Explainer: बिहार पहुंचा कोरोना, देशभर में साढ़े तीन सौ मामलेः आखिर कोविड अचानक फिर कहां से आ गया?

कोरोना फिर सुर्खियों में है. देश भर में एक बार फिर कोविड-19 पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ रही है. क्या फिर लौट रहा है कोरोना?

विज्ञापन
Read Time: 10 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • बिहार, बंगाल समेत देशभर में कोरोना वायरस के करीब साढ़े तीन सौ पॉजिटिव मामले सामने आए हैं.
  • सबसे ताजा मामले बिहार और कोलकाता से आए हैं. वहीं आंध्र प्रदेश में इससे चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है.
  • अधिकांश मरीजों को फेफड़े से जुड़े लक्षण- जैसे बुखार, गले में खराश, खांसी और बदन दर्द देखने को मिल रहे हैं.

कोलकाता में चार लोग कोविड-19 से संक्रमित होकर अस्पतालों में भर्ती किए गए, तो बिहार के भागलपुर में एक पिता और उनकी बेटी को अस्पताल में आईसीयू में भर्ती होने की नौबत आ गई. पूरी दुनिया को हिलाकर रख देने वाला कोरोना वायरस एक बार फिर चर्चा में है. पिछले कुछ दिनों के दौरान पूरे देश में करीब साढ़े तीन सौ कोविड पॉजिटिव मामले सामने आए हैं. सबसे अधिक 115 मामले केरल से तो कर्नाटक से 64, महाराष्ट्र से 43, तमिलनाडु से 39, अंडमान निकोबार द्वीप समूह से 18, राजधानी दिल्ली से 18, राजस्थान से 12 और कई अन्य राज्यों से भी कुछ कोविड पोजिटिव मामले सामने आए हैं. चार लोगों की मौत भी हो चुकी है. क्या यह नई कोविड लहर की शुरुआत है? अचानक कोविड के मामले क्यों बढ़ने लगे हैं?

सबसे पहले जानते हैं कि कोरोना का देशभर में क्या हाल है?

रविवार को कोरोना वायरस के दो मामले बिहार के भागलपुर से रिपोर्ट किए गए. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक दोनों पिता और बेटी हैं. पिता की तबीयत पहले से खराब थी और वो निजी अस्पताल में भर्ती थे लेकिन स्वास्थ्य अधिक बिगड़ने से उन्हें जिले के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज हास्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां कोविड-19 के होने की पुष्टि हुई. उनके साथ मौजूद उनकी बेटी का भी टेस्ट किया गया और वो भी कोरोना पॉजिटिव पाई गईं. दोनों मरीजों को इंटेंसिव मेडिकल केयर में रखा गया है. साथ ही कोविड-19 प्रोटोकॉल को भी एक्टिव कर दिया गया है. साथ ही संक्रमित शख्स के घर के आसपास रहने वालों की जांत के निर्देश भी दिए गए हैं.

उधर कोलकाता में भी कोविड के मामले में वृद्धि देखने को मिली है. कोरोना वायरस से संक्रमित तीन लोगों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं एक 10 वर्षीय बच्चे को भी कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया है और उसका इलाज किया जा रहा है.

Advertisement

डॉ. सुभजीत सेन

एक्सपर्ट ने क्या बताया?

NDTV से बात करते हुए कोलकाता फोर्टिस हॉस्पिटल के पल्मोनोलॉजिस्ट कंसल्टेंट और क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉ. सुभजीत सेन ने कहा, "कोविड-19 का मौजूदा पैटर्न ओमिक्रॉन लहर जैसा ही है, जिसमें अधिकांश मरीजों को फेफड़े से जुड़े लक्षण- जैसे बुखार, गले में खराश, खांसी और बदन दर्द देखने को मिल रहे हैं. हालांकि बुजुर्गों और पहले से इस बीमारी से जूझ रहे लोगों को गंभीर रूप से बीमार पड़ने का अधिक खतरा बना हुआ है." 

