- महेंद्र सिंह धोनी ने झारखंड टूरिज्म का ब्रांड एंबेसडर बनने पर सहमति दे दी है. जल्द ही वह राज्य के पर्यटक स्थलों का प्रचार करते नजर आ सकते हैं.
- झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि धोनी के सहयोग से राज्य के खेल व पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
- धोनी इससे पहले झारखंड के वन एवं पर्यावरण विभाग के लिए ब्रांडिंग का काम कर चुके हैं और अब वह पर्यटन क्षेत्र में योगदान देंगे.
क्रिकेट के मैदान पर बल्ले से लोगों का दिल जीतने वाले महेंद्र सिंह धोनी अब नए अवतार में नजर आएंगे. धोनी ने झारखंड पर्यटन विभाग का ब्रांड एंबेसडर बनने के लिए अपनी सहमति दे दी है. जल्द ही वह देश-विदेश के टूरिस्टों को झारखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थलों से अवगत कराते हुए दिखेंगे.
पर्यटन मंत्री की धोनी से मुलाकात
झारखंड सरकार में पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मामलों के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शनिवार को महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की. यह मुलाकात JSCA स्टेडियम में हुई. बैठक में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ साहदेव और धोनी के मित्र चित्तू भी मौजूद थे. इस दौरान धोनी से राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई.
ब्रांड एंबेसडर बनने पर दी सहमति
बताया गया कि चर्चा के बाद भारतीय क्रिकेट के विश्वविजयी कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने झारखंड टूरिज्म का ब्रांड एंबेसडर बनने पर सहमति दे दी. कागजी प्रक्रिया निपटने के बाद धोनी जल्द ही देश-विदेश के लोगों को झारखंड के पर्यटन स्थलों की जानकारी देते और वहां घूमने की अपील करते हुए नजर आ सकते हैं.
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने धोनी से मुलाकात के बाद कहा कि सकारात्मक बातचीत हुई है. जैसे ही कुछ विशेष होगा, सभी के साथ शेयर किया जाएगा. हालांकि सोशल साइट्स पर उन्होंने पोस्ट करके स्थिति साफ कर दी.
मंत्री ने लिखा कि राज्य के खेल एवं पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महेंद्र सिंह धोनी का सहयोग सरकार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा. उनकी विशेषज्ञता और अनुभव से निश्चित रूप से विकास को गति मिलेगी.
बता दें कि इसके पहले झारखंड में अर्जुन मुंडा सरकार के दौरान महेंद्र सिंह धोनी वन एवं पर्यावरण विभाग के लिए ब्रांडिंग का काम कर चुके हैं.