5 months ago

Ditwah Cyclone Live Tracking: श्रीलंका में तबाही मचाने वाले चक्रवात ‘दितवा' का असर तमिलनाडु, पुडुचेरी के अलावा नजदीकी राज्य आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में दिख रहा है.  चक्रवात दितवा के करीब आने से पुडुचेरी में तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में उफान है. इसी तरह से तमिलनाडु के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है. इस कारण तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले में बाढ़ आ गई है. हालांकि इस चक्रवात के तट से टकराने की उम्मीद नहीं है.

कई उड़ानें रद्द

तूफान के चलते उड़ानों पर भी असर पड़ा है. चेन्नई एयरपोर्ट से शनिवार को 35 उड़ानें रद्द की गईं, वहीं रविवार के लिए 47 उड़ानों को स्थगित किया गया है. उधर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तूफान को लेकर रेलवे की तैयारियों की समीक्षा की. रेलवे बोर्ड, जोन और डिवीजन स्तर पर वॉर रूम भी एक्टिव कर दिए गए हैं. कई ट्रेनें भी कैंसिल हुई हैं. 

बता दें श्रीलंका में आए दितवाह तूफान ने भयंकर तबाही मचाई है. इस तूफान में जानमाल की काफी क्षति हुई है. स्थानीय मीडिया के अनुसार, दितवाह की वजह से 123 लोगों की मौत हो गई है.

ये भी पढ़ें-‘दितवा' तूफान की दहशत से 82 उड़ानें रद्द, रेलवे वॉर रूम एक्टिव; IMD ने बताया खतरा कितना बड़ा

Cyclone Ditwah Tracker LIVE:

Nov 30, 2025 20:41 (IST)

आंध्र प्रदेश के कई जिलों में और बारिश होने की संभावना

मौसम विभाग ने रविवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित चक्रवात ‘दित्वा’ के कारण आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. पिछले छह घंटों के दौरान यह चक्रवात उत्तर की ओर बढ़ा और उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के पास 11.4 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 80.6 डिग्री पूर्वी देशांतर पर केंद्रित है.


भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि चक्रवाती तूफान दित्वा, जो वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है, से आंध्र प्रदेश के कई जिलों में और बारिश होने की संभावना है. चक्रवात के तमिलनाडु-पुडुचेरी तटरेखा के साथ-साथ आगे बढ़ते रहने और तट से 30 से 70 किलोमीटर दूर रहने तथा आंध्र प्रदेश में बारिश बढ़ने की संभावना है.

Nov 30, 2025 17:30 (IST)

पुडुचेरी में समुद्र किनारे से लोगों को हटाते दिखे लाइफगार्ड

चक्रवात ‘दितवा' के कारण पुडुचेरी में समुद्र में अभी भी उथल-पुथल जारी है और तेज हवाएं चल रही हैं, इसलिए एहतियात के तौर पर लाइफगार्ड ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को समुद्र तट से हटा दिया है.

Nov 30, 2025 16:45 (IST)

चक्रवात दितवाः श्रीलंका में फंसे लोगों को बाहर ला रही वायु सेना

चक्रवात दितवा के कारण श्रीलंका में फंसे लोगों को बचाने का अभियान भारतीय वायु सेना (IAF) चला रही है. भारतीय वायुसेना का Mi-17 लोकल अधिकारियों के साथ मिलकर श्रीलंका में फंसे लोगों को बचाने का काम कर रहा है. श्रीलंका में फंसे लोगों को बाहर लाने की तस्वीर वायु सेना ने जारी की है. जिसमें कई लोग वायुसेना के हेलीकॉप्टर में बैठे नजर आ रहे हैं. 

Nov 30, 2025 16:40 (IST)

चक्रवात ‘दितवा' के कारण तमिलनाडु ने इन जिलों में भारी बारिश

30 नवंबर को चक्रवाती तूफान का असर उत्तर तमिलनाडु, पुडुच्चेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तटों पर दिखाई दे सकता है. इसको देखते हुए मौसम विभाग ने तटीय इलाकों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है. चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रामनाथपुरम, पुदुक्कोट्टई, तंजावुर, तिरुवारूर, नागपट्टिनम और कराईकल में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है.

