- कलकत्ता हाईकोर्ट ने EC के अधिकार क्षेत्र को मान्यता देते हुए TMC की याचिका को खारिज कर दिया था
- हाईकोर्ट ने मतगणना प्रक्रिया में दखल देने से कर दिया था इनकार
- SC में TMC की याचिका पर शनिवार को सुनवाई हो सकती है, जिसके लिए CJI ने दो जजों की स्पेशल बेंच गठित की है
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का परिणाम आने में अभी भले दो दिन का समय हो लेकिन सूबे में सियासी पारा कम होने का नाम नहीं ले रहा है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) लगातार चुनाव आयोग को लेकर हमलावर दिख रही है. ताजा मामले में TMC ने कलकत्ता हाईकोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है जिसके तहत केंद्रीय कर्मचारी और PSU को ही काउंटिंग सुपरवाइजर बनाने को सही बताया था. इस मामले में शनिवार को सुनवाई हो सकती है.
आपको बता दें कि गुरुवार को कलकत्ता हाईकोर्ट ने चुनाव आयोग के खिलाफ TMC की याचिका पर सुनवाई करते हुए उसकी याचिका को खारिज कर दिया था. साथ ही कहा था कि चुनाव आयोग को इसे तय करने का पूरा अधिकार है कि मतों की गणना के समय सेंटर पर कौन होगा.कोर्ट ने कहा था कि ऐसी नियुक्तियां पूरी तरह से चुनाव आयोग के अपने अधिकार क्षेत्र में आती हैं और इनमें कोई भी गैर-कानूनी बात या अधिकार क्षेत्र की कमी नहीं है.सूत्रों के अनुसार TMC की नई याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में शनिवार को सुनवाई हो सकती है. CJI सूर्यकांत ने दो जजों की स्पेशल बेंच के गठन का निर्देश दे दिया है.
कोर्ट ने मतगणना की प्रक्रिया में दखल देने से इनकार कर दिया था. कोर्ट ने ज़ोर देकर कहा था कि चल रहे चुनाव के दौरान न्यायिक दखल सीमित होता है और सिर्फ़ तभी ज़रूरी होता है जब कोई साफ़ तौर पर गैर-कानूनी काम हुआ हो, जो कि इस मामले में साबित नहीं हुआ था. कोर्ट ने संभावित पक्षपात के आरोपों को भी ख़ारिज कर दिया, यह देखते हुए कि गिनती की प्रक्रिया कई सुरक्षा उपायों के साथ की जाती है, जैसे कि माइक्रो-ऑब्ज़र्वर, गिनती एजेंट और CCTV निगरानी, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होती है.
यह भी पढ़ें: खिड़कियां सील, एक गेट पर 2 ताले, 24 घंटे CCTV की नजर... स्ट्रांग रूम में कैसे रखे जाते हैं EVM और बैलेट बॉक्स?
यह भी पढ़ें: बंगाल में बवाल: रात 12 बजे तक स्ट्रांग रूम में रहीं ममता, BJP ने कहा- सब फर्जी; EVM को लेकर सियासी संग्राम













