झारखंड के धनबाद में बड़ा हादसा, कोयले के ढेर में दबकर 4 मजदूरों की मौत, कईयों के फंसे होने की आशंका

धनबाद में बीसीसीएल की कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार शाम ट्रक में स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी गिरने से कई ठेका मजदूर दब गए.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

झारखंड के धनबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर आ रही है. यहां भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया. कोयले की स्लरी (कोयले के ढेर) के नीचे दबने से 4 मजदूरों की मौत हो गई. कई और मजदूरों के दबे होने की आशंका है. बचाव और राहत कार्य जारी है. 

मुनीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत बीसीसीएल की कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार शाम करीब पांच बजे ये हादसा हुआ. ट्रक में स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक स्लरी गिरने से कई ठेका मजदूर दब गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. तुरंत राहत और बचाव का कार्य शुरू किया गया. 

पीटीआई के मुताबिक, अभी तक मौके से 4 शव बरामद किए जा चुके हैं. पक्ती पुलिस स्टेशन के इंचार्ज वकार हुसैन ने 4 मजदूरों के शव निकाले जाने की पुष्टि की है. कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के मद्देनजर राहत और बचाव का कार्य युद्धस्तर पर जारी है. जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है. 

देखें- बीजेपी नेता की 2 सगी बहनों से शादी, पहली पत्नी को शॉपिंग करवाई तो दूसरी नाराज; फिर आ गई मौत की खबर

Advertisement

मुनीडीह में इससे पहले पिछले महीने बीसीसीएल के बंद पड़े कैप्टिव पावर प्लांट में गैस रिसने से 4 लोगों की मौत हो गई थी. आरोप है कि ये लोग प्लांट के अंदर लोहा चोरी करने के लिए घुसे थे. क्लोरीन गैस की टंकी का पाइप काटने के दौरान वह फट गया और उसकी चपेट में आने से 4 लोग मारे गए, कई अन्य घायल हो गए.  

इससे पहले दिसंबर में हजारीबाग जिले में सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड की ओपन कास्ट खदान में हुए हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई थी. इस हादसे में रात करीब 11 बजे खदान की हाईवॉल कोयले से भरे एक ट्रक पर गिर गई थी. 

Advertisement

देखें- धनबाद में आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 साल के मासूम को नोंच-नोंच कर मार डाला, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
 

Featured Video Of The Day
Bengal Elections 2026: बंगाल चुनाव का 'गेमचेंजर' खेल? |Exit Poll Results | Mamata Banerjee | TMC
Topics mentioned in this article