Advertisement
Nov 30, 2025 16:36 (IST)

चक्रवात ‘दितवा' के कारण तमिलनाडु में आई बाढ़

चक्रवात ‘दितवा’ के कारण तमिलनाडु में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश के कारण नागपट्टिनम जिले में मनांगकोंडन नदी में बाढ़ आ गई है, जिससे करुप्पापुलम गांव जाने वाला रास्ता कट गया है. इस गांव में 100 एकड़ से ज़्यादा धान के खेत पूरी तरह डूब गए हैं, जिससे खेती को बहुत नुकसान हुआ है.

Nov 30, 2025 12:24 (IST)

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई

क्षेत्रीय मौसम विभाग द्वारा रविवार को जारी नवीनतम बुलेटिन के मुताबिक चक्रवात पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से लगभग उत्तर की ओर बढ़ा है. बुलेटिन में कहा गया है, ‘‘अगले 24 घंटों में इसके उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के समानांतर लगभग उत्तर की ओर बढ़ने की बहुत संभावना है. उत्तर की ओर बढ़ते समय चक्रवाती तूफान 30 नवंबर तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर तमिलनाडु-पुडुचेरी तट से कम से कम 50 किलोमीटर और 25 किलोमीटर की दूरी पर केंद्रित रहेगा.’’

चक्रवात के प्रभाव से अगले 24 घंटों में कुड्डालोर, नागापट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम, चेंगलपट्टू, पुदुक्कोट्टई, तंजावुर, तिरुवरूर, अरियालुर, पेरम्बलुर, तिरुचिरापल्ली, चेन्नई, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और रानीपेट जिलों तथा पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और बहुत अधिक भारी बारिश होने की संभावना है.

बुलेटिन में कहा गया है कि समुद्र में स्थिति प्रतिकूल रहने संभावना है और एक दिसंबर की सुबह तक धीरे-धीरे हालात सुधरने की उम्मीद है जिसमें धीरे से सुधार होने की संभावना है. बुलेटिन के अनुसार मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.

Advertisement
Nov 30, 2025 12:23 (IST)

चक्रवात ‘दितवा’ के कारण तमिलनाडु और पुडुचेरी में और बारिश होने की संभावना

चक्रवात ‘दितवा’ के प्रभाव से तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश जारी है. अगले 24 घंटों में इसके राज्य के उत्तरी हिस्सों और पड़ोसी पुडुचेरी के समुद्र तट के समानांतर आगे बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी. राज्य के कावेरी डेल्टा जिलों में भारी बारिश के कारण रामनाथपुरम और नागापट्टिनम जिलों में सबसे अधिक बारिश हुई.

रामेश्वरम और नागापट्टिनम के तटवर्ती शहरों में जनजीवन पर असर पड़ा क्योंकि भारी बारिश से कई निचले इलाके जलमग्न हो गए.

Nov 30, 2025 08:41 (IST)

अगले कुछ घंटों में कमज़ोर पड़ सकता है चक्रवात दितवा

चक्रवात दितवा अगले कुछ घंटों में कमज़ोर पड़ सकता है और तमिलनाडु-पुडुचेरी के तटों के पैरेलल उत्तर की ओर बढ़ सकता है.

Nov 30, 2025 07:58 (IST)

चक्रवात दित्वा के करीब आने से पुडुचेरी में चल रही तेज़ हवाएं

चक्रवात दित्वा के करीब आने से पुडुचेरी में तेज़ हवाएं चल रही हैं और समुद्र में उफान है. IMD ने दित्वा को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है.

Nov 30, 2025 07:36 (IST)

चेन्नई समेत तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई जिलों के लिए अगले 3 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी

Cyclone Ditwah: चेन्नई समेत तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. IMD ने कहा है कि हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली कड़कने की उम्मीद है.

Advertisement
Nov 30, 2025 07:22 (IST)

उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी में रेड अलर्ट

चक्रवात 'दित्वा' के चलते उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी में रेड अलर्ट जारी किया गया है.

Nov 30, 2025 07:18 (IST)

Ditwah Cyclone Live Tracking: कई इलाकों में होगी अत्यधिक भारी बारिश

मौसम विभाग ने पुडुचेरी और कराईकल के अलावा तमिलनाडु के कुड्डालोर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान लगाया है.

