FATF रिपोर्ट ने कांग्रेस का भ्रष्टाचार उजागर किया, इसपर क्यों नहीं बोलते राहुल गांधी : अनुराग ठाकुर

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं प्रियंका गांधी से पूछना चाहूंगा कि क्या ये दबाव बनाया गया था? और अगर बनाया गया तो आखिर क्यों?

विज्ञापन
Read Time: 11 mins
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना
नई दिल्ली:

फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स(FATF) की ताजा रिपोर्ट को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है. अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस का एक के बाद एक भ्रष्टाचार का मॉडल सामने आ रहा है. कभी नेशनल हेराल्ड कभी दूसरा, कभी तीसरा. अब विदेशी एजेंसी FATF की केस स्टडी में पाया गया है कि कैसे UPA की सरकार में एक केंद्रीय मंत्री द्वारा प्रियंका गांधी की पेंटिंग को 2 करोड़ रुपये में खरीदने का दबाव बनाया गया था.

उन्होंने आगे कहा कि अभी तक देश की मीडिया और आम जनता FATF की चर्चा सिर्फ इस बात के लिए करते थे कि पाकिस्तान ग्रे लिस्ट में रहेगा या उससे भी आगे की लिस्ट में जाएगा. लेकिन अब उसी FATF की फिर चर्चा है भारत के संदर्भ में. एक परिवार ने पूरी दुनियां के सामने देश का सर शर्म से झुका दिया है. FATF की एक केस स्टडी में देश की नहीं बल्कि देश के एक रसूखदार परिवार की कारगुजारियां शामिल हुई है.

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी का नाम लेते हुए उनसे सीधा सवाल पूछा. उन्होंने कहा कि मैं प्रियंका गांधी से पूछना चाहूंगा कि क्या ये दबाव बनाया गया था? और अगर बनाया गया तो आखिर क्यों? उस पेंटिंग से आए 2 करोड़ रुपए किस पर खर्च हुए? ये मिस्टर R कौन हैं जिनसे पैसे लेने और पेंटिंग देने का काम किया गया? वो देश में हैं या विदेश में हैं? क्या पैसे के बदले पद्मभूषण, क्या पेंटिंग के बदले पद्मभूषण ये कांग्रेस का भ्रष्टाचार मॉडल है? और कितने राष्ट्रीय सम्मान आपने पैसे के बदले बेचे हैं? भारत को बेचने का कोई भी मौका आपने नहीं छोड़ा होगा. आज देश हीं नहीं पूरी दुनिया आपके भ्रष्टाचार के ऊपर सवाल पूछ रही है. प्रियंका गांधी को देश को जवाब देना चाहिए कि और ऐसे कितने भ्रष्टाचार के मॉडल कांग्रेस के पास हैं?

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस से जुड़े अन्य घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में भी गांधी परिवार को शर्मिंदा होना पड़ेगा. पर वो इसके लिए भी माफी नहीं मांगेंगे.वो मुकर जाएंगे ये कहकर कि हमारा नाम इस रिपोर्ट में नहीं है, तो सच क्या है, प्रियंका गांधी को आकर देश के सामने इन सवालों के जवाब देने चाहिए. नेशनल हैराल्ड हो या वाड्रा जमीन घोटाला, एक दिन उनके सारे घोटाले उजागर होंगे और भारतीय अदालतें उनकी करतूतों का खुलासा कर सजा भी सुनाएंगी. 

Advertisement
Featured Video Of The Day
Bengal Elections First Phase Voting | TMC की सत्ता जारी या BJP की बारी? | Mamata Banerjee
Topics mentioned in this article