- DRDO और भारतीय नौसेना ने नेवल एंटी-शिप मिसाइल-शॉर्ट रेंज का सफल सल्वो लॉन्च परीक्षण बंगाल की खाड़ी में किया.
- मिसाइल ने अत्यंत सटीकता से वॉटरलाइन हिट क्षमता के साथ दुश्मन जहाज को अधिकतम नुकसान पहुंचाया.
- परीक्षण चांदीपुर टेस्ट रेंज के आधुनिक रडार, इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और टेलीमेट्री सिस्टम से ट्रैक किया गया.
डीआरडीओ और भारतीय नौसेना ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नई मिसाइल का सफल परीक्षण किया है. इस मिसाइल का नाम नेवल एंटी-शिप मिसाइल–शॉर्ट रेंज (NASM-SR) है, जिसका पहली बार सल्वो लॉन्च किया गया. सल्वो लॉन्च के तहत एक ही हेलीकॉप्टर से बहुत कम समय के अंतराल में दो मिसाइलें दागी गईं. यह परीक्षण बंगाल की खाड़ी में ओडिशा के तट के पास किया गया, जहां सभी निर्धारित परीक्षण लक्ष्य पूरी तरह सफल रहे.
मिसाइल ने अत्यंत सटीकता के साथ अपने लक्ष्य को भेदा और पानी की सतह के बेहद करीब वार किया, जिसे वॉटरलाइन हिट क्षमता कहा जाता है. इससे दुश्मन के जहाज को अधिकतम नुकसान पहुंचाया जा सकता है. इस परीक्षण को चांदीपुर स्थित टेस्ट रेंज पर लगे अत्याधुनिक रडार, इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और टेलीमेट्री सिस्टम की मदद से ट्रैक किया गया. यह मिसाइल आधुनिक तकनीक से लैस है, जिसमें सॉलिड बूस्टर, लंबी दूरी तक काम करने वाला इंजन, एडवांस गाइडेंस सिस्टम, फाइबर-ऑप्टिक जायरॉस्कोप आधारित नेविगेशन, रेडियो एल्टीमीटर और स्मार्ट कंट्रोल सिस्टम शामिल हैं. इसमें हाई-स्पीड दोतरफा डेटा लिंक भी मौजूद है.
मिसाइल पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से विकसित की गई है और इसके निर्माण में कई डीआरडीओ लैब, भारतीय उद्योग और स्टार्टअप्स शामिल रहे. इस सफलता पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और डीआरडीओ प्रमुख समीर वी. कामत ने वैज्ञानिकों और नौसेना की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भारत की रक्षा क्षमता को और मजबूत करती है.
ये भी पढे़ं : बेहतर होगा वे जल्द ही समझदारी दिखाएं... ईरान को ट्रंप की चेतावनी, अमेरिकी राष्ट्रपति का फोटो भी हो रहा वायरल













