बैंक अधिकारी बनकर लगाया चूना! पीड़ित के नाम पर ही ले लिया 6 लाख का लोन, झारखंड से दबोचा गया शातिर ठग

दिल्ली पुलिस ने आरोपी बिमल के पास से ठगी के इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन, कई संदिग्ध दस्तावेज और ₹9,500 की नकदी बरामद की है. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी काफी समय से इस धंधे में है और उसने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दिल्ली पुलिस साइबर सेल ने बैंक अधिकारी बनकर लोगों से गोपनीय जानकारी चुराने वाले जालसाज को गिरफ्तार किया.
  • आरोपी ने दिल्ली के एक व्यक्ति के खाते से लगभग छह लाख रुपये का इंस्टेंट लोन लेकर उसे कर्जदार बना दिया था.
  • पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने बैंक कर्मचारी बनकर केवाईसी अपडेट न करने पर खाता बंद होने की धमकी दी थी.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस की नॉर्थ-ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की साइबर सेल टीम ने एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जो फोन पर बैंक अधिकारी बनकर लोगों की गोपनीय जानकारी चुराता था. इस ठग ने दिल्ली के एक व्यक्ति के बैंक खाते तक पहुंच बनाकर उनके नाम पर करीब 6 लाख रुपये का इंस्टेंट लोन लेकर उन्हें कर्जदार बना दिया था.

डीसीपी नॉर्थ ईस्ट ने बताया कि  ​यह मामला दिल्ली के ब्रिजपुरी इलाके का है. पीड़ित 53 साल के गोविंद सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को बैंक कर्मचारी बताया. आरोपी ने बहुत ही पेशेवर तरीके से बात करते हुए कहा कि उनका केवाईसी अधूरा है और अगर इसे तुरंत अपडेट नहीं किया गया तो खाता बंद हो जाएगा.

फोन करने वाले व्यक्ति के ​झांसे में आकर पीड़ित ने अपनी बैंकिंग डिटेल्स उसके साथ साझा कर दीं. इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के खाते का इस्तेमाल कर उनके नाम पर ₹5,99,996/- का इंस्टेंट लोन हासिल कर लिया और रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया. जिसके बाद डीसीपी नॉर्थ-ईस्ट आशीष मिश्रा के निर्देशन में इंस्पेक्टर राहुल कुमार और एसआई तलविंदर सिंह की टीम ने इस मामले की तकनीकी जांच शुरू की.  डिजिटल फुटप्रिंट्स और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस को मालूम चला कि ठग झारखंड के धनबाद इलाके से ऑपरेट कर रहा है. पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर 30 साल के आरोपी बिमल रविदास को गिरफ्तार कर लिया.

दिल्ली  ​पुलिस ने आरोपी बिमल के पास से ठगी के इस्तेमाल किए गए तीन मोबाइल फोन, कई संदिग्ध दस्तावेज और ₹9,500 की नकदी बरामद की है. पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी काफी समय से इस धंधे में है और उसने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है. डीसीपी ने बताया कि इस मामले की ​जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि बिमल रविदास एक पेशेवर अपराधी है. वह केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि कई राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था. वह दिल्ली के ईस्ट और वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के साथ-साथ झारखंड के धनबाद, निरसा और पश्चिम बंगाल में दर्ज 5 अन्य बड़े साइबर अपराधों में भी शामिल पाया गया है. फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. 

Advertisement

ये भी पढें:- दिल्ली शराब घोटाले में केजरीवाल को राहत से कांग्रेस की क्यों बढ़ी तकलीफ?

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: PAK की LIVE डिबेट में उड़ गई बिजली, उड़ा मखौल! | Sucherita Kukreti | Iran War news