Advertisement
Nov 30, 2025 07:07 (IST)

कुड्डालोर में रेड अलर्ट जारी

भारतीय मौसम विभाग ने साइक्लोन दित्वा के कारण कुड्डालोर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

Nov 30, 2025 06:27 (IST)

केरल के मुख्यमंत्री ने जयशंकर को पत्र लिखकर श्रीलंका में फंसे भारतीयों के लिए सहायता की पेशकश की

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखकर चक्रवात ‘दित्वा’ के कारण श्रीलंका स्थित कोलंबो हवाई अड्डे पर फंसे भारतीयों के लिए राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता की पेशकश की.

विजयन ने अपने पत्र में कहा कि चक्रवात के कारण कोलंबो के भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारी व्यवधान उत्पन्न हो गया है. इस वजह से लगभग 300 भारतीय यात्री फंस गए हैं जिनमें कई केरल निवासी हैं.

उन्होंने कहा कि भारतीय यात्री पिछले तीन दिनों से पर्याप्त भोजन, पानी और बुनियादी सुविधाओं के बिना वहां फंसे हुए हैं. विजयन ने जयशंकर को लिखे पत्र में कहा, ‘‘हम फंसे हुए लोगों की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं. केरल सरकार सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है और आपकी तत्काल प्रतिक्रिया और कार्रवाई की प्रतीक्षा कर रही है.

Nov 30, 2025 06:24 (IST)

तमिलनाडु में वडोदरा, गुजरात से भेजी गई टीमें

चक्रवात दित्वा के कारण मौजूदा स्थिति को देखते हुए, FWR और CSSR एसेट्स से लैस 6 BN NDRF की 5 टीमों को तमिलनाडु में तैनाती के लिए वडोदरा, गुजरात से चेन्नई एयरलिफ्ट किया गया है.

Nov 30, 2025 05:36 (IST)

श्रीलंका को भारत की तरफ से मदद

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने जानकारी दी है कि भारत ने हवाई और समुद्र मार्ग के जरिए फिर से 27 टन की मदद भेजी है. वहीं राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात की गई हैं. नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स ने शनिवार को तूफान दितवाह के बाद राहत और बचाव के कामों में मदद के लिए 'ऑपरेशन सागर बंधु' के तहत श्रीलंका में दो खास रेस्क्यू टीमें भेजीं. 80 ट्रेंड रेस्क्यूअर और चार कुत्तों वाली ये टीमें सुबह 4:06 बजे हिंडन एयरबेस से इंडियन एयर फोर्स के आईएल-76 एयरक्राफ्ट से रवाना हुईं. इस टुकड़ी को 8वीं बटालियन के कमांडेंट पी.के. तिवारी लीड कर रहे हैं. इससे पहले भारतीय वायुसेना का एक सी-130जे विमान भी कोलंबो में उतरा. इसमें लगभग 12 टन मानवीय मदद भेजी गई, जिसमें टेंट, तिरपाल, कंबल, हाइजीन किट और खाना शामिल थे.

Nov 30, 2025 02:32 (IST)

भारतीय वायुसेना ने श्रीलंका भेजे दो एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर

श्रीलंका में तूफान दितवाह से भारी तबाही मची है. इसे देखते हुए, भारत की तरफ से ऑपरेशन सागर बंधु के तहत श्रीलंका को लगातार मदद भेजी जा रही है. इस बीच भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के दो एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर शनिवार की शाम को श्रीलंका में चल रहे खोज और बचाव (एसएआर) प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए उतरे.

कोलंबो में भारतीय उच्चायोग के आधिकारिक हैंडल पर बताया गया कि भारतीय वायुसेना के दो एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर श्रीलंका में चल रहे खोज और बचाव (एसएआर) प्रयासों को बढ़ावा देने के लिए उतरे.

वे श्रीलंका में राहत कार्यों में सहायता के लिए आवश्यक मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) आपूर्तियां और कार्मिक लेकर आए. ये हेलीकॉप्टर खोज और बचाव अभियानों में श्रीलंका अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेंगे.

