- गाजियाबाद के थाना कविनगर क्षेत्र के ग्रीन फील्ड स्कूल परिसर में तेंदुए के दिखने से हड़कंप मच गया है
- तेंदुए की मौजूदगी स्कूल के पीछे लगे प्लेइंग ग्राउंड के सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट रूप से कैद हुई है
- स्कूल को खाली करवा दिया गया है और सुरक्षा के कारण छात्रों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगा दी गई है
थाना कविनगर क्षेत्र के गोविंदपुरम स्थित ग्रीन फील्ड स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूल परिसर के भीतर एक तेंदुए को देखा गया. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया गया. एहतियात के तौर पर स्कूल को खाली करा लिया गया था और छात्रों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी.
8 घंटे बाद पकड़ा गया तेंदुआ
गाजियाबाद में तेंदुआ देखने के बाद उसे पकड़ने के लिए करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. मेरठ और गाजियाबाद के वन विभाग के अधिकारी और कमर्चारी मौजूद रहे. पहले ड्रोन से तलाशी गई, लोकेशन में पहुंचने के बाद उसे बेहोश किया गया, बाद में तेंदुए को रेस्क्यू कर के ले जाया गया.
सीसीटीवी (CCTV) में कैद हुआ तेंदुआ
तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि स्कूल के पीछे की तरफ लगे प्लेइंग ग्राउंड के सीसीटीवी कैमरों से हुई है. फुटेज में तेंदुए को स्कूल के मैदान में घूमते हुए साफ देखा जा सकता है. जैसे ही यह खबर फैली, इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्कूल के बाहर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
मेरठ से बुलाई गई एक्सपर्ट टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए गाजियाबाद वन विभाग के साथ-साथ मेरठ से भी विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया. तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए जाल और अन्य उपकरणों के साथ सर्च अभियान चलाया गया.














