Rain Alert: प्रचंड उबाल के बीच मौसम मारेगा पलटी, गर्मी के तेवर ढीले करने आ रही बारिश, दिल्ली-UP ही नहीं इन राज्यों में भी येलो अलर्ट

Weather Today Temperature News: 27 अप्रैल से दिल्ली,बिहार और पहाड़ी इलाकों जैसे उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश का अलर्ट भी है जिसके बाद मई के पहले हफ्ते में अधिकतम तापमान में थोड़ी ही सही पर कमी आने के आसार हैं. आइए आपको आज के साथ आगे के मौसम का हाल भी दिए देते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
WEATHER NEWS IMD RAIN ALERT
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का दौर जारी है, जिसमें अकोला में तापमान लगभग 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया
  • दिल्ली-एनसीआर में लू का येलो अलर्ट जारी है, साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के भी आसार बने हुए हैं
  • राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

Weather Today Mausam Update IMD: घर से निकलो तो चुभती धूप और गर्म हवाएं शरीर झुलसा रही हैं तो घर के अंदर एसी कूलर भी राहत नहीं पहुंचा पा रहे. दिल्ली-यूपी, राजस्थान सहित देश के कई राज्य इस समय उबल रहे हैं. महाराष्ट्र के अकोला में तापमान 47 डिग्री के पास पहुंच गया तो वहीं यूपी का बांदा 48 डिग्री छू रहा है. अप्रैल का पहला हफ्ता जितना राहत भरा रहा,दूसरा, तीसरा और चौथा हफ्ता बिताए नहीं बीत रहा है. हालांकि इस बीच 27 अप्रैल से दिल्ली,बिहार और पहाड़ी इलाकों जैसे उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश का अलर्ट भी है जिसके बाद मई के पहले हफ्ते में अधिकतम तापमान  में थोड़ी ही सही पर कमी आने के आसार हैं. आइए आपको आज के साथ आगे के मौसम का हाल भी दिए देते हैं. 

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी ले रही अग्निपरीक्षा 

राजधानी दिल्ली में आज लू का येलो अलर्ट है, हालांकि दोपहार बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 45 डिग्री के बीच रहेगा तो न्यूनतम तापमान 28 डिग्री को पार कर जाएगा. 28 से  30 अप्रैल के बीच हल्की बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा. 1 मई को पारा गिरेगा और यह 41 डिग्री पर रह सकता है हालांकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री पर रहेगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भीषण गर्मी से निपटने के लिए विशेष उपायों की घोषणा की है, जिनमें बस स्टॉप पर छतों को ठंडा रखने के इंतजाम और पानी की ठंडी फुहार वाली मशीनें लगाना, स्कूली बच्चों को जीवन रक्षक घोल (ओआरएस) देना और निर्माण श्रमिकों को राहत पहुंचाना समेत पशु-पक्षियों की देखभाल के लिए व्यवस्थाएं शामिल हैं. उन्होंने बिजली कंपनियों को अस्पतालों, पानी साफ करने के केंद्र और मोबाइल टावर को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

पंजाब-हरियाणा की बात करें तो यहां भी 27 अप्रैल के बाद मौसम पलटी मारेगा और 30 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. मई के बाद से मौसम साफ हो जाएगा. हरियाणा में नारनौल (44.2 डिग्री) और पंजाब में बठिंडा (43.7 डिग्री सेल्सियस) अपने-अपने राज्य के सबसे गर्म स्थान रहे. 

यूपी-राजस्थान में क्या हाल?

राजस्थान के कई हिस्से लू की चपेट में रहे, जहां अधिकांश इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया. बाड़मेर और जैसलमेर 46 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहे, जबकि कोटा और चित्तौड़गढ़ में पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस रहा. राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का येलो अलर्ट है. उत्तर प्रदेश में रविवार को कई स्थानों पर लू की स्थिति बनी रही, जिसमें बांदा 46.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा. हालांकि मौसम की पलटी यहां भी देखने को मिलेगी क्योंकि मौसम विभाग ने 1 मई तक पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. भीषण गर्मी का असर अयोध्या में भी देखा गया, जहां राम मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या रोजाना एक लाख से घटकर 40,000 से नीचे आ गई है. 