Nov 29, 2025 23:42 (IST)

श्रीलंका में दित्वा से अब तक 132 लोगों की मौत, 176 लापता

दित्वा तूफान की वजह से श्रीलंका में मरने वालों की संख्या बढ़कर 132 हो गई है. 176 लोग अब भी लापता हैं. तूफान की वजह से करीब 78 हजार लोग प्रभावित हुए हैं और उन्हें अस्थायी शेल्टरों में रखा गया है. अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. बहुत से इलाके ऐसे हैं, जहां अभी तक राहत कर्मी पहुंच नहीं पाए हैं. सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया है. भारत भी इसमें सहयोग दे रहा है. 

Nov 29, 2025 22:43 (IST)

श्रीलंका में फंसे भारतीयों को कल निकालेगी वायुसेनाः थरूर

श्रीलंका में दित्वा चक्रवात की वजह से हुई भयानक तबाही में बहुत से भारतीय मूल के लोग भी प्रभावित हुए हैं. कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने दावा किया है कि श्रीलंका में फंसे भारत के यात्रियों को निकालने के लिए भारतीय वायुसेना रविवार सुबह 5 बजे से रेस्क्यू फ्लाइट शुरू करेगी. थरूर ने बताया कि इस बारे में उनकी श्रीलंका में भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा से बात हुई है. रेस्क्यू मिशन में ऐसे लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने श्रीलंका स्थित उच्चायोग के कंट्रोल रूम में रजिस्ट्रेशन कराया है. 

Nov 29, 2025 22:33 (IST)

तमिलनाडु सरकार की लोगों से अपील, जरूरी सामान स्टॉक कर लें

दित्वा तूफान के खतरे को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने लोगों को अलर्ट किया है और जरूरी चीजों को जमा करने की अपील की है. अगले 48 घंटे में दित्वा की दस्तक के मद्देनजर लोगों से कहा गया है कि वह पीने का पानी, दूध, सब्जियां, दवाएं, मोमबत्तियां, बैटरियां और घर की जरूरत की चीजों स्टॉक करके रखें. सरकार ने एहतियाती उपाय के तहत स्कूल-कॉलेजों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं. 

Nov 29, 2025 22:03 (IST)

रेल मंत्री ने लिया चक्रवात दित्वा का अपडेट, वॉर रूम एक्टिव किए गए

चक्रवात दित्वा के मद्देनजर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने सदर्न रेलवे की टीमों के साथ हालात का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए. रेलवे बोर्ड, जोन और डिवीजन स्तर पर वॉर रूम एक्टिव कर दिए गए हैं. बताआ गया कि रेलवे प्रशासन स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और हालात पूरी तरह सामान्य होने तक स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है.

Nov 29, 2025 21:54 (IST)

चेन्नई एयरपोर्ट पर आज 35 तो कल के लिए 47 उड़ानें रद्द

दित्वा चक्रवात की वजह से चेन्नई एयरपोर्ट से 35 उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं. इनमें आने वाली और जाने वाली फ्लाइट्स शामिल हैं. एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने बताया कि रविवार की 47 उड़ानों को रद्द किया गया है. संडे के लिए रद्द की गई इन फ्लाइट्स  में 36 घरेलू उड़ानें और 11 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल हैं. 

Nov 29, 2025 21:10 (IST)

चक्रवात के असर से तमिलनाडु में भारी बारिश, 28 आपदा प्रतिक्रिया दल तैयार

तमिलनाडु तट की ओर बढ़ रहे चक्रवात दित्वा के कारण शनिवार को तटीय क्षेत्रों और कावेरी डेल्टा के जिलों में भारी बारिश हुई. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 28 आपदा प्रतिक्रिया दल तैयार रखे गए हैं. सबसे अधिक प्रभाव रामनाथपुरम और नागपट्टिनम जिलों पर पड़ा है. राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री रामचंद्रन ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि चक्रवात दित्वा चेन्नई के पास तट से टकराएगा या नहीं, लेकिन सरकार युद्धस्तर पर बचाव और राहत कार्य शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है. 