उन्होंने बताया कि तीन मरीजों का इलाज किया जा रहा है जिनमें से एक की तबीयत ठीक हो गई है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. लेकिन दो अन्य लोगों में ऑक्सीजन की कमी की वजह से उन्हें आईसीयू में भेजना पड़ा, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर है.

Advertisement

Photo Credit: ANI

आंध्र प्रदेश में कोविड से चार मौतें

अब तक जिन चार मरीजों की मौत हुई है उनमें से सभी आंध्र प्रदेश से हैं. राज्य से अब तक कुल 12 कोविड पॉजिटिव मामले सामने आए हैं. एक मरीज को पहले से डायबिटीज था और वो किडनी की गंभीर बीमारियों से भी जूझ रहा था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं अन्य मृतकों को सांस लेने में दिक्कत, लगातार खांसी और फेफड़ों में गंभीर संक्रमण समेत कई अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायत थी. 

आंध्र प्रदेश में कोविड के 12 मामले सामने आए हैं और चार मरीजों की मौत हुई है. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है. एक मरीज पहले से डायबिटीज और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था. इलाज के दौरान उसकी मौत हुई और बाद में आरटी-पीसीआर जांच में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई. दूसरे अन्य मरीजों को सांस लेने में दिक्कत, लगातार खांसी और फेफड़ों में गंभीर संक्रमण समेत कई अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायत थी. इनके सीटी स्कैन में फेफड़ों को भारी नुकसान मिला और इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई. मृतकों में कडप्पा से तीन और एक काकीनाड़ा जिले से हैं.

बाकी संक्रमित मरीजों की निगरानी की जा रही है. कई लोग होम आइसोलेशन में हैं. इस समय तीन मरीज होम आइसोलेशन में हैं तो दो अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं. तीन मरीज कोरोना से उबर चुके हैं और अस्पताल से उन्हें छुट्टी मिल चुकी है.

क्या यह कोरोना की नई लहर है?

पूरे देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों में आई इस बढ़ोतरी की खबरों ने कुछ साल पहले देश में आई खतरनाक लहरों की यादें ताजा कर दी हैं. 

Advertisement

डॉक्टरों का कहना है कि आज की स्थिति महामारी के चरम के दौरान भारत द्वारा सामना की गई स्थिति से बहुत अलग है. फिलहाल, संक्रमण में बढ़ोतरी पूरे देश के बजाय कुछ खास इलाकों तक ही सीमित है. आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है, जिसमें कुछ मौतें भी शामिल हैं, जिसके कारण राज्य को निगरानी, ​​टेस्टिंग और अस्पताल की तैयारियों को मजबूत करना पड़ा है. कुछ अन्य शहरों और राज्यों में भी इसी तरह की बढ़ोतरी देखी गई है. हालांकि, अस्पतालों में मरीजों की भारी भीड़, ऑक्सीजन की कमी या स्वास्थ्य सेवा पर भारी बोझ जैसी स्थिति नहीं देखी जा रही है, जो पिछली कोविड-19 लहरों के दौरान देखी गई थी.

आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ये छिटपुट  मामले हैं. इन्हें बड़े प्रकोप या नई लहर नहीं माना जा सकता. स्वास्थ्य सचिव के मुताबिक पिछले कई दिनों में कोई नया मामला सामने नहीं आया है. इसलिए फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है. फिर भी सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है.

Advertisement

आखिर फिर कहां से आ गया कोविड?

एक्सपर्ट बता रहे हैं कि कोविड-19 के साथ-साथ इन्फ्लूएंजा, एडेनोवायरस और राइनोवायरस के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है. इसकी वजह से खांसी, बुखार, गले में खराश और बदन दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल आने वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है.

एक्सपर्ट का कहना है कि कोरोना वायरस देश से पूरी तरह गायब नहीं हुआ था. उनका कहना है कि अब यह वायरस फ्लू की तरह हमारे समाज का हिस्सा बन चुका है, जो पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. बल्कि कभी-कभी छिटपुट रूप से सामने आता है.

अभी की कोविड-19 स्थिति अलग क्यों है?

