भारतीय रेल के आधुनिकीकरण पर रिकॉर्ड निवेश कर रही है सरकार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि रेल लाइनों का दोहरीकरण और उनके विद्युतीकरण का काम रिकॉर्ड गति से हो रहा है. पूर्वी और पश्चिमी माल ढुलाई गलियारे देश की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे.

विज्ञापन
Read Time: 22 mins
पीएम ने कहा कि आज भारत में रेलवे के कायाकल्‍प का राष्‍ट्रव्‍यापी अभियान चल रहा है.
कोलकाता:

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौजूदगी में शुक्रवार को हावड़ा और न्यू जलपाईगुड़ी को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. उन्होंने कहा कि रेलवे के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए केंद्र सरकार रिकार्ड निवेश कर रही है. न्यू जलपाईगुड़ी सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों को हवाई अड्डों की तरह विकसित किया जा रहा है.

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के लिए चार रेलवे परियोजनाओं की भी शुरुआत की और न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला रखी. प्रधानमंत्री को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंचना था, लेकिन शुक्रवार तड़के उनकी मां हीराबेन का निधन हो गया. गांधीनगर के मुक्ति धाम में प्रधानमंत्री की मां का अंतिम संस्‍कार किया गया. अंतिम संस्कार के बाद प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्‍यम से अहमदाबाद से इस कार्यक्रम में शामिल हुए.

प्रधानमंत्री ने कहा कि रेल लाइनों का दोहरीकरण और उनके विद्युतीकरण का काम रिकॉर्ड गति से हो रहा है. पूर्वी और पश्चिमी माल ढुलाई गलियारे देश की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाएंगे. आज वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत उस भूमि से की गई हैं जहां ‘वंदे मातरम्' का जयघोष हुआ था.

मोदी ने कहा कि आज 30 दिसंबर की तारीख का भी इतिहास में अपना बहुत महत्व है, क्योंकि 1943 में आज ही के दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने अंडमान में तिरंगा फहराकर भारत की आजादी का बिगुल फूंका था. इस 21वीं सदी में भारत के तेज विकास के लिए भारतीय रेलवे का भी तेज विकास और भारतीय रेलवे में तेज सुधार बहुत जरूरी है. इसलिए आज केंद्र सरकार भारतीय रेलवे को आधुनिक बनाने के‍ लिए, रेलवे अवसंरचना को आधुनिक बनाने के लिए रिकॉर्ड निवेश कर रही है. आज भारत में भारतीय रेलवे के कायाकल्‍प का राष्‍ट्रव्‍यापी अभियान चल रहा है.

Advertisement

पीएम ने कहा कि आज वंदे भारत, तेजस, हमसफर जैसी आधुनिक ट्रेन देश में बन रही हैं, तो विस्टा–डोम कोच रेल यात्रियों को नए अनुभव करा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज सुरक्षित, आधुनिक कोच की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हो रही है. आज रेलवे स्‍टेशन को भी एयरपोर्ट की तरह विकसित किया जा रहा है. न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन भी इसी सूची में शामिल है.

उन्होंने कहा कि बीते आठ वर्षो में भारतीय रेलवे ने आधुनिकता की नींव पर काम किया है और अब आने वाले आठ वर्ष में भारतीय रेलवे को आधुनिकता की नई यात्रा पर निकलते हुए देखेंगे. भारत जैसे युवा देश के लिए भारतीय रेल भी युवा अवतार लेने जा रही है और इसमें निश्चित तौर पर 475 से ज्यादा वंदे भारत ट्रेन की बड़ी भूमिका होगी.

Advertisement

जल प्रदूषण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि केंद्र नदियों के प्रदूषण को रोकने पर जोर दे रहा है. पश्चिम बंगाल में 25 नई सीवर उपचार परियोजनाएं होंगी, जिनमें से 11 पहले ही पूरी हो चुकी हैं, जबकि सात का आज उद्घाटन किया जाएगा.

प्रधानमंत्री ने बाद में कहा कि पश्चिम बंगाल में गंगा को स्वच्छ बनाने और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कई पहल की गई है. उन्होंने कहा कि ‘भारत अपनी ‘जल शक्ति' बढ़ाने की ओर काम कर रहा है. 13 जनवरी को उत्तर प्रदेश के वाराणसी से बांग्लादेश के जरिए असम में डिब्रूगढ़ तक एक क्रूज जहाज चलेगा. कुल 3,200 किलोमीटर लंबी यह यात्रा दुनिया में अपनी तरह का पहला सफर होगा और यह देश में बढ़ते क्रूज पर्यटन को दर्शाता है.

मोदी ने बुनियादी ढांचे पर 600 करोड़ रुपये खर्च करके नदी को साफ करने की आदि गंगा योजना पर भी बात की. उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत काल के इस साल में हम देश को आगे ले जाने के लिए भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण अपनाएंगे. दुनिया भारत को बड़े विश्वास के साथ देख रही है. इस उम्मीद पर खरा उतरने के लिए हर भारतीय को कड़ी मेहनत करनी होगी.

वंदे भारत एक्सप्रेस हावड़ा और पूर्वोत्तर के प्रवेश द्वार न्यू जलपाईगुड़ी को जोड़ेगी. अधिकारियों ने कहा कि नीले-सफेद रंग की यह ट्रेन सात घंटे 45 मिनट में 564 किमी की दूरी तय करेगी. इससे इस मार्ग पर अन्य रेलगाड़ियों की तुलना में यात्रा के समय में तीन घंटे की बचत होगी. इसके तीन स्टेशन बारसोई, मालदा और बोलपुर होंगे। अत्याधुनिक ट्रेन में 16 डिब्बे हैं.

Advertisement

यह अत्याधुनिक सेमी हाई स्पीड गाड़ी उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं से लैस है. गाड़ी दोनों दिशाओं में आते-जाते समय मालदा टाउन, बारसोई और किशनगंज स्टेशनों पर रुकेगी. आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त वंदे भारत एक्सप्रेस को नियमित यात्रियों, चाय उद्योग से जुड़े अधिकारियों और उत्तरी बंगाल और सिक्किम में हिमालयी क्षेत्र की यात्रा करने वाले पर्यटकों द्वारा पसंद किए जाने की संभावना है.
 

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Bengal Elections 2026: 2nd Phase Voting से पहले TMC-BJP कार्यकर्ता भिड़े! | PM Modi
Topics mentioned in this article