हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार को खतरनाक तरीके से लैंडस्लाइड हो गया. चुराह उपमंडल के अंतर्गत बघेईगढ़–चांजू सड़क मार्ग पर चुरसियो के पास हुए भयानक लैंडस्लाइड का वीडियो भी सामने आया है. अचानक से पहाड़ी दरकने से सड़क पूरी तरह बंद हो गई. गनीमत रही कि जिस दौरान भयानक लैंडस्लाइड हुआ, उस समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था. नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता है. पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा.
सड़क पर पहले से रोक दी थी आवाजाही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंडस्लाइड से पहले ही पहाड़ी से छोटे-छोटे पत्थर गिरने लगे थे. स्थिति भांपते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और समय रहते वाहनों की आवाजाही बंद करवा दी. जिस समय लैंडस्लाइड हुआ, उससे पहले ही सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई थी. इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया.
बघेईगढ़–चांजू सड़क मार्ग पर चुरसियो के पास लैंडस्लाइड का वीडियो भी सामने आया है. 45 सेकंड के वीडियो में पहले तो पहाड़ी से छोटे-छोटे से पत्थर गिर रहे हैं. इसके कुछ ही देर बाद अचानक से पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया और पूरी सड़क को चपेट में लेते हुए मलबा खाई तक जा गिरा.
बघेईगढ़–चांजू सड़क मार्ग जाने से बचें
लैंडस्लाइड के चलते सड़क पर भारी मलबा जमा हो गया है और सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है. इसकी सूचना लोक निर्माण विभाग को दे दी गई है. जिस पर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सड़क पर गिरे मलबे को हटाने का काम शुरू हो गया है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल बघेईगढ़–चांजू सड़क मार्ग का उपयोग न करें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें. (सुभाष महाजन के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें-
हिमाचल में बन रहा पुल अचानक ढहा, अंतिम चरण में था निर्माण - Video हुआ वायरल
हिमाचल: अप्रैल में दिसंबर जैसी ठंड, अटल टनल-लाहौल में बर्फबारी ; अगले 4 दिन का जानें मौसम














