बीएसएनएल के डायरेक्टर विवेक बंजल के प्रयागराज दौरे पर इतना बवाल हुआ कि उन्हें अपना दौरा ही रद्द करना पड़ा. उनके प्रयागराज दौरे के दौरान वीआईपी व्यवस्था करने का आदेश जारी हुआ था और इसके लिए 50 अफसरों को लगाया गया था. मामला सामने आने के बाद दौरा तो रद्द हो गया और अब इस पर एक्शन भी शुरू हो गया है. बीएसएनएल के डायरेक्टर विवेक बंजल के दौरे के दौरान व्यवस्था करने का आदेश जारी करने वाले अफसर पर गाज गिर गई है. उनका ट्रांसफर कर दिया है.
डायरेक्टर विवेक बंजल के प्रयागराज आने पर अंडरवियर, तेल और कंघी जैसी चीजें जुटाने के लिए 50 अफसरों को काम पर लगाने वाला आदेश प्रयागराज के अधिकारी बृजेंद्र कुमार सिंह ने जारी किया था. अब उनका ट्रांसफर आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में कर दिया गया है.
बीएसएनएल डायरेक्टर पर भी एक्शन
इस मामले में बीएसएनएल के डायरेक्टर विवेक बंजल पर भी एक्शन शुरू हो गया है. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उनके खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं. डायरेक्टर विवेक बंजल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उनसे 7 दिन के अंदर जवाब मांगा गया है. जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस पूरे मामले को प्रोटोकॉल और नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया है. सूत्रों ने बताया कि विवेक बंजल को नोटिस पहले ही दिया जा चुका है. बताया जा रहा है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है.
क्या है पूरा मामला?
विवेक बंजल 25 और 26 फरवरी को प्रयागराज दौरे पर रहने वाले थे. उनके दौरे से पहले एक आदेश जारी किया गया, जिसमें उनके लिए शाही प्रोटोकॉल का पालन करने की बात कही गई थी.
उनके दौरे के लिए 50 अफसरों को काम पर लगाया गया था, जिन्हें उनके लिए अंडरवियर, तेल, कंघी, चिप्स, चॉकलेट, फ्रूट्स, जूस जैसी चीजों की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी करनी थी. हालांकि, इस आदेश की कॉपी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद विवेक बंजल के दौरे को रद्द कर दिया गया. यह ऐसे समय में हुआ जब बीएसएनएल की माली हालत सही नहीं है.














