- उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं हुई, जबकि पड़ोसी देशों को दिक्कतें हैं
- भारत के कच्चे तेल के सोर्स पहले से बढ़कर चालीस हो गए हैं, जिससे सप्लाई चेन परफेक्ट बनी हुई है
- सरकार ने विपक्ष के साथ ऑल पार्टी मीटिंग में पश्चिम एशिया की स्थिति और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने NDTV के इंडिया सस्टेनेबिलिटी मिशन 2.0 में कहा कि देश में LPG नहीं बल्कि LOP (लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी) की समस्या है. इस खास मौके पर प्रह्लाद जोशी ने कहा कि मैं ऐसा क्यों कह रहा हूं इसकी भी एक वजह है. LOP एक समस्या इसलिए है क्योंकि ईरान-इजरपायल युद्ध शुरू होने के कुछ दिन बाद ही उन्होंने देश में बोलना शुरू कर दिया था कि पेट्रोल-डीजल खत्म हो जाएगा. और हमारे पास एलपीजी नहीं है. जबकि आज के दिन हमारे यहां पेट्रोल-डीजल की कोई दिक्कत ही नहीं है. जबकि हमारे पड़ोसी देशों में इसकी काफी दिक्कत है. मैं आपको ये भी बताना चाहता हूं कि कच्चे तेल के लिए देश के पास जो पहले सोर्स थे वो अब 27 से बढ़कर 40 हो गए हैं. ये बात अलग है कि एलपीजी के सोर्स हमारे पास कम है. लेकिन इसके बावजूद भी हमने सप्लाई चेन परफेक्ट रखा है. ये सब होते ही हुए भी डर फैलाना कहीं से सही है क्या? राहुल गांधी मोदी सरकार का विरोध करते हुए भारत का ही विरोध करने लगे हैं.
प्रह्लाद जोशी ने आगे कहा कि आज वो पाकिस्तान की बात कर रहे थे, मैं आपको बता दूं कि पाकिस्तान वो देश है जहां आज सारी व्यवस्थाएं ठप हो चुकी हैं. आज कांग्रेस का बयान पाकिस्तान की तरह ही हो गया है. राहुल गांधी विदेश नीति की बात करते हैं क्या विदेश नीति के बारे में हमें राहुल गांधी से सीखने की जरूरत है? वो कुछ भी बात करते हैं.
आपको बता दें कि सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच बुधवार को ऑल पार्टी मीटिंग भी बुलाई. इस बैठक में सरकार ने पश्चिम एशिया के हालात और सरकार की तैयारियों के बारे में विस्तार से बात रखी. इस मीटिंग में टीएमसी को छोड़कर बाकी सभी पार्टियों के सांसद शामिल हुए. मीटिंग लगभग दो घंटे तक चली. बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि विपक्ष के जो भी सवाल थे और जितने भी भ्रम थे, उन सभी को सरकार ने पूरी तरह से साफ कर दिया है.
उन्होंने बताया कि कई सदस्य होर्मुज के रास्ते गैस और पेट्रोलियम की आपूर्ति से जुड़ी जानकारी जानना चाहते थे और वे सभी इस बात से संतुष्ट थे कि भारत ने पहले ही 4 जहाज सुरक्षित कर लिए हैं.रिजिजू ने कहा कि सरकार ने विपक्ष के सभी सवालों के जवाब दिए. उन्होंने कहा कि बैठक के आखिर में विपक्ष के सभी साथियों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में, सरकार जो भी फैसला लेगी, मौजूदा हालात के हिसाब से जो भी कदम उठाएगी, सभी उसका एकजुट होकर समर्थन करेंगे.
यह भी पढ़ें: युद्ध रोकने का अमेरिका का प्रस्ताव ईरान ने किया खारिज, रखीं 5 नई शर्तें - रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: ईरान का अब क्रूज मिसाइल से USS अब्राहम लिंकन पोत पर हमले का दावा, जानें कादिर मिसाइल कितनी घातक?












