मां की ममता जागी और घर के आंगन में गिर गईं चार लाशें, कातिल बेटे ने उसे ही बनाया पहला निशाना

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के अमोदा गांव में दिल दहला देने वाली वारदात. ग्रामीणों द्वारा बांधे गए आरोपी बेटे की मां ने जैसे ही रस्सियां खोलीं, उसने डंडे से हमला कर अपनी मां, नाना और नानी की हत्या कर दी. हमले में घायल एक 5 साल की बच्ची की भी इलाज के दौरान मौत हो गई है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से मां की ममता का खौफनाक अंजाम सामने आया है. यहां के करन पठार थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरई चौकी के गिजरी पंचायत के अमोदा गांव में एक युवक ने डंडे से हमला कर अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस जांच में जो सबसे हैरान करने वाली बात सामने आई है, वह यह है कि आरोपी को ग्रामीणों ने बांधकर रखा था, लेकिन उसकी सगी मां अनूपिया बाई ने सुबह अपने बेटे को बंधा देख उसकी रस्सियां खोल दी थीं. रस्सी खुलते ही आजाद हुए 32 वर्षीय आरोपी प्रेम सिंह गोंड ने उसी मां को सबसे पहले अपना निशाना बनाया और डंडे से पीट-पीटकर उसकी व अपने नाना-नानी की हत्या कर दी.

रस्सी खुलते ही डंडा उठाकर मचाया कत्लेआम

जैसे ही मां अनूपिया बाई ने आरोपी प्रेम सिंह की रस्सियां खोलीं, उसके सिर पर खून सवार हो गया. उसने बिना कोई वक्त गंवाए घर में रखा भारी-भरकम डंडा उठा लिया और अपने ही परिवार के लोगों पर जंगली जानवरों की तरह टूट पड़ा.

आरोपी ने सबसे पहले अपनी 50 वर्षीय मां अनूपिया बाई पर डंडे से ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं. इसके बाद बीच-बचाव करने आए उसके 75 वर्षीय नाना संपत सिंह गोंड और 70 वर्षीय नानी भन्नी बाई गोंड को भी आरोपी ने बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.आरोपी का गुस्सा इतने पर भी शांत नहीं हुआ. उसने डंडे मार-मारकर अपनी मां, नाना और नानी की मौके पर ही तड़पा-तड़पाकर हत्या कर दी.

घर के भीतर मची चीख-पुकार सुनकर जब आरोपी के मामा और उनकी दो बेटियां बचाने के लिए दौड़े, तो आरोपी ने उन पर भी जानलेवा हमला बोल दिया. इस हमले में मामा और उनकी दोनों बेटियों समेत कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए शहडोल के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया.

इलाज के दौरान पांच साल की मासूम बच्ची की भी मौत 

अस्पताल से आ रही बेहद दुखद खबर के मुताबिक, इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुई एक पांच साल की मासूम बच्ची ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. वह शहडोल मेडिकल कॉलेज में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही थी, लेकिन सिर पर गंभीर चोटें होने के कारण डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका. इस मासूम की मौत के बाद अब इस खौफनाक वारदात में जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर चार हो गई है, जिसमें मां, नाना, नानी और एक छोटी बच्ची शामिल हैं. बाकी घायलों का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है, जहां उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है. 
ये भी पढ़ें: 25 करोड़ की रंगदारी केस में बड़ा खुलासा: पुलिस रेड से पहले भागा शोएब ढेबर, आरक्षक ने दी गुप्त सूचना

Advertisement

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर, आरोपी प्रेम सिंह गोंड गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही करन पठार पुलिस और स्थानीय सरई चौकी की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस के साथ फॉरेंसिक और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने वाली टीम भी मौके पर पहुंची है, जो घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सबूत इकट्ठा कर रही है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेम सिंह गोंड को गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है कि उसने इस वारदात को अंजाम क्यों दिया. घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा और अन्य सबूत जब्त कर लिए गए हैं. पुलिस इस पूरे मामले की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटी है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.
ये भी पढ़ें: IAS ने जिसे दर्द से राहत के लिए रखा वही गला रेत कर भागा ! 3 दिन बाद 524 किमी दूर मिला मोबाइल, आरोपी अब भी फरार

Featured Video Of The Day
साल 2021 की ममता बनर्जी की चोट पर बवाल, शुभेंदु अधिकारी बोले चोट नकली थी

Topics mentioned in this article
Anuppur Murder Case
Madhya Pradesh Crime
Madhya Pradesh News
MP Crime News