पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है. राज्य में दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होनी है. इससे पहले प्रचार के आखिरी दिन चुनाव आयोग के छापेमारी की बड़ी खबर सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार जगद्दल और बैरकपुर में चुनाव आयोग की टीम छापेमारी कर रही है. आज ही बैरकपुर में पीएम मोदी की रैली भी होनी है, उससे पहले चुनाव आयोग की छापेमारी हो रही है.
मिली जानकारी के अनुसार IPS त्रिलोक की देखरेख में छापेमारी हो रही है. चुनाव आयोग के साथ-साथ NIA की टीम भी छापेमारी में शामिल है. छापेमारी में कई IPS भी मौजूद हैं. IPS चक्रेश मिश्रा, IPS राहुल साहुपवाड़ी सहित बीएसएफ के कई जवान इस छापेमारी में मौजूद है.
दक्षिण 24 परगना के विजयगंज बाजार विस्फोट मामले का आरोपी गिरफ्तार
आयोग ने केंद्रीय बलों को यह भी निर्देश दिया है कि वे बम निष्क्रिय करने की कार्रवाई तुरंत तेज करें और यह सुनिश्चित करें कि मतदान के दिन कहीं भी बम धमाका न हो. चुनाव आयोग की ओर से यह निर्देश ऐसे समय में आया है, जब रविवार को ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के विजयगंज बाजार विस्फोट मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है.
दूसरे चरण के मतदान से पहले पुलिस ने बम बरामदगी का अभियान भी शुरू कर दिया है. एक गुप्त सूचना के आधार पर नॉर्थ काशीपुर थाना क्षेत्र के मझेरहाट इलाके में छापेमारी की गई, जहां एक खाली मकान से संदिग्ध सामान और बारूद बरामद किया गया.
चुनाव आयोग ने रविवार को कोलकाता पुलिस और दक्षिण 24 परगना जिला पुलिस को सख्त चेतावनी भी दी. आयोग ने कहा कि 29 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान वाले इलाकों में अगर मतदाताओं को डराने-धमकाने या विस्फोटक के इस्तेमाल जैसी घटनाओं में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
चुनाव आयोग ने इस मामले में अलग-अलग थानों के थाना प्रभारी और इंस्पेक्टर-इन-चार्ज की जिम्मेदारी तय कर दी है. आयोग ने साफ कहा कि मतदान से पहले या मतदान के दिन मतदाताओं को डराने, धमकाने या बम के इस्तेमाल की कोई भी घटना होती है तो संबंधित थाना प्रभारी और अधिकारी सीधे जिम्मेदार माने जाएंगे.
यह भी पढ़ें - बंगाल: दूसरे चरण की वोटिंग से पहले 100 जिंदा बम बरामद, TMC कार्यकर्ता के घर के पीछे बगीचे में था रखा














