Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा में रविवार को पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हो गया. थाना बीटा‑2 क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ में जवाबी फायरिंग के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है.
वाहन चेकिंग के दौरान दिखे संदिग्ध
पुलिस के मुताबिक, बीटा‑2 थाना पुलिस ओमेक्स गोलचक्कर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए. जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों ने भागने की कोशिश की.
पुलिस पर की फायरिंग
भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. इसी दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा. घायल बदमाश की पहचान सोनू श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो वर्तमान में भंगेल क्षेत्र में रह रहा था. पुलिस ने उसके पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और लूटी गई सोने की चेन बरामद की है.
चेन स्नैचिंग के मामले में था वांछित
पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनू श्रीवास्तव ने बीते 11 अप्रैल को जगतफार्म मार्केट से एक महिला की सोने की चेन लूटी थी. आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट सहित चोरी और लूट के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है ताकि फरार बदमाश को जल्द गिरफ्तार किया जा सके. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन‑कौन शामिल है.
फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश शातिर किस्म का लुटेरा है और इसके खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके नेटवर्क और फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है.














