दिल्ली के जंतर-मंतर और देश के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे प्रदर्शनों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता विजेता दहिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद दहिया की जमकर आलोचना हुई और कई लोगों ने उनके बयान को आंदोलन की भावना के खिलाफ बताया. बढ़ते विवाद के बीच CJP ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटा दिया और उनके सभी आधिकारिक दायित्व वापस ले लिए.
वीडियो में क्या कहा था विजेता दहिया ने?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विजेता दहिया बर्गर खाने को लेकर उठे सवालों का जवाब देते नजर आए. वीडियो में उन्होंने कहा कि 'मैंने बर्गर क्यों खाया? आज का ये बड़ा मुद्दा है तो कोई भी इंसान बर्गर क्यों खाता है, उसे भूख लगी हो या उसका बर्गर खाने का मन हो, दैट्स इट एनीवेज मतलब तुम मुझे इतना जवाबदेह ठहरा रहे हो मतलब ये कोई नौकरी है क्या ये प्रोटेस्टर होना? तुमने मुझे इसके लिए चुना है, वो सरकार को अकाउंटेबल ठहराते हैं.' उन्होंने कहा, 'तो तुम्हारी ये जो नॉनसेंस थिंकिंग है ना मुझे नहीं फंसना इसमें! मुझे कोई पॉलिटिक्स में नहीं आना कि मैं तुम्हारे जैसे बेवकूफों को खुश करूं. ठीक है जो मैं कर रहा हूं, देश के लिए कर रहा हूं, अपनी मर्जी से कर रहा हूं और किसी के लिए अकाउंटेबल नहीं हूं, और मैं खाऊंगा बर्गर'
पार्टी ने जारी किया सख्त बयान
विवाद बढ़ने के बाद CJP ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर बयान जारी किया. पार्टी ने कहा कि वह अपने प्रवक्ता विजेता दहिया के व्यवहार की कड़ी निंदा करती है. पार्टी के अनुसार जिस समय शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी और संगठन के सदस्य पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे उस दौरान सामने आए वीडियो बेहद असंवेदनशील थे.
CJP ने कहा कि ऐसा आचरण स्वीकार्य नहीं है और यह आंदोलन के मूल्यों तथा सिद्धांतों के पूरी तरह विपरीत है. पार्टी ने स्पष्ट किया कि इसी वजह से विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटाया गया है और उन्हें सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड बेरोजगार संघ का सचिवालय कूच, छात्रों की पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की