- कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने केरल CM पिनराई विजयन के बाद अब तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन की तारीफ की है.
- उनके बयान पर मचे बवाल के बाद पवन खेड़ा ने स्पष्ट किया कि अय्यर पिछले कुछ वर्षों से कांग्रेस से जुड़े नहीं हैं.
- खेड़ा के बयान पर अय्यर ने उन्हें रटाऊ प्रवक्ता बताया, साथ ही कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को राउडी कहा.
कांग्रेस के बुर्जुग नेता मणिशंकर अय्यर अपनी ही पार्टी की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं. रविवार को केरल CM पिनराई विजयन पर उन्होंने ऐसा बयान दिया, जिससे पार्टी को खुद से किनारा करना पड़ा. कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा को यहां तक सफाई देनी पड़ी कि पिछले कुछ वर्षों से इस अनुभवी नेता का पार्टी से कोई संबंध नहीं है और वह पूरी तरह से अपनी व्यक्तिगत क्षमता में बोलते और लिखते हैं. अब अय्यर ने पवन खेड़ा सहित अन्य नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया दी है. इस प्रतिक्रिया में अय्यर विजयन के बाद अब एमके स्टालिन की तारीफ करते नजर आए.
अय्यर ने कहा था- विजयन बने रहेंगे केरल के सीएम
अय्यर के इन बयानों से कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ी हैं. BJP ने भी अय्यर के बयान के बहाने कांग्रेस पर हमला बोला है. दरअसल रविवार को मणिशंकर अय्यर ने कहा था कि पिनराई विजयन केरल के मुख्यमंत्री के रूप में ‘‘बने रहेंगे.'' उनके इस बयान पर कांग्रेस ने खुद को अलग करते हुए कहा कि बीते कुछ सालों से अय्यर का कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है.
अय्यर ने वेणुगोपाल को राउडी कहा, बोले- मैं राहुलवादी नहीं हूं
इस बीच मणिशंकर अय्यर ने भी पार्टी नेताओं पर हमला बोला. सोमवार को कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने पवन खेड़ा को रटा-रटाया पढ़ने वाला प्रवक्ता बताया. साथ ही कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को राउडी करार दे दिया. मणिशंकर अय्यर ने कहा- क्या आप सोच सकते हैं कि उस पार्टी की हालत क्या होगी, जो केसी वेणुगोपाल जैसे राउडी को सरदार पटेल और राहुल गांधी के लेवल तक ले जाती है? जवाब में मुझे बस इतना ही कहना है.
अय्यर ने अब तमिलनाडु सीएम स्टालिन की तारीफ की
साथ ही सोमवार को मणिशंकर अय्यर ने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन की तारीफ करते हुए कहा, "अगर इंडिया ब्लॉक को एकजुट करना है तो मेरे ख्याल से इसे एकजुट करने के लिए एमके स्टालिन सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं." अय्यर ने आगे कहा कि जब जवाहरलाल नेहरू के बाद कामराज को भारत का प्रधानमंत्री बनने के लिए कहा गया तो उन्होंने सिर्फ एक वाक्य कहा था - "न अंग्रेज़ी, न हिंदी. कैसे?" एमके स्टालिन भी उसी स्थिति में हैं.
मणिशंकर अय्यर ने आगे कहा कि राहुल गांधी भारत के प्रधानमंत्री बन सकते हैं, बशर्ते कोई ऐसा व्यक्ति हो जो अपना सारा समय इंडिया ब्लॉक को एकजुट करने में लगाए. वे एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने नारे नहीं, बल्कि मुद्दे उठाए हैं. उन्होंने कभी 'सूट-बूट सरकार', 'चौकीदार चोर है', 'वोट चोर गद्दी छोड़' जैसे नारे नहीं लगाए.
स्टालिन ने पिछले एक साल में भारत में संघवाद से संबंधित हर मुद्दे को उठाया है. इसलिए, मेरा मानना है कि वे इंडिया ब्लॉक के अध्यक्ष बनने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं और उनमें यह महान गुण है कि वे राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने के रास्ते में बाधा नहीं बनेंगे."
अय्यर का विजयन पर बयान, जिससे बढ़ी कांग्रेस की मुश्किलें
- केरल विधानसभा चुनाव से पहले अय्यर ने रविवार को विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के नेता विजयन राज्य के मुख्यमंत्री बने रहेंगे.
- उनकी टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा, ‘‘मणिशंकर अय्यर का पिछले कुछ वर्षों से कांग्रेस से कोई संबंध नहीं रहा है. वह पूरी तरह से अपनी निजी क्षमता से बोलते और लिखते हैं.''
- कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने खेड़ा की पोस्ट को ‘एक्स' पर टैग करते हुए कहा कि केरल की जनता अधिक जिम्मेदार और जवाबदेह शासन के लिए यूडीएफ को सत्ता में वापस लाएगी.
बवाल बढ़ने पर विजयन वाले बयान पर अय्यर की सफाई भी आई
हालांकि केरल वाले बयान पर बाद में मणिशंकर अय्यर की सफाई भी आई. उन्होंने कहा कि पिनराई विजयन के केरल के अगले मुख्यमंत्री होने संबंधी उनकी टिप्पणी को मीडिया ने “बढ़ा-चढ़ाकर पेश” किया है. अय्यर ने कहा कि यह टिप्पणी उनके भाषण में ‘‘सिर्फ आधी पंक्ति'' की थी.
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार उत्कृष्ट कार्य कर रही है. उन्होंने कहा, ‘‘यह भाषण मैंने योजना बोर्ड की प्रधान सचिव मैरी जोसेफ का वक्तव्य सुनने के बाद दिया था. उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं.''
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा- राहुल गांधी पर किसी नेता को भरोसा नहीं
कुछ कांग्रेस नेताओं द्वारा यह कहे जाने पर कि अय्यर अब पार्टी से जुड़े नहीं हैं, इसपर उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ही उन्हें संगठन से बाहर कर सकते हैं. मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी के बाद बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा, 'राहुल गांधी पर किसी भी नेता को भरोसा नहीं'.
यह भी पढ़ें - चायवाले से लेकर राजीव गांधी के फेल होने तक... बहुत लंबी है मणिशंकर अय्यर के विवादित बयानों की फेहरिस्त