जानकारों का मानना ​​है कि बीमारी के कम गंभीर होने की वजह वैक्सीनेशन और पहले हुए इन्फेक्शन से बनी व्यापक इम्यूनिटी है, जिसने ज्यादातर स्वस्थ लोगों में गंभीर बीमारी के जोखिम को काफी कम कर दिया है. हालांकि कोविड-19 अभी भी इन्फ्लूएंजा और आरएसवी जैसे दूसरे रेस्पिरेटरी वायरस के साथ फैल रहा है, लेकिन अब अधिकांश लोगों के लिए इसे संभालना काफी हद तक आसान हो गया है.

गुरुग्राम के फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीट्यूट में इंटरनल मेडिसिन के सीनियर डायरेक्टर और यूनिट हेड डॉ. अमिताभ पार्टी के अनुसार, अब घबराने के बजाय लक्षणों की जल्द पहचान करने और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने पर ध्यान दिया जाना चाहिए.

ऐसे लक्षण जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए

डॉ. पार्टी सलाह देते हैं, "अगर किसी को बुखार, गले में खराश, खांसी, शरीर में दर्द, थकान या स्वाद और गंध का पता न चलने जैसे लक्षण महसूस हों, तो उन्हें टेस्ट करवाना चाहिए और दूसरों के करीबी संपर्क से बचना चाहिए. अगर कोविड-19 की पुष्टि होती है, तो मरीजों को घर पर आइसोलेट रहना चाहिए, शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए, पौष्टिक आहार लेना चाहिए और अपने लक्षणों पर नजर रखनी चाहिए. ज्यादातर लोग पर्याप्त आराम और सही देखभाल से कुछ ही दिनों में ठीक हो जाते हैं, लेकिन जिन्हें सांस लेने में कठिनाई, लगातार तेज बुखार, सीने में दर्द, उलझन या ऑक्सीजन का स्तर कम होने जैसी समस्या हो, उन्हें तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए."

किन्हें ज्यादा खतरा है?

तेजी से बढ़ते कोविड-19 के मामलों के बीच डॉक्टरों को कहना है कि बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और उन लोगों को जो डायबिटीज; दिल, फेफड़े या किडनी  की बीमारी, कैंसर, या जिनके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है उन्हें अधिक सावधानी बरतनी चाहिए. ऐसे लोगों को लक्षण दिखने पर बीमारी के बिगड़ने का इंतजार करने के बजाय जल्द ही डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.

फाइल फोटो

इंफेक्शन का खतरा कम करने के लिए सावधानियां

डॉ. पार्टी इंफेक्शन का खतरा कम करने के लिए कुछ आसान बचाव के उपाय अपनाने की सलाह देते हैं. वे कहते हैं, "नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोएं या अल्कोहल-बेस्ड हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें, खासकर सार्वजनिक जगहों पर जाने के बाद. भीड़-भाड़ वाली बंद जगहों या हेल्थकेयर सुविधाओं में अच्छी तरह फिट होने वाला मास्क पहनें, खासकर अगर आपको खतरा अधिक है. घरों और काम की जगहों पर खिड़कियां खुली रखकर अच्छी हवा-रोशनी का इंतजाम करें. हेल्थ अथॉरिटी की सलाह के अनुसार कोविड-19 वैक्सीन और बूस्टर डोज लेते रहें. खासकर वो जिनकी इम्यूनिटी कमजोर है."

बार-बार यात्रा करने वालों को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए

स्वास्थ्य विशेषज्ञ उन लोगों के लिए भी खास सलाह देते हैं जो अक्सर यात्रा करते हैं. डॉ. पार्टी बताते हैं, "यात्रा के बाद अगर किसी में फ्लू जैसे लक्षण दिखें, तो बीमारी की पुष्टि के लिए कोविड-19 RT-PCR टेस्ट करवाना चाहिए. मौजूदा सलाह के अनुसार, आइसोलेशन आम तौर पर पांच से सात दिनों तक ही होता है, जो लक्षणों के ठीक होने और क्लिनिकल रिकवरी पर निर्भर करता है."