Nov 29, 2025 17:19 (IST)

तमिलनाडु और पुडुचेरी के पास 70-80 की रफ्तार से चल रहीं समुद्री हवाएं

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने NDTV को बताया कि शनिवार आधी रात तक दित्वा तूफान के तमिलनाडु तट से करीब 60 किलोमीटर दूर पहुंचने का अनुमान है. रविवार सुबह तक यह पुडुचेरी के तटीय इलाकों के आसपास केंद्रित रहेगा. रविवार शाम तक चक्रवाती तूफान दित्वा की तीव्रता बरकरार रहने की संभावना है. इसके असर से तमिलनाडु और पुडुचेरी के आसपास समुद्र में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है. आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के पास भी समुद्री हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच चुकी है. रविवार को दिन में तमिलनाडु तट के नजदीक समुद्री हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक बनी रहेगी. तमिलनाडु और पुडुचेरी के करीब समुद्र में 8 मीटर तक ऊंची लहरें उठ रही हैं. 

Nov 29, 2025 14:54 (IST)

चक्रवात ‘दित्वा’ श्रीलंका से आगे बढ़ा, अपने पीछे तबाही के निशान छोड़ गया

चक्रवात ‘दित्वा’ शनिवार को श्रीलंका से निकलकर दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में प्रवेश कर गया है. मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. श्रीलंका से आगे बढ़ चुके चक्रवात ने अपने पीछे तबाही के निशान छोड़े हैं, जिसके कारण देश में 120 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और बुनियादी ढांचा को भी नुकसान पहुंचा है. मौसम विभाग के महानिदेशक अथुला करुणानायके ने पत्रकारों को बताया, ‘‘हमने पाया है कि ‘दित्वा’ श्रीलंका से निकलकर भारतीय तट की ओर बढ़ रहा है.’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण इसका अप्रत्यक्ष प्रभाव कुछ समय तक बना रहेगा.’’ आपदा प्रबंधन केंद्र (डीएमसी) के अनुसार, सुबह नौ बजे तक मरने वालों की आधिकारिक संख्या 123 थी, जबकि 130 लोग अब भी लापता हैं. यह संख्या और भी ज्यादा बढ़ने की आशंका है क्योंकि खराब मौसम की वजह से बुरी तरह प्रभावित इलाकों में संचार बाधित हो गया है, जिससे आपदा के असर के आकलन में दिक्कत आ रही है.

Nov 29, 2025 14:53 (IST)

भारत ने चक्रवात प्रभावित श्रीलंका में एनडीआरएफ के 80 कर्मियों को तैनात किया

श्रीलंका में चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ के कारण आई अप्रत्याशित बाढ़ के बाद भारत ने पड़ोसी देश में राहत और बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन के 80 बचावकर्मियों और विशेष रूप से प्रशिक्षित श्वान दस्तों की टीम भेजी है. एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी.

प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के लोगों को दो टीम में बांटा गया है. उन्होंने बताया कि चार खोजी कुत्तों के साथ दोनों टीम शनिवार तड़के करीब चार बजे दिल्ली के पास हिंडन एयरबेस से भारतीय वायुसेना के आईएल-76 विमान से कोलंबो रवाना हुईं.

उन्होंने कहा कि दोनों टीम श्रीलंका के चक्रवात प्रभावित इलाकों में खोज, बचाव और राहत अभियान में मदद के लिए नौकाएं, जरूरी उपकरण, संचार उपकरण, प्राथमिक उपचार ‘किट’ और अन्य आवश्यक राहत सामग्री लेकर पहुंची हैं.

अपने पड़ोसी देश की मदद के लिए भारत द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत इन एनडीआरएफ कर्मियों को भेजा गया है.

Nov 29, 2025 13:04 (IST)

तमिलनाडु: चक्रवात डिटवा के कारण तटीय और कावेरी नदी से सटे इलाकों में भारी बारिश

तमिलनाडु तट की ओर बढ़ रहे चक्रवात दित्वा के कारण हुई बारिश ने शनिवार को तटीय क्षेत्रों और कावेरी डेल्टा जिलों में भारी तबाही मचाई. रामनाथपुरम जिले में एक नहर के पास एक पर्यटक वैन फंस गई हालांकि वैन में सवार लोग पिछले दरवाजे से बाहर निकलने में कामयाब रहे. तेज हवा और भारी बारिश के कारण जिला प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी. एहतियात के तौर पर पर्यटकों को पंबन द्वीप के दक्षिण-पूर्वी सिरे पर स्थित धनुषकोडी की यात्रा न करने की सलाह दी गई है. यह कस्बा 1964 में रामेश्वरम में आए चक्रवात के दौरान तबाह हो गया था.

