- तृणमूल कांग्रेस ने बीजेपी द्वारा डायमंड हार्बर को 'बंगाल का ल्यारी' कहे जाने को बंगाल का अपमान बताया
- टीएमसी ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल के साथ भेदभाव और घृणा का व्यवहार कर रही है जो राज्य कभी स्वीकार नहीं करेगा
- बीजेपी कार्यकर्ता ने डायमंड हार्बर को ल्यारी बताकर सुंदरबन और बांग्लादेश सीमा से घुसपैठ का संदर्भ दिया था
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी के लोकसभा क्षेत्र डायमंड हार्बर को बीजेपी द्वारा 'बंगाल का ल्यारी' कहने पर टीएमसी ने पलटवार किया है. तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाल के साथ अपमानजनक व्यवहार कर रही है. यह बंगाल के प्रति गहरी नफरत और सांस्कृतिक आक्रमण है. बंगाल इस अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगा.
टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर कहा, "बीजेपी की बंगाल और यहां के लोगों के प्रति द्वेष का भाव अब सारी हदें पार कर चुकी हैं. पहले तो उन्होंने हमें हमारी मातृभाषा बंगाली बोलने पर 'बांग्लादेशी' कहा, फिर मछली खाने पर हमें 'रोहिंग्या' का ताना मारा और अब बीजेपी ने, और नीचे गिरते हुए खुलेआम बंगाल की तुलना पाकिस्तान से कर दी है. उन्होंने डायमंड हार्बर को 'बंगाल का ल्यारी' बता दिया, जो एक बेहद अपमानजनक और शर्मनाक तुलना है."
पार्टी ने कहा, "जिस राज्य ने भारत की आजादी के लिए सबसे अधिक बलिदान दिया, उसके साथ दिल्ली के जमींदार घोर तिरस्कार, घृणा और नफरत का व्यवहार कर रहे हैं. यह बंगाल के प्रति गहरी नफरत और सांस्कृतिक आक्रमण है. बंगाल इस अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगा."
शुक्रवार को एक रिपोर्ट में भाजपा कार्यकर्ता के हवाले से कहा गया कि डायमंड हार्बर "बंगाल का ल्यारी" है, और सुंदरबन तथा बांग्लादेश सीमा से इसकी नजदीकी का हवाला देते हुए दावा किया गया कि वहां बड़े पैमाने पर घुसपैठ होती है.
गौरतलब है कि पाकिस्तान के कराची में स्थित ल्यारी, ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' में दिखाए जाने के बाद से आम भारतीयों के मन में अपराध गिरोहों, गैंगवार और जासूसी के गढ़ के रूप में बस गया है.
डायमंड हार्बर क्षेत्र की फाल्टा विधानसभा सीट इस सप्ताह की शुरुआत में तब सुर्खियों में आई जब आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा ने तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान को खुले तौर पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी. इस पर जहांगीर खान ने कहा था कि, "अगर वो सिंघम है, तो मैं पुष्पा हूं."
इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, यहां 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ है. अधिकांश एग्जिट पोल भाजपा को बढ़त दे रहे हैं और भविष्यवाणी कर रहे हैं कि भाजपा तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर देगी और राज्य में पहली बार सरकार बनाएगी. मतगणना सोमवार को होगी.
इसे भी पढ़ें: बंगाल में डायमंड हार्बर और मगराहाट के 15 बूथों पर शनिवार को फिर से कराया जाएगा मतदान: EC
इसे भी पढ़ें: कोलकाता में 'स्ट्रॉन्ग रूम' वाले इलाकों में जमावड़ा पर बैन, TMC-BJP कार्यकर्ताओं की झड़प के बाद EC का बड़ा फैसला













