशनों के बीच पॉड टैक्सी चलेगी, वहीं बिना ड्राइवर वाली बस की शुरुआत विरार बुलेट ट्रेन स्टेशन से होगी. मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने इसकी महायोजना तैयार की है. MMRDA कमिश्नर संजय मुखर्जी का कहना है कि कुछ ही मिनटों में मुंबई के किसी भी कोने से पहुंचने के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपये का मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान तैयार किया गया है.
विरार में ऑटोमेटेड एलिवेटेड बस
विरार में बिना ड्राइवर वाली एलिवेटेड बस यात्रा की तैयारी है. वसई-विरार सिटी म्युनिसिपल कारपोरेशन बुलेट ट्रेन स्टेशन से कनेक्टिविटी के लिए ऑटोमेटेड गाइडवे ट्रांजिट सिस्टम की तैयारी कर रहा है. इसका 3 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर विरार ईस्ट में बुलेट ट्रेन स्टेशन के पास सहकार नगर से नालासोपारा में मेट्रो स्टेशन तक जाएगी. विरार स्टेशन के करीब 463 हेक्टेयर इलाके के नए ट्रांजिट प्लान में ये शामिल है. बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से जुड़ी JICA और TUSPL भी प्रोजेक्ट से जुड़ी है.
बीकेसी में देश की पहली पॉड टैक्सी सर्विस
मुंबई में बुलेट ट्रेन स्टेशन बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में ट्रैफिक समस्या को देखते हुए लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए देश की पहली ड्राइवरलेस यानी बिना ड्राइवर वाली पॉड टैक्सी चलाई जाएगी. इस 9 किमी लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर में 38 स्टेशन होंगे. ये बांद्रा और कुर्ला रेलवे स्टेशनों को बीकेसी के कमर्शियल हब से जोड़ेगा. ये AI से चलने वाली पॉड टैक्सी फुल AC और बैटरी चालित होगी. हर पॉड यानी केबिन में छह यात्री होंगे और ये 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी. यहां ऑन डिमांड 15 से 30 सेकंड में पॉड टैक्सी मिलेगी और बीच में कोई स्टॉपेज नहीं होगा और सीधे मंजिल पर पहुंचाएगी. ठाणे, मीरा भायंदर और नवी मुंबई में भी पॉड टैक्सी नेटवर्क बनेगा. इसका ट्रायल घोडबंदर रोड पर भायंदर पाड़ा मेट्रो स्टेशन से विहंग हिल्स सर्कल के बीच होने वाला है.
मुंबई में मेट्रो का महा विस्तार
मुंबई के बाद दिल्ली देश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बनेगा. महानगर में 337 किलोमीटर से मेट्रो नेटवर्क प्लान में है. इसमें से 100 किमी लाइनें जल्द ही चालू हो जाएंगी.
एक्वा लाइन-3 कफ परेड से आरे,जेवीएलआर के बीच करीब 36 किमी लंबी है और मुंबई की पहली पूरी अंडरग्राउंड मेट्रो है. जमीन से 25-30 मीटर नीचे मेट्रो में लाखों यात्री सफर करेंगे. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशन और मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे अंडरग्राउंड सबवे से जोड़ा जा रहा है. मुंबई की मोनोरेल सर्विस भी अपग्रेड हो रही है. हैदराबाद में तैयार स्वदेशी CBTC सिग्नलिंग सिस्टम बन रहा है. मेक इन इंडिया में 10 नए ट्रेनें शामिल होंगी.
ये भी पढ़ें - तीसरी मुंबई: रायगड, पनवेल से पालघर के बीच बसेगा नया शहर, विरार, अलीबाग और नवी मुंबई तक हाईस्पीड कनेक्टिविटी
ये भी पढ़ें - मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन: साबरमती नदी पर 12 मंजिला ऊंचा पुल तैयार, खूबसूरत तस्वीर सामने आई
एक टिकट पर किसी से भी यात्रा
MMRDA कॉमन मोबिलिटी ऐप और सिंगल कार्ड सिस्टम लॉन्च करेगा. मुंबई के यात्री एक ही टिकट या कार्ड से लोकल ट्रेन, मोनोरेल, मेट्रो, बस और पॉड टैक्सी का सफर कर सकेंगे, उन्हें अलग टिकट खरीदना नहीं पड़ेगा. इस ट्रांसपोर्ट नेटवर्क से मुंबईकरों को ऑटो-टैक्सी के झंझट और भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी. मुंबई में प्रदूषण घटाने के साथ स्मार्ट सिटी का सपना साकार होगा. ठाणे, नवी मुंबई या मीरा-भायंदर से कोलाबा और बीकेसी तक 30 से 45 मिनट में यात्रा संभव होगी.