तंजावुर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई, तिरुविदैमरुदुर, कुंभकोणम, पापनासम, तिरुवैयारु, पट्टुकोट्टई, कुड्डालोर और चेन्नई के कुछ इलाकों सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई. बारिश के कारण संवेदनशील जिलों के प्रशासन को दिन भर के लिए स्कूल बंद करने का आदेश देना पड़ा. रामनाथपुरम और नागपट्टिनम जिलों में तेज हवा व बारिश की सूचना मिली.

Nov 29, 2025 10:37 (IST)

भारतीय वायु सेना का विमान श्रीलंका के लिए आपातकालीन राहत सामग्री लेकर पहुंचा

श्रीलंका में अप्रत्याशित बाढ़ से विस्थापित लोगों के लिए आपातकालीन राहत सामग्री लेकर गया भारतीय वायु सेना का विमान शुक्रवार देर रात को श्रीलंका पहुंचा. जरूरी खाद्य सामग्री और स्वच्छता से जुड़ी आपूर्ति लेकर गया सी130 विमान देर रात लगभग डेढ़ बजे कोलंबो के भंडारनायके अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचा, जहां भारतीय उच्चायोग के अधिकारियों और श्रीलंका वायु सेना के अधिकारियों ने विमान का स्वागत किया.

मुश्किल की इस घड़ी में श्रीलंका की मदद के लिए भारत ने शुक्रवार को ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू किया और राहत सामग्री की पहली खेप भारतीय नौसेना के विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत और आईएनएस उदयगिरि से श्रीलंका पहुंचाई गई. यह राहत ऐसे समय में प्राप्त हुई है जब श्रीलंका के अधिकारियों ने केलानी और अट्टानागलु नदियों में बढ़ते जलस्तर के कारण शुक्रवार रात से ‘वेस्टर्न प्रोविंस’ में ‘‘अप्रत्याशित आपदा की स्थिति’’ की चेतावनी दी.

चक्रवाती तूफान ‘डिटवा’ से मची तबाही के कारण श्रीलंका अप्रत्याशित आपदा का सामना कर रहा है. इसके कारण बाढ़ आई एवं भूस्खलन हुए और बुनियादी ढांचा को व्यापक नुकसान पहुंचा.

Nov 29, 2025 10:04 (IST)

तमिलनाडु–पुडुचेरी के तटीय क्षेत्रों में 'ऑरेंज अलर्ट' जारी, कई जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद

र्ड की गई है। 30 नवंबर को चक्रवाती तूफान का असर उत्तर तमिलनाडु, पुडुच्चेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तटों पर दिखाई दे सकता है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने तटीय इलाकों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

भारत मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तड़के 2:30 बजे तूफान का केंद्र 9.2 डिग्री उत्तर और 80.8 डिग्री पूर्व पर स्थित था, जो त्रिंकोमाली से 80 किमी उत्तर-पश्चिम और चेन्नई से लगभग 430 किमी दक्षिण में था। चक्रवाती तूफान के उत्तर-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 30 नवंबर को उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश तटों के पास पहुंचने की संभावना है।

चक्रवात के प्रभाव से तमिलनाडु के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रामनाथपुरम, पुदुक्कोट्टई, तंजावुर, तिरुवारूर, नागपट्टिनम और कराईकल में एक-दो स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा थूथुकुडी, शिवगंगई, अरियालुर और मयिलादुथुरै में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं, कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, विरुधुनगर, मदुरै, तिरुचिरापल्ली, पेराम्बलूर और कुड्डालोर जिलों में भी कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है.

मौसम की गंभीरता को देखते हुए तमिलनाडु के कई जिलों में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का फैसला लिया गया है. अरियालुर, तिरुची, तंजावुर और विलुप्पुरम जिलों में स्कूल बंद रखे गए हैं. वहीं कुड्डालोर, तिरुवारूर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुरै, कल्लक्कुरिची, पुदुक्कोट्टई, पेराम्बलूर, पुडुच्चेरी और कराईकल में स्कूलों और कॉलेजों दोनों में छुट्टी घोषित की गई है.