कोविड वैक्सीन

घबराएं नहीं, तैयारी रखें

एक्सपर्ट बिना जरूरत के घबराहट में टेस्ट करवाने के खिलाफ भी सलाह देते हैं. बिना क्लिनिकल वजह के बार-बार टेस्ट करवाने के बजाय लक्षणों पर नजर रखना और समय पर डॉक्टर से सलाह लेना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है. हल्के इंफेक्शन से ठीक होने के लिए घर पर आइसोलेशन, शरीर में पानी की सही मात्रा बनाए रखना, पौष्टिक खाना और भरपूर आराम करना सबसे जरूरी है. एक्सपर्ट का मुख्य संदेश है कि घबराएं नहीं. 

कोविड-19 अब वैसी पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी नहीं रही जैसी पहले थी, लेकिन यह पूरी तरह खत्म भी नहीं हुई है. जिम्मेदार व्यवहार, लक्षण दिखने पर जल्द टेस्ट करवाना, समय पर डॉक्टर से सलाह लेना और आइसोलेशन के नियमों का पालन करना ही बीमारी को फैलने से रोकने और आसानी से ठीक होने के सबसे अच्छे तरीके हैं. 

सतर्क रहना, खासकर यात्रा और मौसम बदलने पर होने वाले उछाल के दौरान, लोगों और परिवार के कमज़ोर सदस्यों की सुरक्षा में मदद कर सकता है.

फिर चिंता किस बात की है?

डॉक्टरों की चिंता यह है कि कुछ मरीजों में सांस की तकलीफ तेजी से बढ़ी. इसलिए आशंका जताई गई कि कहीं कोई अधिक संक्रामक ओमिक्रॉन सब-वैरिएंट तो जिम्मेदार नहीं है. हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

संक्रमित मरीजों के सैंपल पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजे गए हैं, जहां जीनोम सीक्वेंसिंग से पता लगाया जाएगा कि वायरस का कौन सा वैरिएंट मौजूद है.

राज्य सरकारों का कहना है कि विशेषज्ञों की शुरुआती समीक्षा में किसी नए खतरनाक वैरिएंट के संकेत नहीं मिले हैं.

सरकार ने क्या कदम उठाए?

जहां संक्रमण पाए गए वहां रैपिड रिस्पॉन्स टीमें भेजी गई हैं. संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर जांच की जा रही है. अस्पतालों में आइसोलेशन बेड तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं 
भीड़भाड़ वाली जगहों और अस्पतालों में मास्क पहनने की सलाह दी गई है. इसके अलावा बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी होने पर तुरंत जांच और जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन की व्यवस्था की जा रही है. सफाई और सैनिटाइजेशन अभियान भी तेज कर दिया गया है.

क्या ओमिक्रॉन अब भी खतरनाक है?

ओमिक्रॉन तेजी से फैलने वाला वैरिएंट माना जाता है, लेकिन पहले की तुलना में अब ज्यादातर लोगों में इसके कारण गंभीर बीमारी का खतरा कम है. इसकी सबसे बड़ी वजह लोगों में बनी इम्युनिटी है, जो वैक्सीन और पिछले संक्रमण से विकसित हुई.

फिर भी अगर बुखार, खांसी, गले में दर्द या सांस लेने में परेशानी हो तो जांच कराएं. भीड़भाड़ वाली जगहों और अस्पतालों में मास्क पहनें. हाथों की सफाई का ध्यान रखें. बुजुर्ग और गंभीर बीमारी वाले लोग भीड़ से बचें. बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें.

आंध्र प्रदेश में कोविड से हुई मौतें स्वास्थ्य विभाग के लिए चेतावनी जरूर हैं, लेकिन फिलहाल इन्हें कोविड-19 की नई लहर नहीं माना जा रहा. 

Featured Video Of The Day
सफदरजंग हॉस्पिटल से मेदांता हॉस्पिटल शिफ्ट हुए सोनम वांगचुक

Topics mentioned in this article
Covid Deaths In India
COVID-19 Bihar
COVID-19 Kolkata
COVID-19 Andhra Pradesh
Covid 19 India