Advertisement

पहाड़ी इलाकों में भी राहत नहीं 

उत्तराखंड में तेज गर्मी का दौर जारी हैं जहां राजधानी देहरादून में 39.2 डिग्री सेल्यियस तापमान के साथ रविवार को इस साल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया. मौसम केंद्र देहरादून ने यहां बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किए गए. देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. यह तापमान देहरादून का इस साल का सबसे गर्म दिन रहा. रूड़की में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से साढ़े तीन डिग्री अधिक है जबकि पंतनगर में पारा सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा यानी 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम केंद्र के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल चिलचिलाती गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और अगले एक—दो दिनों के दौरान तापमान में कोई विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा.खासतौर से मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी अधिक ही रहेगा.

हिमाचल प्रदेश के ऊना और धर्मशाला में भी भीषण लू चली. मौसम विभाग की ओर से कुल्लू, कांगड़ा और मंडी के लिए सोमवार को लू का ‘येलो अलर्ट' जारी किया गया है. जम्मू के मैदानी इलाकों में लू का असर बना रहा और तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू में अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग के अधिकारी के अनुसार, जम्मू, कठुआ, सांबा, रियासी और उधमपुर जिलों में अगले दो दिनों तक मौसम गर्म और शुष्क रहने की संभावना है.साथ ही 27 अप्रैल को कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी रह सकती है.

Advertisement

दक्षिण भारत में भी गर्मी का कहर 

भीषण गर्मी का कहर दक्षिण भारत के राज्यों में भी देखने को मिला. दक्षिण भारत में, तमिलनाडु के 10 से अधिक जिलों में तापमान 38 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है. केरल के कई जिलों में भी भीषण गर्मी और उमस को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, पलक्कड़ में पारा 40 डिग्री और कोल्लम में 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है.

यह भी पढ़ें-   देश में गजब मौसम का हाल, मैदानों में गर्मी और पहाड़ों में ओले; कुल्लू में मुरझाई सेब की फसल

सामान्य से अधिक तापमान कहां-कहां?


सामान्य से बहुत अधिक तापमान (5.1 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा)

➔हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में. पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और सौराष्ट्र‑कच्छ के छिटपुट इलाकों में

सामान्य से काफी अधिक तापमान (3.1 से 5.0 डिग्री सेल्सियस)

➔झारखंड, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू‑कश्मीर‑लद्दाख‑गिलगित‑बाल्टिस्तान‑मुज़फ्फराबाद, पश्चिमी राजस्थान और गुजरात क्षेत्र के कई इलाकों में,हरियाणा‑चंडीगढ़‑दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में, विदर्भ के कुछ इलाकों में, ओडिशा, बिहार, कोंकण‑गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुदुचेरी‑कराईकल और केरल‑माहे के कुछ स्थानों पर

Advertisement

सामान्य से अधिक तापमान (1.6 से 3.0 डिग्री सेल्सियस)

➔दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कई इलाकों में, अरुणाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में, अंडमान‑निकोबार द्वीप समूह, गंगा क्षेत्र पश्चिम बंगाल, तटीय आंध्र प्रदेश‑यानम और उत्तर आंतरिक कर्नाटक के छिटपुट इलाकों में

लगभग सामान्य तापमान (−1.5 से 1.5 डिग्री सेल्सियस)

➔नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा के कुछ स्थानों पर, असम‑मेघालय और उप‑हिमालयी पश्चिम बंगाल‑सिक्किम के कुछ इलाकों में

सबसे अधिक तापमान

➔आज अकोला (महाराष्ट्र) में 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे देश में सबसे अधिक रहा

यह भी पढ़ें-  दिल्ली, UP, बिहार, महाराष्ट्र, MP वाले सावधान... अगले 3 दिन तक गर्मी की थर्ड डिग्री, जानिए कहां होगी बारिश

Advertisement

कहां कितना तापमान, देखिए लिस्ट 

temperature today

Topics mentioned in this article