- मुंबई पुलिस की जांच में पता चला है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने आमिर खान के घर की तीन बार रेकी की थी
- आमिर खान के घर की कड़ी सुरक्षा और अनियमित रूटीन के कारण हमलावर उन्हें निशाना बनाने में असफल रहे
- गैंग ने सलमान खान के घर की भी रेकी की, लेकिन सुरक्षा के कारण उन्होंने अपना निशाना बदल दिया
मुंबई पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग से पहले बॉलीवुड एक्टर आमिर खान के घर की तीन बार रेकी की गई थी. पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हमलावरों ने आमिर खान के बांद्रा स्थित घर के आसपास करीब एक महीने तक रहकर तीन बार रेकी की थी. आमिर खान या तो शूटिंग के सिलसिले में बाहर रहते थे या फिर लंबे समय तक अपने घर से बाहर नहीं निकलते थे, जिससे हमलावरों को उन तक पहुंचना मुश्किल लगा.
बताया जाता है कि इसके बाद शूटर्स ने अपना प्लान बदला और 18 अक्टूबर 2026 को जुहू में फुटबॉल खेलकर जाते समय टाइगर श्रॉफ की कार पर हमला कर दिया, क्योंकि टाइगर बिना ज्यादा सुरक्षा के आसानी से लोगों से मिलते थे.
आमिर खान के घर की तीन बार रेकी
आमिर खान बांद्रा इलाके में रहते हैं. शूटरों ने आमिर खान के घर की करीब तीन बार रेकी की थी, लेकिन आमिर खान के घर से बाहर कम निकलने और उनकी सख्त सुरक्षा, अनिश्चित रूटीन के कारण उन तक पहुंचना आसान नहीं था. बताया जा रहा है कि इस आदत और पहुंच से बाहर होने के कारण आमिर खान हमले से बच गए.
अभिनेता आमिर खान ने 5 जुलाई 2026 को गौरी स्प्रैट से तीसरी शादी की है. सोशल मीडिया पर आरजू बिश्नोई और टाइसन बिश्नोई के नाम से एक ऑडियो और पोस्ट भी सामने आया है, जिसमें दावा किया गया कि आमिर खान की तीसरी शादी लव जिहाद को बढ़ावा देती है और सनातन संस्कृति के खिलाफ है. रेकी की बात सामने आने के बाद मुंबई पुलिस इस पूरे मामले की और वायरल ऑडियो की भी जांच कर रही है.
टाइगर श्रॉफ कैसे बने टारगेट?
बड़े सितारों सलमान खान, आमिर खान की कड़ी सुरक्षा या पहुंच से बाहर होने के बाद शूटरों ने ऐसे सेलिब्रिटी को ढूंढना शुरू किया, जिनके पास पुलिस सुरक्षा नहीं है. सोशल मीडिया रील्स और इंस्टाग्राम के जरिए उन्हें पता चला कि टाइगर श्रॉफ हर रविवार को जुहू के पुष्पा नरसी ग्राउंड में फुटबॉल खेलने जाते हैं. इसके बाद वे टाइगर श्रॉफ को आसान शिकार समझकर उन पर हमला कर दिया.
पुलिस के मुताबिक, यह साजिश बॉलीवुड में खौफ पैदा करने और किसी बड़े सितारे को निशाना बनाने के लिए रची गई थी. इस मामले में अमेरिका में बैठे अनिल पंडित नाम के शख्स और लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया है.
इसे भी पढ़ें: देश में लव जिहाद के नाम पर... लॉरेंस बिश्नोई गैंग की अब आमिर खान को खुली धमकी, 3 बार घर की रेकी भी की
इसे भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर हमले के समय तुर्की मेड जिगना पिस्टल हुई थी जाम, बॉलीवुड एक्टर बोले- मैं अभी भी सदमे में हूं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं