- दिल्ली-एनसीआर में दोपहर के बाद से बादल छाए और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया है, बारिश के आसार हैं
- मौसम विभाग के अनुसार 19 से 21 मार्च तक आंशिक बादल और बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है
- हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में आगामी दिनों में बर्फबारी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है
राजधानी दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है. आज दोपहर के बाद से कई इलाकों में बादल छाये हुए हैं. कुछ इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश भी हुई है. दोपहर में बादलों के छाने के बाद मौसम ऐसा हो गया था मानो शाम हो गई हो. मौसम विभाग ने पहले ही तीन दिनों के लिए दिल्ली-एनसीआर में बारिश के आसार जताए थे. दो-तीन पहले भी दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई थी. पहाड़ों पर भी बर्फबारी हो रही है. कुछ दिन पहले तक दिल्ली समेत उत्तर भारत में जहां तेज धूप ने लोगों को भीषण गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया था, वहीं अब कहानी बदल गई है. आखिर मौसम में अचानक आए इस बदलाव की वजह क्या है? आइए बताते हैं.
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में घने बादल की वजह से अंधेरा छा गया है. तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है. खराब मौसम की वजह से कुछ जगहों पर ट्रैफिक जाम की भी खबरें सामने आ रही हैं.
अगले दो तीन दिन बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 19 और 20 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है. इन दोनों दिनों अधिकतम तापमान 29 और 28 डिग्री सेल्सियस वहीं न्यूनतम तापमान 16 और 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 21 मार्च को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है. इसके बाद 22 और 23 मार्च को फिर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मुख्य रूप से साफ आसमान के आसार हैं.
मौसम विभाग ने अगले सप्ताह अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़ी बढ़ोतरी की संभावना से भी इनकार किया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. एक्यूआई में जबरदस्त सुधार, फिर और गिरावट के आसार बारिश की संभावना के बीच एनसीआर के विभिन्न शहरों में एक्यूआई में भी सुधार दर्ज किया गया है.
आखिर कैसे बदल गया मौसम का मिजाज?
दिल्ली-एनसीआर में मौसम में यह अचानक बदलाव एक एक्टिव वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से आया है. भूमध्य सागर से उठी नमी वाली इन हवाओं ने जब मैदानी इलाकों की शुरुआती गर्मी से संपर्क किया, तो वायुमंडल में अस्थिरता पैदा हुई, जिससे घने बादल छा गए और धूल भरी आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई. मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम अगले 2-3 दिनों तक सक्रिय रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
हिमाचल में बर्फबारी का येलो अलर्ट
हिमाचल प्रदेश मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 18,19 और 20 मार्च को प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है. वहीं, 18 और 21 मार्च को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है. इसके अलावा 20 मार्च को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार जताए गए हैं. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
उत्तराखंड में भी बर्फबारी
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज बदल चुका है. चमोली जिले के ऊपरी क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई है, जबकि निचले इलाकों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया गया था.बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है.
राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी-बारिश और ओले का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ राजस्थान में भी आंधी बारिश और ओले की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दक्षिण पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्र के ऊपर परिसंचरण तंत्र बनने की पूरी संभावना है. इसके असर से 18-20 मार्च को कुछ स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश होने तथा कहीं-कहीं ओले पड़ने का अनुमान है.19-20 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने और जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बादल गरजने के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और बारिश होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: ओले बरसे, आंधी चली! हैदराबाद का मौसम हुआ ड्रामेटिक, IMD ने जारी किया 4 दिन का अलर्ट














