दिल्ली से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां सड़क किनारे जा रहे शख्स की सिर्फ इसलिए चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई क्योंकि उससे गलती से कीचड़ के छींटे उन लड़कों पर पड़ गया था. पुलिस ने इस मामले में अब पांच नाबालिगों को हिरास में ले लिया है. पुलिस के अनुसार ये घटना 9 जुलाई को केशव पुरम की ओर जाने वाले प्रेम बारी पुल के पास हुई थी. एक PCR कॉल से पुलिस को पता चला था कि एक शख्स घायल हालत में सड़क किनारे पड़ा हुआ है.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और देखा कि पीड़ित की छाती, पेट और अंगों पर गहरे जख्म हैं. उसे तुरंत दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.मृतक की पहचान दिल्ली के उधम सिंह पार्क के रहने वाले बंसी लाल के रूप में की गई है. वह पुरानी दिल्ली की लाला लाजपत राय मार्केट में एक CCTV की दुकान पर काम करता था.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमे जांच में पता चला है कि इस छोटी सी घटना के बाद तीखी बहस हुई और मामला जल्द ही आपसी झड़प में बदल गया. झगड़े के दौरान, एक नाबालिग ने कथित तौर पर चाकू निकाला और बंसी लाल पर कई बार हमला कर दिया, जबकि बाकी लड़कों ने भी हमले में साथ दिया और फिर मौके से फरार हो गए.
शुरुआत में, पुलिस को मौके पर कोई चश्मदीद गवाह नहीं मिला और उन्होंने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया. जांच के दौरान, CCTV फुटेज और स्थानीय जानकारी से जांचकर्ताओं को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली.
अशोक विहार पुलिस ने PCR कॉल मिलने के दो घंटे के भीतर ही कानून के साथ टकराव वाले सभी पांच बच्चों (CCLs) को पकड़ लिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है. आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: फर्जी एक्सपोर्ट कंपनी बनाकर देशभर के कारोबारियों से ठगी, दिल्ली पुलिस ने 18 आरोपी को दबोचा