गांधी परिवार खुद को कानून से ऊपर मानता है, राहुल की अयोग्यता पर बहा रहा आंसू : अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर ने कहा, 'न तो प्रियंका गांधी और न ही कांग्रेस के किसी अन्य नेता ने राहुल गांधी को राजनीतिक परिदृश्य से हटाने की साजिश के आरोपों का जवाब दिया है. ये कौन लोग हैं जो राहुल गांधी से छुटकारा पाना चाहते हैं?

विज्ञापन
Read Time: 15 mins
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की मंशा पर भी उठाए सवाल.
नई दिल्ली:

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बृहस्पतिवार को कहा कि आपराधिक मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद लालू प्रसाद सहित 14 जन प्रतिनिधियों को अयोग्य घोषित किया गया है. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार खुद को कानून से ऊपर मानता है. राहुल गांधी को लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराये जाने के लिए आंसू बहा रहा है.

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के उन दावों का प्रतिवाद किया कि उनके परिवार ने ‘‘देश के लिए बलिदान'' दिया है. ठाकुर ने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार की तीन पीढ़ियों ने 60 वर्षों तक देश में शासन किया. वहीं, स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने वाले हजारों लोग संसद तक नहीं पहुंच सके.

एक चैनल के कार्यक्रम में सूचना एवं प्रसारण मंत्री ठाकुर ने गांधी परिवार पर खुद को कानून, संसद एवं देश से ऊपर मानने और जर्मनी, अमेरिका एवं ब्रिटेन के सामने ‘‘घुटने टेकने'' का आरोप लगाया.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ठाकुर ने कहा, ‘‘वे भूल गए कि भारत के लोग मतदान करते हैं. वे विदेशों में आंसू बहा सकते हैं, लेकिन यहां गुजरात से त्रिपुरा से मेघालय और नगालैंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा ... हर जगह भाजपा ने जीत दर्ज की है.''

Advertisement

कांग्रेस ने आपराधिक मानहानि मामले में लोकसभा की सदस्यता के लिए राहुल गांधी की अयोग्यता को 'लोकतंत्र पर हमला' करार दिया था. ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को राजनीतिक परिदृश्य से 'हटाने' के लिए कांग्रेस के अंदर एक साजिश है.

ठाकुर ने कहा, 'न तो प्रियंका गांधी और न ही कांग्रेस के किसी अन्य नेता ने राहुल गांधी को राजनीतिक परिदृश्य से हटाने की साजिश के आरोपों का जवाब दिया है. ये कौन लोग हैं जो राहुल गांधी से छुटकारा पाना चाहते हैं? किसने इस साजिश की पटकथा लिखी है.'

Advertisement

उन्होंने दावा किया कि लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहराए जाने के बाद राहुल गांधी के समर्थन में गिने-चुने लोग ही सड़कों पर उतरे हैं.

ये भी पढ़ें:-

"लोकतंत्र पर आए खतरों से खुद निपटना होगा": दिग्विजय सिंह के बयान पर कांग्रेस का डैमेज कंट्रोल

VIDEO: बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने कहा- राहुल गांधी अच्छे इंसान, उनके सलाहकार उन्हें कर रहे गुमराह


 

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Iran Israel War | Bharat Ki Baat Batata Hoon: ईरान नहीं रूस में है Mojtaba Khamenei?