Nov 29, 2025 09:42 (IST)

पुडुचेरी केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शनिवार को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित की

चक्रवात ‘दित्व’ के केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के तट की ओर बढ़ने के बीच, पुडुचेरी केंद्रीय विश्वविद्यालय ने शनिवार को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित करने की घोषणा की है और विश्वविद्यालय में सभी कक्षाओं के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है. विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार की ओर से शुक्रवार रात को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि चक्रवात और भारी बारिश के बारे में तटरक्षक से मिली जानकारी के कारण परीक्षाएं टाल दी गई हैं और कक्षाएं रद्द कर दी गई हैं.

Nov 29, 2025 07:59 (IST)

Cyclone Ditwah Tracker LIVE: मछुआरों को मंगलवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई

Cyclone Ditwah Tracker LIVE:  चक्रवात 'दित्वा' के असर से आज चित्तूर और तिरुपति ज़िलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. प्रकाशम, नेल्लोर, कडप्पा और अन्नामय्या ज़िलों में कुछ जगहों पर हल्की से भारी बारिश हो सकती है. बापटला, पालनाडु, कुरनूल, नंदयाल, अनंतपुर और श्री सत्यसाई ज़िलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. मछुआरों को मंगलवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. आम लोगों और किसानों को अलर्ट रहने की सलाह दी गई है.

Nov 29, 2025 07:56 (IST)

चक्रवात 'दित्वा' के असर से थूथुकुडी में तेज बारिश

श्रीलंका के तटीय इलाकों और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवात 'दित्वा' के असर से थूथुकुडी में तेज बारिश और कई इलाकों में जलभराव देखा गया. चक्रवात के उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 30 नवंबर की सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु तट के पास पहुंचने की उम्मीद है, जिसके प्रभाव से भारी बारिश और तेज़ हवाएं चलेंगी.

Nov 29, 2025 07:48 (IST)

भारत ने श्रीलंका को बाढ़ राहत भेजी

भारत ने चक्रवात डिटवा के कारण बिगड़ते मौसम के बीच श्रीलंका को तत्काल बाढ़ राहत सहायता भेजी है. भारतीय उच्चायोग ने एक बयान में कहा कि नयी दिल्ली ने श्रीलंका को अब तक 4.5 टन सूखा राशन और दो टन ताजा राशन उपलब्ध कराया है, जिसमें मुख्य खाद्य पदार्थ, डेरी और बेकरी उत्पाद, पेय पदार्थ और अन्य पोषण संबंधी आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं. उच्चायोग के मुताबिक अतिरिक्त जीवन रक्षक सामग्री श्रीलंकाई अधिकारियों को सौंप दी गई है.

राहत सामग्री भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस विक्रांत और आईएनएस उदयगिरि से पहुंचाई गई. दोनों युद्धपोतों ने श्रीलंका में लंगर डाला है. श्रीलंका में बाढ़ और भूस्खलन के कारण अब तक कम से कम 56 लोगों की मौत हो गई है और 21 लोग लापता हैं.

Nov 29, 2025 07:40 (IST)

56 की मौत, 21 लापता... श्रीलंका में कहर बरपाने के बाद भारत की तरफ बढ़ रहा चक्रवात 'दित्वा', IMD का अलर्ट

चक्रवात 'दित्वा' लगातार बारिश, भूस्खलन और बढ़ते बाढ़ के पानी के साथ श्रीलंका पर कहर बरपा रहा है. इसके चपेट में आने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 56 पहुंच गई है. वहीं 21 लोग अभी भी लापता हैं. इस तूफान से श्रीलंका के कई जिलों में लगभग 44,000 लोग प्रभावित हुए हैं. वहीं कई इलाके जलमग्न हैं. अब इसका असर भारत पर भी दिखने वाला है. दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी से होते हुए उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और उससे सटे दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों के पास चक्रवात 'दित्वा' के 30 नवंबर की सुबह तक पहुंचने की संभावना है.

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Bharat Ki Baat Batata Hoon | Iran Israel War: ईरानी जहाज पर Donald Trump का कब्जा!