उत्तर प्रदेश को एक और नए एक्सप्रेसवे की सौगात मिल गई है. केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. 63 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे यूपी की राजधानी लखनऊ और औद्योगिक राजधानी कानपुर को और करीब लाएगा. इस एक्सप्रेस से दोनों शहरों के बीच का सफर तीन घंटे से घटकर 40 मिनट होने की उम्मीद है. उद्घाटन के बाद यह हाईस्पीड एक्सप्रेस-वे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा.
क्यों है खास?
4200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस छह-लेन वाले एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे में तीन इंटरचेंज, दो फ्लाईओवर, एक रोड ओवरब्रिज (ROB), चार बड़े पुल, 25 छोटे पुल, 12 गाड़ियों के लिए अंडरपास, 14 हल्के वाहनों के लिए अंडरपास, 11 पैदल यात्रियों के लिए अंडरपास और दो रास्ते में रुकने की सुविधाएं शामिल हैं.
बेहद एडवांस सुविधाओं से है लैस
एक्सप्रेसवे में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) भी लगाया गया है, जिसमें 21 वेरिएबल मैसेज साइन (VMS), 63 PTZ कैमरे, 27 वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम (VIDS), 62 इमरजेंसी कॉल बॉक्स, छह स्पीड मापने वाले रडार और नौ स्टैटिक वे-ब्रिज शामिल हैं.
चार नाम से जाना जाएगा
- नेशनल एक्सप्रेसवे-6 (NE-6)
- अवध एक्सप्रेसवे
- ग्रीन कॉरिडोर एक्सप्रेसवे
- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे
लखनऊ-कानपुर के बीच कनेक्टिविटी होगी और मजबूत
इस प्रोजेक्ट से लखनऊ और कानपुर के बीच कनेक्टिविटी में काफी सुधार होने, मौजूदा हाईवे पर भीड़ कम होने और ईंधन की खपत व कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की उम्मीद है. एक्सप्रेसवे से कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामानों के तेजी से परिवहन में भी मदद मिलेगी, साथ ही कॉरिडोर के किनारे वेयरहाउसिंग, लॉजिस्टिक्स, उद्योगों, पर्यटन और आवासीय प्रोजेक्ट्स के विकास को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र में रोज़गार के अवसर पैदा होंगे.
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे: एक नजर में
कुल लंबाई: 63 किलोमीटर
कुल लागत: ₹4,200 करोड़
वर्तमान लेन : 6 लेन (भविष्य में 8 लेन का प्रावधान)
ग्रीनफील्ड हिस्सा: 45.2 किलोमीटर (90 मीटर चौड़ा)
एलिवेटेड हिस्सा: 17.5 किलोमीटर
अधिकतम स्पीड कार: 120 किमी/घंटा | ट्रक: 100 किमी/घंटा
यात्रा का समय: 2-3 घंटे से घटकर सिर्फ 45 मिनट
पर्यावरण कदम: 4 लाख क्यूबिक मीटर फ्लाई ऐश का इस्तेमाल, 46,000 पौधे
सुरक्षा फीचर्स: सीसीटीवी मॉनिटरिंग, स्ट्रीट लाइट्स, दोनों तरफ लोहे की जाली, डिवाइडर बैरियर
इस कार्यक्रम में लखनऊ से लोकसभा सांसद और रक्षा मंत्री सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी भी शामिल हुए.