आईआईटीएन बाबा के नाम से कुंभ में मशहूर अभय सिंह की शादी की चर्चा खुब हो रही है. अभय सिंह ने इंजीनियर प्रीतिका से शादी की है. हालांकि यह शादी महाशिवरात्रि के मौके पर 15 फरवरी को हुई थी. लेकिन मीडिया में उनकी शादी की चर्चा अब शुरू हुई है. IITIAN बाबा उर्फ अभय सिंह अपने गृह जिला झज्जर पहुंचे. झज्जर पहुंचने पर परिवार और स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इसके बाद अभय सिंह अपनी पत्नी प्रीतिका के साथ अपने पैतृक गांव सासरौली पहुंचे,जहां पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सभी रस्में निभाई गईं.
गांव पहुंचने पर नव दंपति ने सबसे पहले मंदिर में परिवार के साथ पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की. इस दौरान पारंपरिक 'संटा-संटी' की रस्म भी निभाई गई, जो ग्रामीण संस्कृति का अहम हिस्सा मानी जाती है.
क्या है संटा-संटी का रस्म
गुर्जर समाज में 'संटा-संटी' की रस्म विवाह के बाद की जाती है, जो अनोखी और हंसी-मजाक वाली रस्म है. आमतौर पर शादी के बाद घर आने पर निभाई जाती है. इसमें नवविवाहित जोड़ा (दूल्हा-दुल्हन) शहतूत या कत्थे की छड़ी (संटी) से एक-दूसरे को सांकेतिक रूप से मारते हैं, जिसमें भाभी और घर की महिलाएं दुल्हन का पक्ष लेती हैं.
रस्म में पूजा इसके बाद दोनों ने अपने माता-पिता और गांव के बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया. परिवार ने नई बहू प्रीतिका का पूरे विधि-विधान से स्वागत किया, जिससे घर का माहौल खुशी और उत्साह से भर गया. अभय सिंह की शादी कर्नाटक की रहने वाली प्रीतिका के साथ हुई है. प्रीतिका इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुकी हैं और पिछले एक साल से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में थे. दोनों ने महाशिवरात्रि के दिन हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध अघंजर महादेव मंदिर में विधिवत विवाह किया. इसके बाद 19 फरवरी को दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की, जिससे उनके रिश्ते को कानूनी मान्यता मिली.
स्थानीय लोगों में भी उत्साह
अभय सिंह के पिता कर्ण सिंह पेशे से वकील हैं और झज्जर बार एसोसिएशन में प्रैक्टिस करते हैं. परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा के चलते इस विवाह को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला. गांव सासरौली में आयोजित इस पारंपरिक कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की भी अच्छी खासी भागीदारी रही. लोगों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की. अभय सिंह, जो अपनी अलग पहचान के चलते पहले ही चर्चा में रह चुके हैं, अब अपने इस नए जीवन की शुरुआत को लेकर भी सुर्खियों में हैं.
यह भी पढ़ेंः कौन हैं IIT बाबा की पत्नी 'प्रीतिका', कहां मुलाकात... कब हुई शादी; बताया- क्या है, आगे दोनों का प्लान














